Yogi Adityanath mother funeral: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन के बाद आज (शनिवार) हरिद्वार के चंडीघाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जा रहा है। शुक्रवार (20 नवंबर 2026) सुबह करीब 11 बजे उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में 91 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। शनिवार सुबह जब पंचूर गांव से मां की अंतिम यात्रा निकली, तो हमेशा सख्त और दृढ़ दिखने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेहद भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।
अर्थी को कंधा देते वक्त नम हुईं सीएम योगी की आंखें| Yogi Adityanath mother funeral
अंतिम यात्रा से पहले मुख्यमंत्री ने घर के भीतर काफी देर तक चुपचाप खड़े रहकर अपनी मां के पार्थिव शरीर को निहारा। उन्होंने मां की तस्वीर और पार्थिव शरीर पर फूल चढ़ाए और माथा टेककर उन्हें अंतिम प्रणाम किया। इसके बाद सीएम योगी ने नम आंखों और भारी मन से अपनी मां की अर्थी को कंधा दिया। मां को अंतिम विदाई देते वक्त उनका यह भावुक रूप देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें भर आईं। पंचूर से पार्थिव देह को अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार के चंडीघाट ले जाया गया है।
माँ…
विनम्र श्रद्धांजलि🙏 https://t.co/rkTpT73YrE
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 21, 2026
सोशल मीडिया पर लिखा भावुक संदेश- ‘मां जैसा कोई रक्षक नहीं’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी अपनी मां को याद करते हुए एक हृदयस्पर्शी श्रद्धांजलि संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा, “मां जैसी कोई छाया नहीं, मां जैसी कोई गति नहीं, मां जैसा कोई रक्षक नहीं, मां जैसा कोई प्रिय नहीं।” अंत्येष्टि और अन्य पारंपरिक रस्में पूरी करने के बाद मुख्यमंत्री वापस लखनऊ लौटेंगे।
नास्ति मातृसमा छाया नास्ति मातृसमा गतिः।
नास्ति मातृसमं त्राणं नास्ति मातृसमा प्रिया॥
🙏 https://t.co/usBszRtWjQ— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 21, 2026
चंडीघाट पर सीएम धामी, दोनों डिप्टी सीएम और साधु-संतों की मौजूदगी
माता सावित्री देवी की अंतिम यात्रा और चंडीघाट पर होने वाले अंतिम संस्कार में श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे हैं। इस दुखद घड़ी में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनके मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के प्रमुख साधु-संत और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश सरकार के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, यूपी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह समेत राज्य के कई वरिष्ठ मंत्री भी अंतिम दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
7 मई को हुई थी आखिरी मुलाकात, गोरखपुर से सीधे पहुंचे थे गांव
गौरतलब है कि सीएम योगी की माता सावित्री देवी अपने पैतृक गांव पंचूर में ही रहती थीं। मुख्यमंत्री की अपनी मां से आखिरी मुलाकात इसी साल 7 मई को हुई थी, जब वे पंचूर जाकर उनका आशीर्वाद लेकर लौटे थे। शुक्रवार को जब सावित्री देवी के निधन की खबर मिली, तब सीएम योगी गोरखपुर में थे। दुखद सूचना मिलते ही वे तत्काल लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से विशेष विमान के जरिए देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग से होते हुए शुक्रवार शाम करीब 5:15 बजे अपने गांव पंचूर पहुंचे, जहां मां के पार्थिव शरीर को देखकर वे बेहद भावुक हो गए थे।












































