CM Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 साल की उम्र में निधन हो गया। लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहीं सावित्री देवी ने उत्तराखंड के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। इस दुखद समाचार के सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है, और उनके निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित देश के कई प्रमुख नेताओं ने शोक जताया है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली, उनके देहांत की खबर से पूरे प्रदेश और राजनीतिक जगत में शोक की लहर है।
#YogiAdityanath #SavitriDevi #UPCM #BreakingNews #OmShanti #Nedricknews— Nedrick News (@nedricknews) November 20, 2026
सीएम धामी ने CM Yogi की मां के निधन पर जताया दुख
इस दुखद खबर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी संवेदनाएं साझा करते हुए लिखा कि माता जी का जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित पूरे शोकाकुल परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
शनिवार को हरिद्वार में होगा अंतिम संस्कार
समाचार एजेंसी पीटीआई (PTI) के मुताबिक, सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार, 21 नवंबर 2026 को हरिद्वार में किए जाने की संभावना है। फिलहाल पौड़ी गढ़वाल जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारी लगातार परिवार के सदस्यों के संपर्क में हैं और आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
अन्य बड़े नेताओं ने भी व्यक्त किया शोक
बता दें कि उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, गोरखपुर सांसद रवि किशन और विधायक केतकी सिंह सहित कई प्रमुख नेताओं ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट कर लिखा कि “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) की माता सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदय को व्यथित करने वाला है। मां का साया उठना जीवन की ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती।”
गोरखपुर सांसद रवि किशन ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन घड़ी में उनकी गहरी संवेदनाएं मुख्यमंत्री (CM Yogi) और समस्त शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। उन्होंने भगवान से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की।
बांसडीह विधायक केतकी सिंह ने फेसबुक (Facebook) पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि “धन्य हैं ऐसी माँ, जिन्होंने पूज्य योगी आदित्यनाथ जी (CM Yogi) जैसे संतान को जन्म दिया, जो प्रतिदिन माँ भारती के गौरव को बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।”













































