AAP leader marriage fraud: पंजाब के फतेहगढ़ साहिब से शादी के नाम पर ठगी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां आम आदमी पार्टी (AAP) के एक स्थानीय नेता को झांसे में रखकर ऐसी शादी करा दी गई, जिसकी सच्चाई सामने आने के बाद उनके होश उड़ गए। आरोप है कि जिस महिला को कुंवारी और पीसीएस (PCS) अफसर बताकर ब्याहा गया था, वह न तो कोई अफसर निकली और न ही कुंवारी। असल में वह पहले से तलाकशुदा और एक बच्चे की मां निकली। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी दुल्हन समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
शक हुआ तो खुला फर्जीवाड़े का राज| AAP leader marriage fraud
यह पूरा मामला फतेहगढ़ साहिब के गांव मंडोफल का है। यहां के निवासी और सरहिंद मार्केट कमेटी के चेयरमैन अमरिंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पूरी तरह झूठी जानकारी देकर 10 फरवरी 2026 को उनकी शादी मनविंदर कौर नाम की महिला से करवाई गई थी। शादी के समय लड़की पक्ष ने दावा किया था कि मनविंदर एक पीसीएस अधिकारी है और कुंवारी है।
शादी के कुछ समय बाद अमरिंदर सिंह को अपनी पत्नी की हरकतों और बातचीत पर शक होने लगा। जब उन्होंने अपने स्तर पर पड़ताल करवाई, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पता चला कि महिला किसी भी सरकारी पद पर तैनात नहीं है। इतना ही नहीं, वह पहले से तलाकशुदा है और उसका एक बच्चा भी है। महिला और उसके परिजनों ने उसकी असली पहचान और पारिवारिक पृष्ठभूमि पूरी तरह छिपाकर यह शादी कराई थी।
फर्जी दस्तावेज बनवाकर बदली उम्र, जेवर लेकर फरार
फतेहगढ़ साहिब के डीएसपी कुलबीर सिंह संधू के अनुसार, अमरिंदर सिंह ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि मनविंदर कौर ने शादी के लिए जाली कागजात तैयार करवाए थे। उसने अपने जन्म प्रमाण पत्र में हेरफेर कर जन्म का साल 1980 से बदलकर 1992 करवाया था। इसके अलावा पहचान छिपाने के लिए अपने पहचान पत्रों और पैन कार्ड में भी फेरबदल कराया गया था।
पीड़ित का आरोप है कि सच्चाई सामने आने के बाद महिला घर में रखा सोना-चांदी और कीमती सामान समेटकर फरार हो गई।
दुल्हन समेत 6 लोगों पर FIR दर्ज
थाना फतेहगढ़ साहिब के प्रभारी रूपिंदर सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद प्राथमिक जांच की गई, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद आरोपी महिला मनविंदर कौर, उसके भाई तरलोचन सिंह, मां अमरजीत कौर और ताऊ के बेटे नरेंद्र सिंह के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है।
इस साजिश में मदद करने के आरोप में मनविंदर की भाभी बरुपिंदर कौर और तरनतारन के पूर्व सरपंच सुखमंदर सिंह राणा को भी मुकदमे में नामजद किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है, हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं।
अफवाह फैलाने वालों को पुलिस की चेतावनी
डीएसपी कुलबीर सिंह संधू ने आम लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि वे इस संवेदनशील मामले को लेकर किसी भी तरह की मनगढ़ंत कहानियां, जाली खबरें या भ्रामक पोस्ट शेयर न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इंटरनेट पर अफवाह फैलाने या फर्जी सूचनाएं फॉरवर्ड करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














































