Thiruparankundram Deepam controversy: तमिलनाडु की मशहूर तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर ‘कार्तिगई दीपम’ जलाने को लेकर चला आ रहा विवाद एक बार फिर गरमा गया है। राज्य प्रशासन ने उचि पिल्लैयार मंदिर के पास निर्धारित पारंपरिक स्थान पर तो दीप जलाया, लेकिन पहाड़ी की चोटी पर एक दरगाह के नजदीक स्थित पत्थर के खंभे पर दीप नहीं जलाया गया। चौंकाने वाली बात यह है कि सुप्रीम कोर्ट ने अपने अंतरिम आदेश में इस खंभे पर दीप जलाने की स्पष्ट अनुमति दी थी और आदेश का पालन सुनिश्चित करने के लिए जिला कलेक्टर को नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया था। इसके बावजूद चोटी पर दीप न जलाए जाने से अब विजय के नेतृत्व वाली TVK सरकार और संबंधित अधिकारियों की कानूनी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। फिलहाल सरकार ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि शीर्ष अदालत के आदेश के बावजूद ऐसा क्यों नहीं किया गया।
कानून-व्यवस्था का हवाला देकर लगाई धारा 163, कई बीजेपी नेता रोके गए| Thiruparankundram Deepam controversy
विवाद की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने सोमवार रात से ही इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 163 लागू कर दी थी। अधिकारियों के मुताबिक, खुफिया इनपुट मिले थे कि दोनों समुदायों के कुछ समूह बड़ी संख्या में तिरुप्परनकुंद्रम में जुटने की योजना बना रहे हैं। इसी के चलते प्रशासन ने एहतियातन बीजेपी के कई बड़े नेताओं को इलाके में प्रवेश करने से रोक दिया, जिनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन और तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन भी शामिल थे। उधर, राज्य के कानून मंत्री निर्मल कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि उचि पिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक स्थान पर दीप जला दिया गया है, लेकिन उन्होंने चोटी पर दीप न जलाने की वजह पर चुप्पी साधे रखी।
सियासी घमासान तेज: बीजेपी ने मांगा इस्तीफा, कांग्रेस ने साधा निशाना
इस घटनाक्रम के बाद तमिलनाडु की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है:
- बीजेपी का हमला: बीजेपी नेता डॉ. तमिलिसाई सुंदरराजन ने राज्य सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि कानून मंत्री द्वारा सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश की अनदेखी करना बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि मंत्री को अपने पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है और सरकार पर हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं व कानून का अपमान करने का आरोप लगाया।
- कांग्रेस का पलटवार: वहीं, सत्ताधारी गठबंधन में शामिल तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद मणिकम टैगोर ने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग दीपम उत्सव के नाम पर राजनीति करने पहुंचे थे, उन्हें निराशा हाथ लगी है।
दूसरी ओर, मंदिर प्रशासन ने अपनी सफाई में कहा कि कार्तिगई महा दीपम मुख्य देवता के गर्भगृह के ठीक ऊपर बने दीपा मंडपम में जलाया गया है, जो सदियों पुराने रीति-रिवाजों और ‘आगम नियमों’ पर आधारित है।
क्या है 1862 से चला आ रहा यह विवाद और कोर्ट का फैसला?
दरअसल, पूरा विवाद इस बात पर है कि दरगाह के नजदीक पहाड़ी की चोटी पर बने पत्थर के खंभे पर दीप जलाया जाए या नहीं। याचिकाकर्ताओं का दावा है कि इसे दीप जलाने के लिए ही बनाया गया था और इसे ‘दीपाथून’ कहा जाता है। 1 दिसंबर 2025 को मद्रास हाई कोर्ट की मदुरै बेंच ने भी चोटी पर बने इस खंभे पर दीप जलाने का निर्देश दिया था (हालांकि दरगाह, उसकी सीढ़ियों और नेल्लीथोपे इलाके को इससे अलग रखा गया था)।
लेकिन तत्कालीन DMK सरकार ने इसे लागू नहीं किया था। उनका तर्क था कि यह कोई दीप स्तंभ नहीं बल्कि सर्वेक्षण का पत्थर है और यहां दीप जलाने का कोई ऐतिहासिक प्रमाण नहीं है। इतिहास पर नजर डालें तो साल 1862 और 1912 में भी चोटी पर दीप जलाने की कोशिशें हुई थीं, जिन्हें प्रशासन ने शांति व्यवस्था के नाम पर रोक दिया था। वहीं 1996 में हाई कोर्ट ने देवस्थानम को प्रशासन की अनुमति से भविष्य में अन्य स्थान तलाशने की छूट दी थी।












































