यह जन-मन नहीं, बल्कि धन-मन वादी घोषणापत्र है…सपा के मैनिफेस्टो पर मायावती का करारा हमला| Mayawati Slams SP Manifesto

[nedrick_meta]
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google
[modern_share]

Mayawati Slams SP Manifesto: उत्तर प्रदेश की सियासत में समाजवादी पार्टी (सपा) के चुनावी घोषणापत्र ‘जन-मन का मैनिफेस्टो 2027’ को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा गुरुवार को जारी किए गए इस घोषणापत्र पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सुप्रीमो मायावती ने तीखा पलटवार किया है। मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सपा के वादों को पूरी तरह कोरा हवाहवाई बताया और कहा कि यह घोषणापत्र ‘थोथा चना बाजे घना’ की कहावत को ही सच साबित करता है।

बसपा प्रमुख ने सपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इस पार्टी का स्वभाव, चरित्र और चेहरा हमेशा से गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिम समाज के हितों के खिलाफ रहा है। मायावती ने तंज कसते हुए कहा कि सपा का यह दस्तावेज ‘जन-मन’ नहीं, बल्कि असल में ‘धन-मन वादी’ घोषणापत्र है, जिससे जनता को पूरी तरह सावधान रहने की जरूरत है।

और पढ़ें: 2027 की जंग से पहले अखिलेश का बड़ा मास्टरकार्ड: 25 लाख नौकरी, हर महीने 5000 भत्ता और 5 रुपये में खाना| Samajwadi Party Manifesto 2027

राज्यसभा चुनाव का जिक्र कर पीडीए के दावे पर उठाए सवाल| Mayawati Slams SP Manifesto

मायावती ने पांच अलग-अलग बिंदुओं के जरिए सपा की नीतियों और नीयत पर गंभीर सवाल खड़े किए:

  • धन्नासेठों को प्राथमिकता: मायावती ने कहा कि सपा का रवैया जगजाहिर तौर पर जातिवादी और बड़े पूंजीपतियों (धन्नासेठों) का समर्थक रहा है। इसका ताजा उदाहरण हाल ही में यूपी से राज्यसभा के लिए हुए द्विवार्षिक चुनावों में देखने को मिला, जहां सपा ने कथित पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग को आगे बढ़ाने के बजाय बड़े धन्नासेठ को प्राथमिकता दी। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी नीतियों से क्या कभी प्रदेश की गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन और पलायन जैसी गंभीर समस्याएं दूर हो पाएंगी?
  • धनबल और बाहुबलियों को टिकट देने का आरोप: बसपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि सपा चुनाव मैदान में समाज के अच्छे और ईमानदार लोगों के बजाय धनवानों और बाहुबलियों को ही टिकट देगी, जिन्हें देश या जनहित की चिंता कम और अपने निजी स्वार्थ की फिक्र ज्यादा रहती है।

हर हाथ को काम और कानून का राज सिर्फ बसपा की पहचान

अपनी पार्टी के शासनकाल की उपलब्धियों को याद दिलाते हुए मायावती ने कहा कि ‘हर हाथ को काम’ और ‘कानून द्वारा कानून का राज’ असल में पूरी तरह बसपा के सिद्धांत और नीतियां हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में अब तक रही बसपा की चारों सरकारों ने सर्वसमाज और सर्वजन-हितैषी एजेंडे को पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ जमीन पर उतार कर दिखाया है। मायावती के मुताबिक, ऐसा शासन देना विरोधी दलों खासकर सपा, कांग्रेस और भाजपा के बस की बात नहीं है और यह बात प्रदेश की जनता भी अच्छी तरह जानती है।

आरक्षण विरोधी रवैये और दंगों के पुराने दाग याद दिलाए

अपने बयान के अंत में मायावती ने सपा के पुराने कार्यकाल की याद दिलाते हुए कहा कि अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और पिछड़ा वर्ग (OBC) के आरक्षण के प्रति सपा का रवैया हमेशा विरोधी रहा है। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश को जातिवादी नफरत और दंगों की आग में झोंकने तथा जनकल्याण के अहम मुद्दों पर जो धब्बे सपा के दामन पर लगे हैं, उन्हें जनता भला कैसे भुला पाएगी? मायावती ने दो टूक कहा कि सपा के सारे वादे, दावे और घोषणाएं महज एक चुनावी छल और छलावा हैं, इसलिए प्रदेश के लोगों को इनके झांसे में आने से बचना चाहिए।

और पढ़ें: लखनऊ में दिखी सपा की खास केमिस्ट्री: अखिलेश ने आजम खान को खुद अपनी कार से छोड़ा एयरपोर्ट| Akhilesh Yadav Azam Khan

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds