Vardhman Jain Tirupati Gold Donation: आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुपति बालाजी मंदिर में 121 किलो सोने के बेशकीमती आभूषण दान करने वाले चेन्नई के कारोबारी वर्धमान जैन इन दिनों हर तरफ चर्चा का विषय बने हुए हैं। उन्होंने अपनी पत्नी राधिका जैन के साथ मिलकर भगवान वेंकटेश्वर को सोने के 45-46 विशेष पारंपरिक आभूषण भेंट किए हैं। इन गहनों में मुकुट, हार, बाजूबंद, कंधों के आभूषण, कमरबंद और चरणों के गहने शामिल हैं, जिनमें से कई पर बेशकीमती हीरे भी जड़े हुए हैं। सभी खर्चों को मिलाकर इस भव्य भेंट की कुल कीमत 200 करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी गई है।
26 नवंबर को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में ये आभूषण भगवान को अर्पित किए गए। तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि भगवान के सिर से पैर तक के श्रृंगार के लिए तैयार किए गए इन गहनों का इस्तेमाल रोजाना के धार्मिक अनुष्ठानों और विशेष श्रृंगार में होगा। इस ऐतिहासिक दान के बाद हर कोई यह जानने को उत्सुक है कि आखिर वर्धमान जैन कौन हैं और उन्होंने इतनी बड़ी रकम कैसे जुटाई?
कौन हैं वर्धमान जैन? Vardhman Jain Tirupati Gold Donation
वर्धमान जैन हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी और आउटसोर्सिंग सेक्टर के एक दिग्गज उद्यमी हैं। वह चेन्नई स्थित ‘एक्सेस हेल्थकेयर’ (Access Healthcare) के फाउंडर और वाइस चेयरमैन हैं, जो दुनिया भर के अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं को मेडिकल बिलिंग, बीमा क्लेम और वित्तीय प्रबंधन से जुड़ी सेवाएं देती है। चेन्नई के लोयोला कॉलेज से स्टैटिस्टिक्स में पढ़ाई करने के बाद जैन ने अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास, ऑस्टिन से कंप्यूटर साइंस में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री हासिल की। कारोबार के अलावा वह समाजसेवा में भी सक्रिय हैं; वह एशिया इंजीनियरिंग के डायरेक्टर होने के साथ-साथ कांची कामकोटि चिल्ड्रन्स ट्रस्ट हॉस्पिटल के मैनेजिंग ट्रस्टी भी हैं, जो जरूरतमंद बच्चों के इलाज के लिए काम करता है।

1997 में रखी नींव, डेल (Dell) तक का सफर
वर्धमान जैन का कारोबारी सफर करीब तीन दशक पहले 1997 में शुरू हुआ था, जब उन्होंने अनुराग जैन के साथ मिलकर ‘विजन हेल्थसोर्स’ (Vision HealthSource) नाम से मेडिकल बिलिंग और क्लेम मैनेजमेंट की एक छोटी कंपनी शुरू की। आसान शब्दों में कहें तो उनकी कंपनी अस्पतालों और डॉक्टरों को इलाज के बाद बीमा कंपनियों से भुगतान दिलाने और क्लेम प्रोसेस करने में मदद करती थी।

साल 2003 में ‘पेरोट सिस्टम्स’ (Perot Systems) ने उनकी कंपनी का अधिग्रहण कर लिया और इसके छह साल बाद दिग्गज टेक कंपनी ‘डेल’ (Dell) ने पेरोट सिस्टम्स को खरीद लिया। इसके बाद जैन डेल सर्विसेज के ग्लोबल बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग (BPO) कारोबार के मैनेजिंग डायरेक्टर बने, जहां उन्होंने 100 से ज्यादा क्लाइंट्स और करीब 9,000 कर्मचारियों की बड़ी टीम का नेतृत्व किया।
‘एक्सेस हेल्थकेयर’ और उस बड़ी डील ने बदल दी तस्वीर
डेल के साथ काम करने के बाद जैन ने अपनी नई कंपनी ‘एक्सेस हेल्थकेयर’ की नींव रखी। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के प्रशासनिक और वित्तीय कामकाज को आसान बनाने के लिए ऑटोमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया, जिससे उनकी कंपनी ग्लोबल स्तर पर एक बड़ा ब्रांड बन गई।
जैन की इस ऐतिहासिक दानवीरता के पीछे जनवरी 2025 में हुई एक बड़ी कारोबारी डील की अहम भूमिका है। उस समय अमेरिका की प्राइवेट इक्विटी फर्म ‘न्यू माउंटेन कैपिटल’ (New Mountain Capital) ने एक्सेस हेल्थकेयर में बड़ी हिस्सेदारी खरीदने का ऐलान किया था। इस सौदे की कुल कीमत 1.5 अरब से 2 अरब डॉलर के बीच आंकी गई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस डील में वर्धमान जैन ने अपनी करीब 70 फीसदी हिस्सेदारी बेची थी, जिसके बाद ही उन्होंने भगवान वेंकटेश्वर को 200 करोड़ रुपये से ज्यादा के स्वर्ण आभूषण अर्पित करने का संकल्प लिया था।













































