कटिहार में बाढ़ राहत व्यवस्था पर भड़का जनता का गुस्सा: जायजा लेने पहुंचे मंत्री और विधायक के खिलाफ किया जमकर हंगामा| Bihar news

Nandani | Nedrick News Bihar Published: 14 सितम्बर 2026, 05:12 AM Updated: 14 सितम्बर 2026, 05:12 AM
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google

Bihar news: बिहार के कटिहार जिले में बाढ़ की मार झेल रहे ग्रामीणों के सब्र का बांध आखिरकार टूट गया। बरारी प्रखंड के मोहना चांदपुर इलाके में बाढ़ राहत और प्रशासनिक इंतजामों को लेकर लोगों का गुस्सा उस वक्त खुलेआम सड़कों पर दिखा, जब बाढ़ पीड़ितों ने मौके पर पहुंच रहे जिले के प्रभारी मंत्री और स्थानीय विधायक का जोरदार विरोध कर दिया। राहत कैंप के बाहर भारी भीड़ ने जनप्रतिनिधियों को घेर लिया और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। माहौल इतना गरमा गया कि नेताओं को कैंप के अंदर कदम रखे बिना ही वहां से अपनी गाड़ियां मोड़कर बैरंग लौटना पड़ा।

और पढ़ें: दिल्ली में अवैध निर्माणों पर गरजा बुलडोजर: 12 जोनों में 33 इमारतों पर एक्शन, 2251 पीजी का हुआ सर्वे| Delhi illegal construction demolition

कैंप पहुंचे थे हालात जानने, लोगों ने बीच रास्ते में घेरा| Bihar news

मिली जानकारी के अनुसार, कटिहार के प्रभारी मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी और बरारी विधानसभा क्षेत्र के विधायक विजय सिंह मोहना चांदपुर स्थित राहत शिविर में शरण लिए बाढ़ प्रभावित परिवारों का हाल-चाल जानने पहुंचे थे। जैसे ही दोनों नेताओं का काफिला वहां पहुंचा, सैकड़ों की तादाद में मौजूद ग्रामीणों और पीड़ितों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया।

लोग प्रशासनिक लचर व्यवस्था, खाने-पीने की किल्लत और राहत सामग्री के वितरण में हो रही देरी को लेकर बेहद खफा थे। ग्रामीणों का कहना था कि सिर्फ सड़क किनारे बने कैंपों में औपचारिकता निभाने से काम नहीं चलेगा। नेताओं को पानी में डूबे गांवों और प्रभावित टोलों के भीतर जाकर देखना चाहिए कि लोग किस हाल में जी रहे हैं।

‘मुर्दाबाद’ के नारों से गूंजा इलाका, उल्टे पांव भागे नेता

बातचीत के दौरान शिकायतों का सिलसिला शुरू हुआ, लेकिन प्रशासनिक सुस्ती से त्रस्त ग्रामीणों का गुस्सा धीरे-धीरे बेकाबू हो गया। देखते ही देखते राहत शिविर के बाहर का पूरा माहौल तनावपूर्ण हो गया। आक्रोशित भीड़ ने प्रभारी मंत्री, स्थानीय विधायक और क्षेत्र के सांसद के खिलाफ तीखी नारेबाजी शुरू कर दी और ‘मुर्दाबाद’ के नारे लगाने लगी।

विरोध प्रदर्शन और जनता के तीखे तेवर को देखकर दोनों नेताओं ने आगे बढ़कर राहत शिविर का मुआयना करने का जोखिम नहीं उठाया। मौके की नजाकत को भांपते हुए मंत्री और विधायक ने वहां से तुरंत निकल जाना ही बेहतर समझा और बिना कोई जायजा लिए वापस लौट गए। नेताओं के इस तरह उल्टे पांव भागने की घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे परिवार, बढ़ा अविश्वास

बाढ़ के तांडव ने बरारी प्रखंड में आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। सैकड़ों परिवार अपने आशियाने छोड़कर सुरक्षित जगहों पर पनाह लिए हुए हैं और पूरी तरह सरकारी सहायता पर निर्भर हैं। स्थानीय सरपंच इरशाद ने भी ग्रामीणों की तकलीफों का समर्थन करते हुए कहा कि जमीन पर राहत कार्य बेहद धीमी गति से चल रहे हैं, जिससे पीड़ित परिवारों में प्रशासन के प्रति गहरी नाराजगी है।

और पढ़ें: न राज्य था, ना बनेगा..अनुच्छेद 371 के तहत चुनी जाएगी लद्दाख की नई संस्था; बेनतीजा बैठक पर भड़के वांगचुक| Ladakh Elected Body

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds