2.26  लाख फॉलोअर्स,रिटायर्ड पुलिस अफसर का बेटा… फिर बीच सड़क पर मैड संधू को किसने और क्यों मार दी गोली? Mad Sandhu Death News

Nandani | Nedrick News Punjab Published: 05 अक्टूबर 2026, 09:29 PM Updated: 05 अक्टूबर 2026, 09:29 PM
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google

Mad Sandhu Death News: पंजाब के अमृतसर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शहर के जाने-माने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू की शनिवार शाम अज्ञात हमलावरों ने सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी। यह खौफनाक वारदात लुहारका रोड इलाके में हुई, जब बाइक सवार दो बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। खून से लथपथ हालत में उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सोशल मीडिया पर कुछ विचलित करने वाले वीडियो भी वायरल हो रहे हैं, जिनमें वे सड़क पर गंभीर हालत में पड़े नजर आ रहे हैं।

और पढ़ें: प्रेमानंद महाराज के आश्रम से लापता अनुज सकुशल बरामद: कई अन्य लापता बच्चों की गुहार लेकर केली कुंज पहुंचे मां-बाप| Radha Keli Kunj protest

शाम 6 बजे बाइक सवारों ने दागीं दो गोलियां| Mad Sandhu Death News

अमृतसर पुलिस कमिश्नरेट के एडीसीपी सिटी-2 और डीसीपी (जांच) प्रभजोत सिंह विर्क के अनुसार, यह वारदात शनिवार शाम करीब छह बजे हुई। प्रारंभिक तफ्तीश में सामने आया है कि बाइक पर सवार होकर आए दो हमलावरों ने मैड संधू को निशाना बनाते हुए दो गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

कौन थे मैड संधू?

मैड संधू का असली नाम मधुसूदन संधू था और वे पंजाब पुलिस के एक रिटायर्ड अधिकारी के बेटे थे। इंस्टाग्राम पर 2.26 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स वाले संधू खुद को मेकअप आर्टिस्ट, आर्टिस्ट, आंत्रप्रेन्योर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के तौर पर पेश करते थे। उन्होंने अमृतसर में ‘मेन्स लेन यूनिसेक्स सैलून’ शुरू किया था और युवाओं को ब्यूटी ट्रेनिंग भी देते थे। इसके अलावा उन्होंने पंजाबी फिल्म ‘ओये भोले ओये’ में भी अभिनय किया था।

मैड संधू एलजीबीटीक्यू+ (LGBTQ+) कम्युनिटी से जुड़े थे और अपनी सेक्शुअल पहचान को लेकर हमेशा खुलकर बात करते थे। एक पॉडकास्ट में उन्होंने कहा था, “यह कोई बीमारी नहीं है। जैसे समाज ने अंतरजातीय और प्रेम विवाह को स्वीकार किया, वैसे ही इसे भी धीरे-धीरे लोग समझेंगे। मैं जैसा हूं, वैसा ही रहूंगा।” हालांकि, खुलकर जीने की वजह से उन्हें अक्सर ऑनलाइन ट्रोलिंग और धमकियों का सामना करना पड़ता था। कुछ महीने पहले एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें एक कथित निहंग उन्हें धमकाता नजर आया था।

पंजाब में इन्फ्लुएंसर्स को निशाना बनाए जाने का सिलसिला

पंजाब में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को धमकियां मिलने और उन पर हमले की यह कोई पहली घटना नहीं है:

  • मनजीत कौर मर्डर: खरार की मेकअप आर्टिस्ट और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर को चंडीगढ़ से अगवा कर जिंदा जला दिया गया था। दो महीने जिंदगी की जंग लड़ने के बाद 26 अगस्त 2026 को पीजीआई में उनकी मौत हो गई थी।
  • कमल कौर भाभी हत्याकांड: 11 जून 2025 को लुधियाना की कंचन कुमारी उर्फ ‘कमल कौर भाभी’ की लाश बठिंडा के आदेश अस्पताल की पार्किंग में खड़ी कार से बरामद हुई थी।
  • अन्य इन्फ्लुएंसर्स को धमकियां: अमृतसर की दीपिका लूथरा और सिमरप्रीत कौर समेत कई अन्य फीमेल इन्फ्लुएंसर्स ने भी कथित निहंगों से धमकियां मिलने की शिकायतें दर्ज कराई थीं, जिसके बाद कुछ युवकों ने माफी के वीडियो भी पोस्ट किए थे।

विपक्षी दलों ने भगवंत मान सरकार को घेरा

दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद राज्य की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई है।

  • भाजपा का हमला: भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि अमृतसर में दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने साबित कर दिया है कि पंजाब को अपराधियों और माफियाओं के हवाले कर दिया गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की विफलता से समृद्ध पंजाब अब ‘क्राइम कैपिटल’ बनता जा रहा है। वहीं, पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने कहा, “पंजाब में एक और दिन, एक और हत्या! सरकार को नींद से जगाने के लिए आखिर कितनी जानें जाएंगी?”
  • कांग्रेस की प्रतिक्रिया: अमृतसर से कांग्रेस सांसद गुरजीत औजला ने कहा कि यह सिर्फ मैड संधू की नहीं, बल्कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की हत्या है। उन्होंने कहा कि संधू को लगातार मिल रही धमकियों को पुलिस ने तब तक नजरअंदाज किया जब तक उनकी जान नहीं चली गई। उन्होंने लुहारका रोड इलाके में तुरंत नया पुलिस थाना, सीसीटीवी नेटवर्क और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग की।

और पढ़ें: बदायूं में जमीन विवाद पर सुलग उठी आग: जलती झोपड़ी के सामने युवती बोली- फूलन देवी बनकर बदला लूंगी| Badaun news

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds