जब मैं जेल में था तो लोमड़ियां गंगा पार करने लगी थीं… ओवैसी-चंद्रशेखर के मोर्चे पर आजम खान का तीखा हमला| Azam Khan on Asaduddin Owaisi

[nedrick_meta]
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google
[modern_share]

Azam Khan on Asaduddin Owaisi: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की आहट तेज होते ही सियासी बयानबाजी ने भी रफ्तार पकड़ ली है। लखनऊ में संविधान दिवस के मौके पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद की रैली में गूंजे ‘अब्दुल का बेटा बनेगा डिप्टी सीएम’ के नारों पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने तीखा तंज कसा है। गुरुवार को सपा के चुनावी घोषणापत्र लॉन्च कार्यक्रम में शामिल होने लखनऊ पहुंचे आजम खान ने चुटकी लेते हुए कहा कि इतने बड़े नेता अगर कुछ कर सकते हैं, तो मेरा ही ऐलान कर दें और मुझे प्रधानमंत्री बनवा दें। उन्होंने तंज भरे लहजे में कहा कि मेरे नाम में ‘आजम’ तो पहले से ही जुड़ा है, बस आगे ‘वज़ीर’ लगना बाकी है, जिसके बाद मैं वज़ीर-ए-आजम हो जाऊंगा।

और पढ़ें: 30 नवंबर से फिर शुरू होगी संसद की कार्यवाही! परिसीमन और महिला आरक्षण बिल लाने की तैयारी में सरकार| Parliament session November 2026

‘गंगा सूखी थी तो लोमड़ियां पार करने लगी थीं, अब गंगा बह रही है’| Azam Khan on Asaduddin Owaisi

ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ पर निशाना साधते हुए आजम खान ने कहा कि इस मोर्चे का एकमात्र मकसद सिर्फ दो-तीन उम्मीदवारों को चुनाव हरवाना है और यह इससे ज्यादा कुछ नहीं कर सकता। उन्होंने बिना नाम लिए विरोधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कोई यह गलतफहमी न पाले कि वह अपने छोटे से स्वार्थ के लिए हमें या कमजोर वर्ग को नुकसान पहुंचा सकता है। आजम ने अपने अंदाज में कहा कि हमारी मजबूरी थी कि हम जेल में थे, तो सूखी गंगा देखकर लोमड़ियां उसे पार करने लगी थीं, लेकिन अब गंगा पूरे वेग से बह रही है।

हिंदू-मुस्लिम विवाद से ऊब चुकी है जनता, आसमानी किताब नहीं है घोषणापत्र

समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र के बारे में बात करते हुए आजम खान ने दावा किया कि 2027 में सपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि आम लोग अब हिंदू-मुस्लिम विवाद से पूरी तरह तंग आ चुके हैं। नेता चाहे कितने भी बड़े दावे और बातें कर लें, लेकिन सच्चाई जनता के दिलों में उतर चुकी है।

घोषणापत्र को लेकर उन्होंने साफगोई से कहा कि अभी उन्हें भी नहीं पता कि उसमें क्या-क्या शामिल है, लेकिन जो भी होगा वह समाज की भलाई के लिए होगा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर इसमें कोई कमी रह भी जाती है, तो यह कोई ‘आसमानी किताब’ नहीं है, जरूरत पड़ने पर इसमें सुधार कर लिया जाएगा। आजम के मुताबिक, सबसे जरूरी यह है कि प्रदेश में सरकार बने और ‘निज़ाम-ए-ज़ुल्म’ का खात्मा हो।

गौरतलब है कि 2027 के चुनाव से पहले ओवैसी और चंद्रशेखर ने मिलकर ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बनाया है, जिसमें चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है। लखनऊ की रैली में ओवैसी ने कहा था कि अब अब्दुल सिर्फ दरी नहीं बिछाएगा, बल्कि डिप्टी सीएम बनकर चंद्रशेखर के साथ बैठेगा, जिस पर अब यूपी की सियासत गरमा गई है।

और पढ़ें: लाल किताब लेकर जनता को गुमराह कर रहे…संविधान दिवस पर CM योगी ने कांग्रेस और सपा को घेरा| CM Yogi Constitution Day

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds