Atiq Ahmed Family: माफिया डॉन और पूर्व सांसद अतीक अहमद का परिवार पिछले तीन वर्षों से लगातार बड़े झटकों का सामना कर रहा है। कभी उत्तर प्रदेश की राजनीति और अपराध जगत में मजबूत पकड़ रखने वाला यह परिवार अब मौत, पुलिस कार्रवाई और कानूनी मामलों के कारण लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। ताजा मामला अतीक अहमद के छोटे बेटे आबान अहमद की सड़क हादसे में हुई मौत का है। बताया गया कि आबान अपने भाई अली अहमद से मिलने झांसी जेल जा रहा था, तभी रास्ते में कार हादसे का शिकार हो गई। इस घटना के बाद एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं कि आखिर अतीक अहमद के परिवार में अब कौन-कौन बचा है और पिछले तीन साल में इस परिवार के साथ क्या-क्या हुआ।
उमेश पाल हत्याकांड से शुरू हुआ घटनाओं का सिलसिला| Atiq Ahmed Family
24 फरवरी 2023 को प्रयागराज में बसपा विधायक रहे राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनर की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड का आरोप अतीक अहमद और उसके गैंग पर लगा। घटना के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस और एसटीएफ ने बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू की। इसी अभियान ने अतीक अहमद के पूरे आपराधिक नेटवर्क को हिला कर रख दिया।
सबसे पहले मारा गया अरबाज
उमेश पाल हत्याकांड के महज तीन दिन बाद, 27 फरवरी 2023 को प्रयागराज पुलिस ने आरोपी अरबाज को नेहरू पार्क के पास मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस का दावा था कि अरबाज ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में कार्रवाई की गई। जांच एजेंसियों के मुताबिक, उमेश पाल हत्याकांड में इस्तेमाल की गई क्रेटा कार वही चला रहा था। अरबाज को अतीक अहमद का बेहद करीबी माना जाता था।
उस्मान भी पुलिस मुठभेड़ में ढेर
6 मार्च 2023 को पुलिस ने उमेश पाल हत्याकांड के एक और आरोपी विजय चौधरी उर्फ उस्मान को मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस का कहना था कि उसी ने उमेश पाल पर पहली गोली चलाई थी। उस पर भी इनाम घोषित था। इस कार्रवाई के बाद पुलिस का फोकस सीधे अतीक अहमद के परिवार और उसके करीबी लोगों पर आ गया।
बेटे असद का एनकाउंटर
13 अप्रैल 2023 को उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने झांसी में अतीक अहमद के तीसरे बेटे असद अहमद और उसके साथी गुलाम को मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार, दोनों ने एसटीएफ टीम पर फायरिंग की थी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई। असद पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था और उसे उमेश पाल हत्याकांड का मुख्य आरोपी माना गया था। मौके से विदेशी हथियार, कारतूस और मोटरसाइकिल भी बरामद हुई थी।
गुलाम भी इस मामले का अहम आरोपी था और उस पर भी पांच लाख रुपये का इनाम था। इस एनकाउंटर ने पूरे देश में काफी चर्चा बटोरी थी।
दो दिन बाद अतीक और अशरफ की हत्या
असद की मौत के सिर्फ दो दिन बाद, 15 अप्रैल 2023 की रात प्रयागराज में बेहद सनसनीखेज वारदात हुई। पुलिस अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ अहमद को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जा रही थी। दोनों मीडिया से बात कर रहे थे, तभी पत्रकार बनकर आए तीन हमलावरों ने बेहद करीब से उन पर गोलियां बरसा दीं।
कुछ ही सेकेंड में अतीक और अशरफ की मौत हो गई। पूरी घटना कैमरों में कैद हुई और पूरे देश में चर्चा का विषय बन गई। पुलिस ने मौके से तीनों आरोपियों लवलेश तिवारी, अरुण मौर्य और सनी सिंह को गिरफ्तार कर लिया। बाद में इस मामले की जांच के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने न्यायिक आयोग का गठन भी किया।
अब सड़क हादसे में गई आबान की जान
करीब तीन साल बाद अतीक अहमद के परिवार पर एक और दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उसके छोटे बेटे आबान अहमद की झांसी में सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे के वक्त वह अपने भाई अली अहमद से मिलने जेल जा रहा था। पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे आबान समेत दो लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
गौरतलब है कि 2023 में अतीक और उसकी पत्नी शाइस्ता परवीन के खिलाफ कार्रवाई के बाद आबान और उसके भाई एहजम को बाल संरक्षण गृह भेजा गया था। बाद में अक्टूबर 2023 में दोनों को रिहा कर उनकी बुआ की देखरेख में भेज दिया गया था।
अब परिवार में कौन-कौन बचा है?
अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन अब भी उमेश पाल हत्याकांड में वांछित हैं और लंबे समय से फरार चल रही हैं। बड़ा बेटा उमर अहमद लखनऊ जेल में न्यायिक हिरासत में है। दूसरा बेटा अली अहमद हत्या के मामले में जेल में बंद है। तीसरे बेटे असद की 2023 में पुलिस एनकाउंटर में मौत हो चुकी है। अब चौथे बेटे आबान की भी सड़क हादसे में जान चली गई है। सबसे छोटे बेटे एहजम के बारे में जानकारी है कि वह बाल संरक्षण गृह से रिहा होने के बाद अपनी बुआ के साथ रह रहा है।
लगातार बिखरता गया परिवार
अगर पिछले तीन वर्षों की घटनाओं पर नजर डालें तो अतीक अहमद का परिवार लगातार संकटों से घिरा रहा है। पहले उमेश पाल हत्याकांड के बाद पुलिस की कार्रवाई, फिर बेटे असद का एनकाउंटर, उसके बाद अतीक और अशरफ की हत्या और अब आबान की सड़क दुर्घटना में मौत ने इस परिवार को लगभग पूरी तरह बिखेर दिया है। फिलहाल परिवार का एक सदस्य फरार है, कुछ जेल में हैं और कई मामलों में कानूनी कार्रवाई अब भी जारी है। ऐसे में अतीक अहमद का कभी प्रभावशाली माना जाने वाला कुनबा आज लगातार मुश्किलों और त्रासदियों के दौर से गुजर रहा है।














































