Munna Bhai: ‘मुन्ना भाई’ फ्रैंचाइज़ी के लिए 3-3 स्क्रिप्ट्स तैयार होने के बावजूद मेकर्स फिल्म को आखिर क्यों नहीं बना रहे हैं? यह एक ऐसा सवाल है, जो हर फैन के जेहन में सालों से घूम रहा है। जहां बॉलीवुड में एक फिल्म हिट होते ही मेकर्स तुरंत उसका सीक्वल बनाने की दौड़ में शामिल हो जाते हैं, वहीं ‘मुन्ना भाई 3’ के मामले में कहानी बिल्कुल उल्टी है। खुद डायरेक्टर राजकुमार हिरानी ने अब इस बात का राज खोला है कि आखिर ‘मुन्ना भाई 3’ कहां अटकी है।
और पढ़ें: Jailer 2 की रिलीज डेट आउट! थलाइवा के साथ बॉलीवुड के इस एक्टर का भी दिखेगा जलवा!
तीसरे पार्ट पर क्यों लगा ब्रेक
साल 2003 में जब संजय दत्त और अरशद वारसी की जोड़ी ‘Munna Bhai MBBS’ फिल्म के साथ पर्दे पर उतरी थी, तो इस जोड़ी ने जबरदस्त धमाल मचाया था। इसके बाद साल 2006 में आई ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ ने भी सफलता के नए रिकॉर्ड बनाए और ‘मुन्ना और सर्किट’ का किरदार सिनेमा के इतिहास में दर्ज हो गया। यही वजह है कि फैन्स पिछले 20 सालों से इसके तीसरे पार्ट का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन इतनी बड़ी कल्ट फ्रैंचाइज़ी होने के बावजूद, इसके तीसरे पार्ट पर ब्रेक क्यों लगा हुआ है?
डायरेक्टर ने राज से उठाया पर्दा
हाल ही में हिंदुस्तान टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू के दौरान डायरेक्टर राजकुमार हिरानी ने इस राज से पर्दा उठाया। उन्होंने बताया कि उनके पास ‘Munna Bhai 3’ के लिए एक या दो नहीं, बल्कि 3 से 4 अलग-अलग स्क्रिप्ट्स और आइडियाज तैयार हैं। हिरानी के मुताबिक, अगर दर्शकों को सिर्फ इंटरवल तक की फिल्म देखनी हो, तो वे अभी के अभी 5 फिल्में बना सकते हैं। लेकिन असली चुनौती कहानी के दूसरे हिस्से और उसके अंत को लेकर आ रही है।
आखिरी कड़ी मिसिंग
फिल्म में ‘सर्किट’ का आइकॉनिक रोल निभाने वाले अरशद वारसी ने भी बताया कि तीनों स्क्रिप्ट्स के कई सीन बेहद शानदार हैं, लेकिन हर कहानी में एक आखिरी ‘मिसिंग लिंक’ (कड़ी) की कमी है, जिसके बिना फिल्म का अंत सही नहीं बैठ पा रहा है। राजकुमार हिरानी का साफ मानना है कि वे सिर्फ पैसे कमाने के लिए किसी कमजोर कहानी पर फिल्म नहीं बनाएंगे। जब तक उन्हें पिछली दोनों फिल्मों जैसा परफेक्ट आइडिया नहीं मिल जाता, तब तक वे मुन्ना और सर्किट को पर्दे पर वापस नहीं लाएंगे।
अगर दोनों एक्टर के वर्क फ्रंट की बात करें तो संजय दत्त और अरशद वारसी इस समय कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं। संजय दत्त हाल ही में ‘मल्टी-स्टारर’ फिल्मों जैसे ‘Housefull 5’ और ‘Raja Shivaji’ का हिस्सा रहे हैं। इसके साथ ही वे जल्द ही अक्षय कुमार की कॉमेडी फिल्म ‘Welcome to the Jungle’ में भी नजर आ रहे हैं। दूसरी तरफ, हमारे ‘सर्किट’ यानी अरशद वारसी के पास भी फिल्मों की लंबी कतार है। वे भी ‘Welcome to the Jungle’ में संजय दत्त के साथ स्क्रीन शेयर करते दिखेंगे।
इसके अलावा अरशद अपनी अपकमिंग डार्क कॉमेडी फिल्म ‘जीवन बीमा योजना’ में पहली बार डबल रोल निभाते नजर आएंगे और वे ‘Dhamaal 4’ की तैयारियों में भी जुटे हैं। अब देखना यह होगा कि आखिर मुन्ना भाई 3 सिनेमा घरों में फेंस को कब देखने को मिलेगी, आपको क्या लगता है, क्या मुन्ना और सर्किट की यह कल्ट जोड़ी एक बार फिर इतिहास दोहरा पाएगी?






























