GDA की बड़ी लापरवाही से लेकर होटल कांड और बिजली व्यवस्था तक | Top 5 Ghaziabad News

[nedrick_meta]
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google
[modern_share]

Top 5 Ghaziabad News: गाजियाबाद की पाँच बड़ी खबरों में पहली खबर सड़क सुरक्षा में बड़ी लापरवाही की दो खबरों से—जहाँ हापुड़ रोड पर बिना साइन बोर्ड के खुले यू-टर्न पर एक पिकअप पलट गई, वहीं तीन मौतों के बाद भी दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बेखौफ रफ्तार का कहर जारी है। उधर, मेरठ के एक होटल में गाजियाबाद की युवती से दरिंदगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद दबोच लिया है।

इसके अलावा, बात करेंगे मधुबन बापूधाम के फ्लैट्स को संवारने के लिए जीडीए के 20 करोड़ के प्लान की, और जानेंगे कि कैसे वसुंधरा में बन रही नई बिल्डिंग से साढ़े चार लाख बिजली उपभोक्ताओं की मुश्किलें आसान होने जा रही हैं। तो चलिए इस लेख के जरिए इन सभी खबरों को विस्तार से जानते हैं।

और पढ़ें: कहीं शादी से इनकार पर महिला का गला रेता, तो कहीं GDA के नए प्लॉट्स और पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल |Top 5 Ghaziabad News

बिना साइन बोर्ड के खुला यू-टर्न बना जानलेवा

गाजियाबाद की पहली खबर हापुड़ रोड स्थित नवयुग मार्केट चौराहे से है, जहां बिना रिफ्लेक्टर और साइन बोर्ड के खोले गए यू-टर्न के कारण एक तेज रफ्तार पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें चालक घायल हो गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हादसा हापुड़ रोड पर नवयुग मार्केट चौराहे के पास मंगलवार रात को हुआ। यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए जीडीए (GDA) द्वारा बनाए गए इस नए यू-टर्न को बिना किसी रिफ्लेक्टर, साइन बोर्ड या जरूरी सुरक्षा इंतजाम के ही वाहनों के लिए खोल दिया गया था।

रात के अंधेरे में संकेतक न होने के कारण पिकअप चालक को अचानक सामने आए यू-टर्न का अंदाजा नहीं हो सका, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस दुर्घटना में पिकअप चालक को चोटें आई हैं, हालांकि गनीमत रही कि उस समय आसपास से गुजर रहा कोई अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया।

मेरठ होटल कांड का आरोपी एनकाउंटर में गिरफ्तार (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद से जुड़ी एक और बड़ी खबर मेरठ से सामने आई है, जहां आबूलेन बाजार स्थित एक होटल में गाजियाबाद के वसुंधरा की रहने वाली 24 वर्षीय युवती को कथित तौर पर बंधक बनाकर मारपीट करने और सड़क पर घसीटने का मामला सामने आया है। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सलमान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना मंगलवार की है। आरोप है कि मेरठ के रोहटा क्षेत्र का निवासी सलमान युवती को काम के बहाने होटल ले गया था, जहां उसने युवती को कमरे में बंद कर धमकाया और मारपीट की। किसी तरह युवती होटल से निकलकर मदद के लिए चीखते हुए सड़क की ओर भागी, तो आरोपी ने बीच बाजार उसके बाल पकड़कर घसीटते हुए वापस होटल ले जाने की कोशिश की। मौके पर मौजूद व्यापारियों और राहगीरों के विरोध के बाद आरोपी होटल की छत से कूदकर फरार हो गया था।

पीड़िता की शिकायत पर सदर बाजार थाने में दुष्कर्म के प्रयास और एससी-एसटी एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के 24 घंटे के भीतर लोहिया नगर इलाके में पुलिस मुठभेड़ के दौरान आरोपी सलमान को पकड़ लिया गया। इसके साथ ही पुलिस ने होटल को सील कर होटल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है।

