बोतलबंद पानी कितना सुरक्षित? बिसलेरी सैंपल विवाद के बीच लोकल ब्रांड्स पर भी गहराया शक| Bisleri FSSAI sample news

[nedrick_meta]
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google
[modern_share]

Bisleri FSSAI sample news: सफर हो, दफ्तर हो या बाजार प्यास लगते ही हम बेझिझक दुकान से एक पानी की बोतल खरीद लेते हैं। बोतल पर लगी सील और जाना-पहचाना नाम देखकर हमें पूरा भरोसा होता है कि यह पानी पूरी तरह शुद्ध और सुरक्षित है। लेकिन देश के सबसे बड़े पैकेज्ड वाटर ब्रांड बिसलेरी के एक सैंपल को लेकर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की जांच में जो नतीजे सामने आए हैं, उसने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इस मामले ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि जब नामी ब्रांड के पानी की गुणवत्ता जांच के घेरे में है, तो फिर छोटे शहरों और गांवों में धड़ल्ले से बिक रहे लोकल, अवैध और मिलते-जुलते नामों वाले बोतलबंद पानी की शुद्धता की क्या गारंटी है?

और पढ़ें: एक नौजवान नशे की गिरफ्त में आता है, तो पूरा परिवार बिखर जाता हैं… प्रकाश पर्व की पूर्व संध्या पर बोले पीएम मोदी| PM Modi Prakash Parv

बिसलेरी के सैंपल में क्या मिला, जिस पर मचा है बवाल? Bisleri FSSAI sample news

यह पूरा मामला FSSAI की नियमित जांच से जुड़ा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिसलेरी के एक सैंपल की जांच में ‘ब्रोमेट’ नामक रसायन की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाई गई, जबकि सुरक्षा मानकों के तहत इसकी अधिकतम सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर तय है। शुरुआती रिपोर्ट पर कंपनी ने आपत्ति जताते हुए सैंपल की दोबारा जांच की मांग की। इसके बाद जब रेफरल लैब में नमूने की जांच हुई, तो वहां भी पानी को असुरक्षित करार दिया गया हालांकि इस बार इसकी वजह पानी में पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी बताई गई।

ब्रोमेट और PAHs सेहत के लिए क्यों हैं खतरनाक?

विशेषज्ञों के अनुसार, पानी को साफ करने की कुछ ट्रीटमेंट प्रक्रियाओं के दौरान ब्रोमेट बन सकता है, जबकि PAHs रसायनों का एक ऐसा समूह है जिसके कुछ तत्व शरीर के लिए बेहद नुकसानदेह और कैंसरकारी भी हो सकते हैं। इनका खतरा पानी में इनकी मात्रा और इस्तेमाल की अवधि पर निर्भर करता है। इसके अलावा दूषित जल स्रोत, खराब आरओ (RO) सिस्टम, गंदे स्टोरेज टैंक और बोतलों की ठीक से सफाई न होना भी पानी को जहरीला बना सकता है।

कंपनी की सफाई: छह में से पांच सैंपल पास, एक पर उठा सवाल

इस विवाद पर बिसलेरी ने भी अपना पक्ष रखा है। कंपनी के मुताबिक, FSSAI ने 30 सितंबर 2025 को उनके गोवा स्थित प्लांट से कुल छह सैंपल लिए थे। इनमें से पांच सैंपल सभी मानकों पर पूरी तरह खरे उतरे, जबकि केवल एक सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा ज्यादा बताई गई। कंपनी ने इन नतीजों को चुनौती देते हुए दावा किया है कि बाद में एक स्वतंत्र लैब में कराई गई जांच में ब्रोमेट तय सीमा के भीतर ही मिला था। बिसलेरी का कहना है कि वह कड़े गुणवत्ता मानकों का पालन करती है और नियामक संस्थाओं के साथ हर जांच में सहयोग के लिए तैयार है।

2026 से बदल गए हैं पैकेज्ड वाटर के नियम, BIS मार्क की अनिवार्यता खत्म

अक्सर लोग पानी की बोतल खरीदते समय उस पर ISI या BIS मार्क देखकर निश्चिंत हो जाते हैं। लेकिन इस साल यानी 2026 से नियम बदल चुके हैं। FSSAI की 17 दिसंबर 2025 की अधिसूचना के तहत, 1 जनवरी 2026 से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और मिनरल वाटर के लिए BIS सर्टिफिकेशन मार्क अनिवार्य नहीं रहा है। इसकी जगह अब FSSAI ने एक सख्त ‘अनिवार्य टेस्टिंग फ्रेमवर्क’ लागू किया है और पैकेज्ड पानी को ‘हाई रिस्क फूड कैटेगरी’ में रखा है। इसके तहत अब नियमित टेस्टिंग, सख्त निगरानी और थर्ड-पार्टी ऑडिट पर जोर दिया जा रहा है। यानी BIS मार्क हटने का यह कतई मतलब नहीं है कि कोई भी बिना लाइसेंस पानी बेच सकता है खाद्य सुरक्षा के नियम पहले से भी ज्यादा कड़े हो गए हैं।

लोकल और नकली ब्रांड्स पर नकेल कसना जरूरी, ग्राहक भी रहें सतर्क

बड़े ब्रांड्स के साथ-साथ देश के कस्बों और ग्रामीण इलाकों में बिना लाइसेंस चल रहे अवैध वाटर प्लांट और असली ब्रांड से मिलते-जुलते नामों वाली बोतलें लोगों की सेहत के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं। ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग को इन अवैध इकाइयों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए और गड़बड़ी मिलने पर पूरा बैच बाजार से तुरंत हटवाना चाहिए। वहीं, ग्राहकों को भी केवल सस्ती कीमत या चमकदार लेबल देखकर पानी नहीं खरीदना चाहिए, बल्कि बोतल लेने से पहले उस पर निर्माता का पूरा नाम, वैध FSSAI लाइसेंस नंबर, पैकिंग की तारीख और सील की स्थिति जरूर जांचनी चाहिए।

और पढ़ें: चलती दुरंतो एक्सप्रेस पर फिर बरसे पत्थर, सेकंड एसी कोच का शीशा चकनाचूर! हमले से सहम उठे यात्री| Duronto Express Stone Pelting

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds