Pakistan 12 provinces news: पाकिस्तान की राजनीति और प्रशासनिक व्यवस्था में एक बड़े बदलाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स और सियासी हलकों में चल रही चर्चाओं के मुताबिक, पाकिस्तान के फील्ड मार्शल असीम मुनीर देश के मौजूदा चार प्रांतों को खत्म कर पूरे मुल्क को 12 से 15 छोटे प्रांतों में विभाजित करने की योजना पर काम कर रहे हैं। असीम मुनीर अपने इस इरादे पर पूरी तरह अडिग बताए जा रहे हैं, लेकिन इस प्रस्ताव के सामने आते ही पाकिस्तान में तीखा विरोध शुरू हो गया है। खासतौर पर सिंध प्रांत ने तो बाकायदा अपनी विधानसभा में बंटवारे की किसी भी कोशिश के खिलाफ प्रस्ताव तक पारित कर दिया है।
असीम मुनीर का विभाजन प्लान: प्रांत बनेंगे ‘नगर निगम’ और मुख्यमंत्री होंगे ‘मेयर’ जैसे! Pakistan 12 provinces news
हालांकि इस योजना का अभी तक कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन पाकिस्तानी मीडिया में चल रही खबरों के अनुसार, देश के चारों बड़े प्रांतों को कुछ इस तरह बांटने का खाका तैयार किया जा रहा है:
- पंजाब: 4 हिस्से
- खैबर पख्तूनख्वा: 3 हिस्से
- बलूचिस्तान: 3 हिस्से
- सिंध: 2 हिस्से (हालांकि कुछ चर्चाओं में सिंध के भी 4 हिस्से करने की बात कही जा रही है)
विश्लेषकों का मानना है कि असीम मुनीर का असली मकसद पूरे पाकिस्तान को दर्जन भर से ज्यादा छोटे प्रांतों में तब्दील करना है। इस नए ढांचे में ये प्रांत किसी पूर्ण राज्य के बजाय महज एक ‘नगर निगम’ जैसे रह जाएंगे, जहां मुख्यमंत्री की हैसियत एक मेयर के बराबर होगी और उसके पास शक्तियां न के बराबर रहेंगी। इस पूरी व्यवस्था की निगरानी सीधे सेना के हाथों में होगी। आसान शब्दों में कहें तो पूरे पाकिस्तान पर सेना का सीधा नियंत्रण हो जाएगा और चुने हुए नेताओं की राजनीतिक ताकत हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी।
जरदारी-बिलावल खुलकर सामने, शहबाज शरीफ कर रहे ‘टाइमपास’
इस संभावित बंटवारे को लेकर पाकिस्तान के दो बड़े राजनीतिक परिवारों का रुख बिल्कुल अलग नजर आ रहा है। बिलावल भुट्टो, उनके पिता राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और उनकी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) मुनीर के इस प्रस्ताव का खुलकर विरोध कर रही है। दूसरी तरफ, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ सीधे तौर पर सामने आने से बच रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि शहबाज डिप्लोमेटिक तरीके से असीम मुनीर को रोकने की कोशिश कर रहे हैं और फिलहाल उन्हें ‘मक्खन लगाकर’ समय निकालने (टाइमपास करने) की रणनीति अपना रहे हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, असीम मुनीर का असली लक्ष्य आसिफ अली जरदारी और शरीफ परिवार जैसी वंशवादी राजनीति को खत्म करना है। माना जा रहा है कि ऐसा करके मुनीर सेना को और अधिक सशक्त बनाना चाहते हैं और जनरल परवेज मुशर्रफ या जिया-उल-हक की तरह वर्दी पहनकर देश के राष्ट्रपति बनने की महत्वाकांक्षा रखते हैं।
मुनीर के करीबियों की दलील बनाम देश में गृहयुद्ध का खतरा
दूसरी तरफ, असीम मुनीर के करीबी माने जाने वाले पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी और उनके समर्थक नेताओं का तर्क है कि छोटे प्रांत बनाने से आतंकवाद पर लगाम लगेगी और प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी। वे आबादी का हवाला देते हुए कहते हैं कि अकेले पंजाब प्रांत की आबादी करीब 12.9 करोड़ है, जबकि बलूचिस्तान का क्षेत्रफल काफी विशाल होने के बावजूद वहां आबादी बेहद कम है।
लेकिन विरोधियों का कहना है कि इस बंटवारे से पंजाब में शरीफ परिवार, सिंध में भुट्टो-जरदारी परिवार और खैबर पख्तूनख्वा में इमरान खान की पार्टी (PTI) का राजनीतिक अस्तित्व खतरे में पड़ जाएगा और अपने पारंपरिक वोटबैंक पर से इनका एकाधिकार टूट जाएगा।
एक्सपर्ट्स ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर पाकिस्तान को बांटने की कोशिश हुई तो इसके बेहद खतरनाक नतीजे हो सकते हैं। बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में पहले से ही संघर्ष छिड़ा हुआ है। पूरा देश राजनीतिक अविश्वास और सामाजिक तनाव से गुजर रहा है ऐसे में अगर सिंध और अन्य इलाकों में भी बंटवारे को लेकर हिंसा भड़की, तो पूरे मुल्क में ऐसी अफरा-तफरी मचेगी जिसे संभालना पाकिस्तान के बस से बाहर होगा।












































