Mahima Chaudhry Untold Story: 90 के दशक में जब भी सादगी और मासूमियत की बात होती थी, तो एक ही चेहरा सामने आता था—महिमा चौधरी। सुभाष घई की ‘परदेस’ से करियर की धमाकेदार शुरुआत करने के बाद उन्होंने ‘धड़कन’ और ‘लज्जा’ जैसी फिल्मों से अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया।
नाम, शोहरत, अवॉर्ड्स—महिमा के पास सब कुछ था। लेकिन जब वे सफलता के शिखर पर थीं, तभी किस्मत ने एक ऐसा मोड़ लिया जिसने उन्हें मौत के मुंह तक पहुंचा दिया और वे अचानक बॉलीवुड की चकाचौंध से गायब हो गईं। आखिर उस रात क्या हुआ था? आइए इस लेख के जरिए जानते हैं महिमा चौधरी के संघर्ष और शानदार वापसी की पूरी कहानी।
और पढ़ें: Outsider होने की मिली सजा! रिजेक्शन और ताने सहकर ऐसे सुपरस्टार बनीं Kriti Sanon
रितु से Mahima Chaudhry बनने का सफर
महिमा चौधरी (Mahima Chaudhry) की कहानी शुरू होती है दार्जिलिंग की खूबसूरत वादियों से, जहां 13 सितंबर 1973 को उनका जन्म हुआ। तब दुनिया उन्हें उनके असली नाम—रितु चौधरी के नाम से जानती थी।
दार्जिलिंग की पहाड़ियों में पली-बढ़ीं रितु ने अपनी शुरुआती पढ़ाई कुर्सियांग (Kurseong) के मशहूर डाउ हिल स्कूल (Dow Hill School) से की। इसके बाद आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने दार्जिलिंग के ही लोरेटो कॉन्वेंट (Loreto Convent) और लोरेटो कॉलेज में दाखिला लिया।
कॉलेज के दिनों से ही रितु की खूबसूरती और कोफिडेंस की चर्चा होने लगी थी, और इसी दौरान उन्होंने ‘मिस दार्जिलिंग’ का खिताब भी अपने नाम किया। ग्लैमर की दुनिया उन्हें अपनी ओर खींच रही थी, इसलिए उन्होंने मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा और टीवी पर वीजे (VJ) के तौर पर काम करना शुरू किया।
आमिर खान और ऐश्वर्या राय के साथ किए गए उनके पेप्सी के एडवर्टाइजमेंट ने रितु को रातों-रात घर-घर में मशहूर कर दिया। इसी एड को देखकर शोमैन सुभाष घई की नज़र उन पर पड़ी। घई अपनी फिल्म ‘परदेस’ के लिए एक नए और मासूम चेहरे की तलाश कर रहे थे। 3000 लड़कियों के ऑडिशन के बाद उन्होंने रितु को चुना। क्योंकि सुभाष घई अपनी फिल्मों की हीरोइनों के लिए ‘M’ (एम) लेटर को लकी मानते थे, इसलिए उन्होंने रितु को एक नया नाम दिया—महिमा चौधरी (Mahima Chaudhry)।
फिल्पम रदेस से बड़े पर किया डेब्यू
1997 में ‘परदेस’ रिलीज़ हुई और सुपरहिट रही। शाहरुख खान के साथ उनकी जोड़ी को खूब पसंद किया गया और महिमा (Mahima Chaudhry) को बेस्ट फीमेल डेब्यू का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। ‘दाग: द फायर’, ‘धड़कन’, ‘कुरुक्षेत्र’, ‘लज्जा’ और ‘दिल है तुम्हारा’ जैसी फिल्मों से उन्होंने साबित कर दिया कि वे सिर्फ एक खूबसूरत चेहरा नहीं, बल्कि एक दमदार एक्ट्रेस भी हैं।
1999 का वो भयानक हादसा
लेकिन साल 1999 में महिमा (Mahima Chaudhry) की जिंदगी में एक ऐसा तूफान आया, जिसने सब कुछ बदल दिया। बेंगलुरु में अजय देवगन और काजोल के साथ अपनी फिल्म ‘दिल क्या करे’ की शूटिंग के लिए जाते समय, एक तेज़ रफ़्तार ट्रक ने उनकी कार को ज़ोरदार टक्कर मार दी।
यह हादसा इतना भयानक था कि कार के शीशे टूटकर सीधे महिमा के चेहरे में धंस गए। उन्हें लगा कि वे अब नहीं बचेंगी। जब डॉक्टरों ने उनकी सर्जरी की, तो उनके चेहरे से कांच के 67 टुकड़े निकाले गए।
इस हादसे के बाद महिमा (Mahima Chaudhry) को महीनों तक एक अंधेरे कमरे में रहना पड़ा, क्योंकि सूरज की रोशनी या तेज़ लाइट उनके चेहरे के घावों को नुकसान पहुंचा सकती थी। वे आईने में अपना चेहरा देखकर रो पड़ती थीं। इस मुश्किल वक्त में बॉलीवुड के कई निर्माताओं ने उनसे मुंह मोड़ लिया और उन्हें फिल्मों से बाहर निकाल दिया। अपने चेहरे के निशानों को छिपाने के लिए महिमा ने खुद को दुनिया की नज़रों से दूर कर लिया।
निजी जीवन के उतार-चढ़ाव
करियर की गाड़ी पटरी से उतरने के बाद महिमा ने निजी जीवन में सुकून तलाशने की कोशिश की। साल 2006 में उन्होंने बॉबी मुखर्जी से शादी की, जिनसे उनकी एक प्यारी बेटी अरियाना हुई। लेकिन यह शादी भी ज़्यादा दिन नहीं टिक पाई और 2013 में दोनों अलग हो गए। महिमा ने एक सिंगल मदर के तौर पर अकेले ही अपनी बेटी की परवरिश की।
कैंसर से जंग
ज़िंदगी की परीक्षा अभी खत्म नहीं हुई थी। साल 2022 में एक रूटीन चेकअप के दौरान महिमा को पता चला कि उन्हें ब्रेस्ट कैंसर है। यह खबर किसी सदमे से कम नहीं थी। लेकिन इस बार महिमा टूटी नहीं। अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर महिमा का एक वीडियो शेयर किया, जिसमें बिना बालों के भी महिमा मुस्कुराते हुए अपनी बीमारी की कहानी सुना रही थीं। पूरे देश ने उनके इस जज़्बे को सलाम किया। कड़े इलाज और अपनी पॉजिटिव सोच के दम पर महिमा ने कैंसर को भी मात दे दी।
बड़े पर्दे पर शानदार कमबैक
कहते हैं ना, जो गिरकर संभलना जानता है, वही असली विजेता होता है। महिमा ने न सिर्फ बीमारी को हराया, बल्कि फिल्मों में भी जोरदार वापसी की। अनुपम खेर के साथ फिल्म ‘द सिग्नेचर’ और कंगना रनौत की फिल्म ‘इमरजेंसी’ में पुपुल जयकर के किरदार में उनकी एक्टिंग की खूब तारीफ हुई। आज वे फिर से कैमरे के सामने पूरे कोफिडंस के साथ खड़ी हैं।
महिमा चौधरी की कहानी हमें सिखाती है कि ज़िंदगी चाहे कितनी भी बड़ी ठोकर क्यों न दे, अगर हिम्मत और हौसला साथ हो, तो हर अंधेरे के बाद एक नई सुबह ज़रूर आती है। तो महिमा चौधरी की कौन-सी फिल्म आपकी सबसे पसंदीदा है? हमें कमेंट बॉक्स में ज़रूर बताएं।












