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर क्यों नहीं थम रहे हादसे (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद से अगली खबर यातायात सुरक्षा में बड़ी लापरवाही से जुड़ी है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान जाने के बाद भी न तो पुलिस प्रशासन जागा है और न ही वाहन चालक सबक ले रहे हैं। एक्सप्रेसवे पर प्रतिबंध के बावजूद दोपहिया और रॉन्ग साइड वाहन बेखौफ दौड़ रहे हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सोमवार को क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पैदल पार कर रहे मथुरा निवासी एक दंपती और उनके बेटे को तेज रफ्तार एसयूवी ने टक्कर मार दी थी, जिसमें तीनों की मौत हो गई। इस बड़े हादसे के बावजूद जमीनी हालात जस के तस बने हुए हैं।

एक्सप्रेसवे पर पैदल यात्रियों की आवाजाही पूरी तरह वर्जित होने के बाद भी लोग फुट ओवर ब्रिज का इस्तेमाल करने के बजाय सीधे सड़क पार कर जान जोखिम में डाल रहे हैं। वहीं, लालकुआं जैसे व्यस्त प्वाइंट पर सवारी बैठाने के लिए अवैध टैक्सी स्टैंड बना लिए गए हैं, और ट्रैफिक पुलिस इन पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है।

मधुबन बापूधाम के फ्लैट्स का रंगाई-पुताई का टेंडर जारी (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद से अगली खबर मधुबन बापूधाम के फ्लैट खरीदारों और निवासियों से जुड़ी राहत भरी अपडेट है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण यानी जीडीए ने मधुबन बापूधाम स्थित हाईराइज भवनों की रंगाई-पुताई, मरम्मत और रखरखाव के लिए 20 करोड़ 41 लाख रुपये का टेंडर जारी कर दिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चयनित एजेंसी को भवनों के बेसमेंट और भूतल से लेकर ऊपरी मंजिल तक बाहरी व आंतरिक रंगाई-पुताई के साथ मरम्मत कार्य कराने होंगे। इसमें जीएच-3, जीएच-4, पॉकेट-सी और समाजवादी आवास योजना के पॉकेट-एफ में कॉमन सुविधाओं के संचालन और रखरखाव का काम शामिल है।

इच्छुक एजेंसियां 15 दिसंबर शाम 5 बजे तक ऑनलाइन निविदा जमा कर सकेंगी, जबकि 16 दिसंबर को सुबह 11 बजे टेंडर खोला जाएगा। इससे पहले 30 नवंबर को प्री-बिड बैठक आयोजित होगी। हाल ही में समाजवादी आवासीय योजना के टावरों में फ्लैटों की तेजी से बुकिंग और रजिस्ट्री के बाद निवासियों को मूलभूत सुविधाओं व रखरखाव की दरकार बनी हुई थी।

वसुंधरा में बदलेगी बिजली व्यवस्था (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद से अगली राहत भरी खबर ट्रांस हिंडन क्षेत्र के करीब साढ़े चार लाख बिजली उपभोक्ताओं से जुड़ी है। अब नया बिजली कनेक्शन लेना हो, बिल में सुधार कराना हो या फिर खराब मीटर बदलवाना हो—इन सभी कामों के लिए उपभोक्ताओं को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। विद्युत निगम द्वारा वसुंधरा सेक्टर-सात में चार करोड़ रुपये की लागत से एक नई कॉरपोरेट बिल्डिंग का निर्माण कराया जा रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वर्तमान में अधीक्षण अभियंता का कार्यालय इंदिरापुरम के काला पत्थर रोड पर है, जबकि कॉमर्शियल विभाग के अधिशासी अभियंता वसुंधरा सेक्टर-10 और सेक्टर-16 में बैठते हैं। अलग-अलग जगह दफ्तर होने के कारण लोगों को काफी परेशानी होती है।

नई बिल्डिंग तैयार होने के बाद मुख्य अभियंता समेत सभी वरिष्ठ अधिकारी एक ही छत के नीचे बैठेंगे। अधिकारियों के मुताबिक, इस भवन का निर्माण कार्य 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

Rajni

rajni@nedricknews.com

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds