Sunita Ahuja Lock Upp 2: रियलिटी शो ‘लॉक अप सीजन 2’ अपने पहले ही हफ्ते से लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। शो में कंटेस्टेंट्स के निजी खुलासे और तीखे टकराव दर्शकों का ध्यान खींच रहे हैं। हालिया एपिसोड में गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा का एक बिल्कुल अलग रूप देखने को मिला। कभी बेबाक अंदाज में अपनी बात रखने वाली सुनीता इस बार कैमरे के सामने भावुक हो गईं। खराब खाने और मुश्किल हालात से नाराज होकर उन्होंने न सिर्फ मेकर्स पर गुस्सा जाहिर किया, बल्कि शो छोड़ने की इच्छा भी जता दी।
खाने को लेकर भड़कीं, रातभर नहीं खाया खाना| Sunita Ahuja Lock Upp 2
एपिसोड में दिखाया गया कि घर में दिए गए खाने से सुनीता आहूजा बेहद नाराज थीं। उन्होंने रात का खाना नहीं खाया और खाली पेट ही सो गईं। अगली सुबह उन्होंने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि वह सभी के साथ सम्मान से रह रही हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उन्हें सिर्फ फुटेज के लिए परेशान किया जाए। उन्होंने कहा, “मुझे आज ही यहां से जाना है। बस अब बहुत हो गया। चीची (गोविंदा) ने मुझे पहले ही कहा था कि मत जाओ, लेकिन मैंने उनकी बात नहीं मानी। जब-जब उनकी बात नहीं मानी, मुझे बाद में पछताना पड़ा।”
‘क्या खाने के लिए भी भीख मांगनी पड़ेगी?’
सुनीता ने खाने की गुणवत्ता पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि अगर कंटेस्टेंट्स को ठीक से खाना भी नहीं मिलेगा तो यह सही नहीं है। उन्होंने बाकी घरवालों से भी इस मुद्दे पर साथ देने की अपील की। गुस्से में उन्होंने कहा, “क्या अब हमें खाने के लिए भी भीख मांगनी पड़ेगी? मेरे बच्चे भी भूखे हैं। इस सूप का स्वाद गाय के पेशाब जैसा है।” उनके इस बयान ने घर का माहौल और ज्यादा गर्म कर दिया।
नाश्ते वाले टास्क से किया इनकार
इसके बाद मेकर्स ने एक टास्क रखा, जिसमें सवालों के सही जवाब देने पर कंटेस्टेंट्स को नाश्ता मिलना था। लेकिन सुनीता ने इस टास्क में हिस्सा लेने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि अब वह यह गेम नहीं खेलना चाहतीं और सिर्फ घर वापस जाना चाहती हैं। वहीं, अभिनेता राम कपूर ने भी बताया कि उन्होंने कुछ नहीं खाया है, लेकिन उन्होंने सुनीता को शांत कराने और समझाने की कोशिश की। इसके बावजूद सुनीता अपने फैसले पर अड़ी रहीं। उन्होंने यहां तक कह दिया कि अगर शो छोड़ने का यही रास्ता है, तो वह भूखी रहना मंजूर करेंगी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “क्या उन्हें लगता है कि हम कचरा हैं?”
रितेश देशमुख के सामने छलक पड़े आंसू
जब शो के होस्ट रितेश देशमुख कंटेस्टेंट्स के बीच पहुंचे, तो सुनीता खुद को रोक नहीं सकीं। उन्होंने भावुक होकर रितेश से कहा कि वह यह गेम अब आगे नहीं खेल पाएंगी। उन्होंने कहा, “मुझे पहले भी काफी चोट लगी थी। अब मैं इमोशनल ब्रेकडाउन से गुजर रही हूं। अगर हो सके तो मुझे शो से एविक्ट कर दीजिए।” इतना कहते ही उनकी आंखों से आंसू निकल पड़े। रितेश देशमुख ने उन्हें गले लगाकर शांत कराया और उनका हौसला बढ़ाने की कोशिश की।
शो में आने से पहले बताई थी वजह
‘लॉक अप 2’ में शामिल होने से पहले सुनीता आहूजा ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने यह शो नेटफ्लिक्स और एकता कपूर की वजह से स्वीकार किया। उन्होंने कहा था कि वह एकता कपूर को पसंद करती हैं और उन्हें भरोसा है कि वह इस शो का हिस्सा बनकर ईमानदारी से अपना खेल खेलेंगी। सुनीता ने यह भी कहा था कि वह घर में सबसे सीनियर कंटेस्टेंट होंगी और उनकी कोशिश रहेगी कि सभी के साथ दोस्ताना रिश्ता बनाए रखें। उनके मुताबिक, यह शो ‘सच या सजा’ की थीम पर आधारित है, जहां सच बोलने वालों को डरने की जरूरत नहीं होती।
हालांकि, अब शो के भीतर उनकी भावनात्मक स्थिति और मेकर्स से नाराजगी ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
और पढ़ें: Lock Upp 2 में शिल्पा शिंदे और सुनीता आहूजा की कैटफाइट, पर्सनल लाइफ को लेकर शुरु हुआ बवाल
































