X का मालिक होने से भारत की सुरक्षा पर वीटो नहीं मिल जाता: स्टारलिंक विवाद में ललित मोदी ने एलन को लगाई लताड़| Starlink India security row

Nandani | Nedrick News New Delhi Published: 12 अक्टूबर 2026, 03:19 AM Updated: 12 अक्टूबर 2026, 03:19 AM
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google

Starlink India security row: भारत में सैटेलाइट इंटरनेट सेवा ‘स्टारलिंक’ (Starlink) की एंट्री को लेकर छिड़ा विवाद अब और गरमा गया है। इस पूरे मामले में अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के संस्थापक ललित मोदी की एंट्री हो गई है। ललित मोदी ने भारत सरकार के कड़े सुरक्षा रुख का खुला समर्थन करते हुए दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क को जमकर खरी-खोटी सुनाई है। मोदी ने दो टूक कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) का मालिक होने से मस्क को भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा और नियमों पर वीटो पावर का अधिकार नहीं मिल जाता। इसके साथ ही उन्होंने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी पर मस्क द्वारा की गई व्यक्तिगत टिप्पणियों पर भी कड़ा एतराज जताया।

एलन मस्क ने हाल ही में आरोप लगाया था कि भारत में स्टारलिंक की शुरुआत को कुछ रसूखदार उद्योगपति रोक रहे हैं। इसके बाद मस्क ने सोशल मीडिया पर मुकेश अंबानी को सीधे निशाने पर लेते हुए उन पर तंज कसा और उन्हें ‘प्रधानमंत्री अंबानी’ तक कह डाला था।

और पढ़ें: देश में अघोषित आपातकाल! दिल्ली में गिरफ्तारियों पर भड़के सोनम वांगचुक, सरकार को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम| Sonam Wangchuk undeclared emergency

‘राष्ट्रीय सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं हो सकता’| Starlink India security row

मस्क की इसी बयानबाजी पर पलटवार करते हुए ललित मोदी ने शनिवार को ‘एक्स’ पर एक लंबा पोस्ट लिखा। उन्होंने सीधे मस्क को संबोधित करते हुए लिखा, “एलन, एक्स की ओनरशिप आपको भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा पर वीटो का अधिकार नहीं देती। मैं भारत सरकार के उस फैसले का पूरा समर्थन करता हूं, जिसमें सैटेलाइट कम्युनिकेशन सर्विस शुरू करने से पहले कड़े सुरक्षा मानकों को पूरा करने पर जोर दिया गया है।”

मोदी ने आगे लिखा कि देश के नागरिकों, उनके डेटा और जरूरी कम्युनिकेशन इंफ्रास्ट्रक्चर की हिफाजत हमेशा पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने साफ किया कि यह सुरक्षा नियम हर ऑपरेटर पर समान रूप से लागू होने चाहिए, चाहे कंपनी भारतीय हो या विदेशी।

‘तंज कसना सबूत नहीं होता’: मुकेश अंबानी के समर्थन में उतरे मोदी

एलन मस्क के ‘प्रधानमंत्री अंबानी’ वाले तंज पर बरसते हुए ललित मोदी ने कहा कि किसी पर भी व्यक्तिगत हमले करना बिल्कुल गलत है। उन्होंने नसीहत देते हुए कहा, “मुकेश अंबानी को निजी तौर पर निशाना बनाना गलत है। उन्हें ‘प्रधानमंत्री अंबानी’ कहना रेगुलेटरी मंजूरी या कनेक्टिविटी जैसे गंभीर मुद्दों की चर्चा में कोई काम नहीं आने वाला। अगर आपके पास किसी गलत व्यवहार का कोई ठोस सबूत है, तो उसे दुनिया के सामने लाइए। सोशल मीडिया पर तंज कसना कभी भी सबूत का विकल्प नहीं बन सकता।”

ललित मोदी ने कहा कि उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी बिजनेस खड़ा करने और पुरानी सोच को चुनौती देने में बिताई है। वे महत्वाकांक्षा, इनोवेशन और निष्पक्ष कॉम्पिटिशन के बड़े समर्थक हैं, लेकिन किसी भी मुल्क में कारोबार करने की पहली शर्त यही है कि वहां के कानूनों और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान किया जाए।

‘इनोवेशन करें, मानक पूरे करें और मौका पाएं’

ललित मोदी ने यह भी माना कि भारत को दुनिया की बेहतरीन टेक्नोलॉजी और सैटेलाइट कनेक्टिविटी की सख्त जरूरत है, खासकर उन दूरदराज के इलाकों में जहां पारंपरिक इंटरनेट नहीं पहुंच पाया है। उन्होंने कहा कि हर आवेदक कंपनी को पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध मंजूरी की प्रक्रिया मिलनी चाहिए, लेकिन साथ ही हर कंपनी को यह भी साबित करना होगा कि वह सुरक्षा मानकों पर पूरी तरह खरी उतरती है।

अपनी बात खत्म करते हुए मोदी ने कहा कि भारत की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं हो सकता, भले ही सामने वाले व्यक्ति के पास कितनी भी बेहिसाब दौलत हो, बड़ा प्रभाव हो या सोशल मीडिया पर करोड़ों फॉलोअर्स हों।

और पढ़ें: अमेरिकी सपने पर लगा ताला! ट्रंप के एक फैसले से TCS और इन्फोसिस में मचा कोहराम, ग्रीन कार्ड का रास्ता बंद? US suspends PERM program

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds