Top 5 Ghaziabad News: गाजियाबाद की पाँच बड़ी खबरों में दित्य वर्ल्ड सिटी में बड़े पैमाने पर जमीन के अतिक्रमण पर GDA से कार्रवाई की मांग, राजनगर की महिला से ऑनलाइन कारोबार के नाम पर 38 लाख की ठगी, वसुंधरा के जेकेजी हाइट्स में 8वीं और 9वीं मंजिल के फ्लैटों में लगी भीषण आग, जामिया मस्जिद को लेकर फेक पोस्ट वायरल करने वाले ‘एक्स’ यूजर पर साइबर थाने में एफआईआर, और महिला सुरक्षा के लिए गाजियाबाद पुलिस का नया सख्त फरमान। तो चलिए इस लेख के जरिए इन सभी खबरों को विस्तार से जानते हैं।
और पढ़ें: पुलिस भर्ती में वसूली के खेल से लेकर राजनीतिक गलियारों में हड़कम तक | Top 5 Ghaziabad News
आदित्य वर्ल्ड सिटी में अतिक्रमण का आरोप
गाजियाबाद की पहली खबर एनएच-9 स्थित आदित्य वर्ल्ड सिटी में अतिक्रमण और जनसुविधाओं के नियमों के उल्लंघन को लेकर है, जहाँ बिल्डर पर 92,700 वर्ग मीटर से अधिक सार्वजनिक उपयोग की जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगा है।
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, सोसाइटी के आरडब्ल्यूए (RWA) अध्यक्ष डॉ. शिव कुमार ने गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) के उपाध्यक्ष को पत्र भेजकर बिल्डर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि GDA ने इस संबंध में 17 अक्टूबर को बिल्डर को दो नोटिस जारी किए थे, लेकिन उनकी समयसीमा समाप्त होने के बाद भी शिकायतों का निस्तारण नहीं किया गया।
पत्र में बताया गया है कि टाउनशिप में 92,700 वर्ग मीटर से अधिक सार्वजनिक उपयोग (Public Utility) की जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है। इससे पहले जनवरी 2026 में भी सोसाइटी में अतिक्रमण और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर निवासियों और बिल्डर के बीच विवाद सामने आया था।
38 लाख की ठगी के बाद मिली धमकी (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की दूसरी खबर राजनगर से है, जहां एक महिला से ऑनलाइन कारोबार में हर महीने 10 से 15 प्रतिशत मुनाफे का लालच देकर करीब 38 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है।
मीडिया द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक, राजनगर की रहने वाली लता त्यागी से ऑनलाइन व्यापार में भारी मुनाफे का झांसा देकर 38 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोपी बिंदिया जैन और उनके पति सचिन जैन ने शुरुआती निवेश पर थोड़ा मुनाफा लौटाकर भरोसा जीता और बाद में रिश्तेदारों से उधार लेकर दी गई पूरी रकम हड़प ली। पैसे वापस मांगने पर आरोपियों ने मुकरते हुए वायदा नोट दिए और रकम मांगने पर आत्महत्या की धमकी दी। इस मामले में कविनगर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वसुंधरा की हाई-राइज सोसायटी में लगी भीषण आग (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की तीसरी खबर इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वसुंधरा सेक्टर-18 से है, जहां स्थित जेकेजी हाइट्स सोसायटी के बी-ब्लॉक की एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस हादसे में आठवीं और नौवीं मंजिल पर बने दो फ्लैट जलकर खाक हो गए, जिससे लाखों रुपये का घरेलू सामान राख हो गया।
दैनिक भास्कर और हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे आठवें फ्लोर के फ्लैट नंबर 801 में आग लगी, जहां रहने वाले दंपति सुबह ऑफिस चले गए थे। लपटें इतनी तेज थीं कि ऊपर नौवीं मंजिल के फ्लैट नंबर 901 की बालकनी में सूख रहे कपड़ों में भी आग लग गई। धुआं फैलता देख नौवीं मंजिल पर मौजूद महिला अपने दोनों बच्चों को लेकर तुरंत बाहर भागीं, वहीं तीन-चार मंजिलों के अन्य निवासी भी जान बचाने के लिए इमारत से नीचे उतर आए।
सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार सिंह के नेतृत्व में दमकल की 4 गाड़ियां और एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचे। सोसायटी के अग्निशमन उपकरण काम न करने के कारण दमकलकर्मियों ने बाहर से हौज पाइप फैलाकर और बंद फ्लैट का दरवाजा तोड़कर आग पर पूरी तरह काबू पाया। राहत की बात यह रही कि समय रहते लोगों के बाहर निकल जाने से कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के सही कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
मस्जिद को लेकर किया फेक पोस्ट (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की चौथी खबर साइबर क्राइम और सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार से जुड़ी है, जहां धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने और सांप्रदायिक तनाव फैलाने के उद्देश्य से ‘एक्स’ पर फेक पोस्ट वायरल करने वाले यूजर पर पुलिस ने शिकंजा कसा है।
अमर उजाला की रिपोर्ट के अनुसार, 19 नवंबर की शाम करीब 7 बजकर 10 मिनट पर ‘@annu2030’ नामक एक्स यूजर आईडी से एक यूआरएल के माध्यम से अज्ञात स्थान पर जुटी हजारों लोगों की भीड़ का वीडियो साझा किया गया। इस पोस्ट के साथ अंग्रेजी में भड़काऊ संदेश लिखते हुए यह झूठा दावा किया गया कि गाजियाबाद में आरएसएस के सदस्यों ने सड़कों पर निकलकर हथियारों के साथ जामिया मस्जिद को घेर लिया है और अंदर मौजूद कई लोग घायल हुए हैं।
पुलिस ने इस पोस्ट को पूरी तरह भ्रामक, आपत्तिजनक और समाज में धार्मिक विद्वेष व आक्रोश फैलाने वाला माना। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीसीपी अपराध पीयूष कुमार सिंह के निर्देशन में साइबर क्राइम कार्यालय के उपनिरीक्षक विशाल कुमार की तहरीर पर 19 नवंबर की रात करीब 10 बजे साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। पुलिस अब तकनीकी जांच के जरिए अकाउंट संचालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
महिला सुरक्षा पर पुलिस का बड़ा फैसला (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की पाँचवीं और अंतिम खबर महिला सुरक्षा से जुड़ी है, जहाँ पुलिस कमिश्नरेट ने महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ होने वाली छेड़छाड़, पीछा करने और अश्लील टिप्पणी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एंटी रोमियो स्क्वाड की नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी की है। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि महिला सुरक्षा के साथ किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, नई एसओपी के तहत प्रत्येक थाना प्रभारी को अपने क्षेत्र के संवेदनशील हॉटस्पॉट चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं। अब स्कूल-कॉलेज, कोचिंग संस्थान, छात्रावास, बाजार, पार्क, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन जैसे स्थानों पर निर्धारित रोस्टर के अनुसार प्रतिदिन सघन गश्त की जाएगी और जरूरत पड़ने पर सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। इसके साथ ही मिशन शक्ति केंद्रों को भी हर शिकायत का त्वरित, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण करने के आदेश दिए गए हैं।
वहीं, पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय करते हुए सख्त हिदायत दी गई है कि किसी युवती से केवल बातचीत करने या साथ बैठने पर युवाओं को बेवजह परेशान न किया जाए। बिना ठोस आधार के किसी को थाने ले जाने और कार्रवाई के वीडियो या फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने पर पूरी तरह पाबंदी लगाई गई है। उम्मीद है यह बुलेटिन आपके लिए उपयोगी रहा होगा।













































