Mumbai Kurla viral video: मायानगरी मुंबई के कुर्ला इलाके से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां फीनिक्स मॉल के नजदीक स्थित महानगरपालिका के एक गार्डन में फोटो खिंचवा रहे युवक और युवती के साथ 8 से 10 नाबालिग लड़कों के समूह ने पहले अभद्रता की और विरोध करने पर उन पर हमला बोल दिया। इस पूरी मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोगों में भारी आक्रोश है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
क्या दिख रहा है वायरल वीडियो में? Mumbai Kurla viral video
जानकारी के मुताबिक, युवक और युवती गार्डन में साथ खड़े होकर तस्वीरें ले रहे थे। तभी वहां मौजूद 7-8 नाबालिग लड़कों के ग्रुप ने उन पर भद्दे और अश्लील कमेंट्स करने शुरू कर दिए। जब कपल ने इस बदतमीजी का विरोध किया, तो लड़कों का झुंड उन पर टूट पड़ा और छेड़छाड़ व मारपीट करने लगा।
वहां मौजूद किसी शख्स ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट पर वायरल है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि बहस बढ़ने पर एक नाबालिग लड़का चप्पल जैसी चीज से युवक की पिटाई कर रहा है, जबकि दूसरा लड़का बेखौफ होकर युवती के सिर पर डंडे से वार करता है। इसके बाद भी दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक नोकझोंक होती रही।
8 नाबालिगों पर BNS की धाराओं में केस दर्ज, जुवेनाइल बोर्ड में होगी पेशी
पीड़ित युवक-युवती की शिकायत पर घाटकोपर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और इस मामले में शामिल आठ नाबालिगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस उपायुक्त (DCP) गणेश शिंदे ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 189(2), 189(4), 118(1), 352 और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी आरोपियों को किशोर न्याय बोर्ड (जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड) के समक्ष पेश किया जाएगा और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
सियासी गलियारों में भी गूंजा मामला, माता-पिता को जारी हुए नोटिस
इस घटना ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है और सत्ता पक्ष व विपक्ष दोनों ने इसकी कड़ी निंदा की है। बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग उठाते हुए जानकारी दी कि अब तक 5 नाबालिग बच्चों के माता-पिता को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। दूसरी ओर, शिवसेना (UBT) ने भी इस हरकत की आलोचना की है। पार्टी नेता इंतेखवाब फारूकी ने कहा कि समाज में इस तरह की अराजकता और बदसलूकी की घटनाएं बेहद निंदनीय हैं।
गौरतलब है कि इससे ठीक पहले शुक्रवार को बिहार के जमुई जिले से भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था, जहां एक ही कोचिंग सेंटर में पढ़ने वाले नाबालिग लड़के-लड़की को युवकों के एक गुट ने रास्ते में रोककर पीटा था और छेड़खानी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था।













































