BJP vs Akali Dal Patiala: पंजाब की राजनीति में छह साल बाद भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन तो हो गया है, लेकिन जमीनी स्तर पर इसकी तस्वीर कुछ अलग ही नजर आ रही है। पटियाला नगर निगम के 30 वार्डों में शनिवार को होने वाले पुनर्मतदान में दोनों सहयोगी दलों के उम्मीदवार एक-दूसरे के खिलाफ ही चुनावी मैदान में आमने-सामने हैं। तो चलिए, इस लेख के जरिए जानते हैं कि आखिर कैसे प्रदेश स्तर पर साथ आने के बाद भी दोनों पार्टियां एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ने को क्यों मजबूर हैं।
BJP और Akali Dal एक-दूसरे के खिलाफ क्यों लड़ रही चुनाव
दरअसल, दोनों पार्टियों के एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ने के पीछे राजनीतिक मतभेद से ज्यादा चुनावी प्रक्रिया और समय-सीमा का पेंच फंसा है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पटियाला नगर निगम के 30 वार्डों में पुनर्मतदान की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी थी। भाजपा और अकाली दल ने छह साल बाद 24 नवंबर को औपचारिक रूप से दोबारा गठबंधन करने का ऐलान किया, लेकिन तब तक पटियाला में दोनों दलों के उम्मीदवार अपने नामांकन दाखिल कर चुके थे। 20 नवंबर तक नामांकन पत्रों की जांच पूरी होने के साथ ही उम्मीदवारों को उनके चुनाव चिह्न भी आवंटित कर दिए गए थे।
नाम वापस लेने की आधिकारिक समय-सीमा निकल जाने के कारण तकनीकी रूप से किसी भी उम्मीदवार का नाम या चुनाव चिह्न बैलेट पेपर और ईवीएम से हटाना संभव नहीं था। इसके अलावा, दोनों दलों के प्रत्याशी अपने-अपने वार्डों में जोर-शोर से प्रचार और जनसंपर्क भी शुरू कर चुके थे। अंतिम समय में किसी एक प्रत्याशी को मैदान से हटाने पर स्थानीय कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ने और इसका सीधा फायदा विरोधी दलों को मिलने की आशंका थी। यही वजह है कि वार्ड नंबर 46 (जहां अकाली दल के उम्मीदवार ने नाम वापस ले लिया था) को छोड़कर बाकी सभी वार्डों में दोनों सहयोगी दल अलग-अलग चुनाव लड़ने लड़ने को मजबूर हैं।
क्या है चुनावी समीकरण और कितने उम्मीदवार मैदान में?
पटियाला नगर निगम के कुल 60 वार्डों में से इन 30 वार्डों पर हो रहे पुनर्मतदान में मुकाबला बेहद रोचक और चतुष्कोणीय हो गया है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, इन 30 वार्डों में कुल 165 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस ने सभी 30 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। वहीं, गठबंधन के बावजूद भाजपा के 30 और शिरोमणि अकाली दल के 29 उम्मीदवार (वार्ड नंबर 46 को छोड़कर) मैदान में हैं। इनके अलावा 45 निर्दलीय और अन्य प्रत्याशी भी चुनावी ताल ठोक रहे हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा और अकाली दल के अलग-अलग लड़ने से पारंपरिक वोटों का बंटवारा होने की पूरी संभावना है। एक ही गठबंधन के दो सहयोगियों के आमने-सामने होने से जहां स्थानीय स्तर पर असमंजस की स्थिति है, वहीं सत्ताधारी आम आदमी पार्टी और कांग्रेस इस वोट विभाजन का सीधा फायदा उठाने की रणनीति पर काम कर रही हैं। शनिवार, 28 नवंबर को होने वाले मतदान में यह देखना दिलचस्प होगा कि पटियाला की जनता गठबंधन के इस अनोखे मुकाबले पर क्या फैसला सुनाती है।













































