Virender Sehwag 48th birthday: क्रिकेट की दुनिया में ‘नजफगढ़ का नवाब’ और ‘मुल्तान का सुल्तान’ जैसे नामों से मशहूर भारत के पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग आज अपना 48वां जन्मदिन मना रहे हैं। टेस्ट क्रिकेट की पारंपरिक परिभाषा बदलकर उसे वनडे की रफ्तार देने वाले सहवाग इकलौते ऐसे भारतीय बल्लेबाज हैं, जिनके नाम टेस्ट में दो तिहरे शतक दर्ज हैं। उनका खेलने का अंदाज जितना बेखौफ था, मैदान पर उनका दिमाग भी उतना ही तेज चलता था। जन्मदिन के इस खास मौके पर आइए जानते हैं सहवाग का वो मजेदार और शातिराना किस्सा, जिसका जिक्र ऑस्ट्रेलिया के महान लेग स्पिनर स्वर्गीय शेन वॉर्न ने अपनी किताब में भी किया है।
जब रिवर्स स्विंग से बचने के लिए मैदान से बाहर उड़ा दी गेंद| Virender Sehwag 48th birthday
यह वाकया इंग्लिश काउंटी क्रिकेट का है। सहवाग उस वक्त लेस्टरशर की टीम की तरफ से खेल रहे थे और सामने मिडिलसेक्स की चुनौती थी। मिडिलसेक्स की तरफ से पाकिस्तान के घातक ऑलराउंडर अब्दुल रज्जाक गेंदबाजी कर रहे थे। गेंद पुरानी हो चुकी थी और रज्जाक की शानदार रिवर्स स्विंग के सामने बल्लेबाजों का टिकना मुश्किल हो रहा था। गेंदबाजी के इस जाल से निपटने के लिए सहवाग के दिमाग में एक जबरदस्त तरकीब आई। वे नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े अपने जोड़ीदार जेरेमी स्नेप के पास गए और बोले, “मैं इस गेंद को सीधे मैदान के बाहर फेंक देता हूं।” स्नेप कुछ समझ पाते, उससे पहले ही सहवाग ने अगले ओवर में जोरदार हवाई शॉट खेला और गेंद को स्टेडियम पार पहुंचा दिया।
अब चूंकि गेंद खो चुकी थी, अंपायरों को मजबूरी में नई गेंद मंगवानी पड़ी। नई गेंद तुरंत रिवर्स स्विंग नहीं होती, जिसका सहवाग को पूरा फायदा मिला। गेंद बदलते ही सहवाग ने मुस्कुराते हुए अपने साथी से कहा, “अब हम अगले एक घंटे तक पूरी तरह सुरक्षित हैं।” शेन वॉर्न को सहवाग की यह क्रिकेटिंग सूझबूझ इतनी भाई कि उन्होंने अपनी किताब में इस चालाकी की जमकर तारीफ की।
आंकड़ों की जुबानी: सहवाग के वो रिकॉर्ड, जिन्हें तोड़ना आसान नहीं
वीरेंद्र सहवाग का पूरा अंतरराष्ट्रीय करियर हैरान करने वाले रिकॉर्ड्स से भरा पड़ा है:
- सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी: टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर (319 रन, बनाम दक्षिण अफ्रीका) सहवाग के ही नाम है।
- तूफानी स्ट्राइक रेट: टेस्ट क्रिकेट में 5,000 से अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में सबसे बेहतरीन 82.23 का स्ट्राइक रेट सहवाग का है। वहीं, वनडे में कम से कम 5 हजार रन बनाने वाले ओपनर्स में उनका 104.72 का स्ट्राइक रेट दुनिया में सबसे अव्वल है।
- बाउंड्री से रनों की बारिश: एक टेस्ट पारी में सिर्फ चौकों-छक्कों से 202 रन बनाने का भारतीय रिकॉर्ड सहवाग के नाम दर्ज है।
- एक दिन में 284 रन: टेस्ट मैच के एक ही दिन में अकेले 284 रन कूटने का करिश्मा भी उन्होंने किया है।
- चार बार 250+ स्कोर: टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा 4 बार 250 से ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम है।
- सबसे तेज तिहरा शतक: उन्होंने सिर्फ 278 गेंदों में तिहरा शतक जड़कर टेस्ट इतिहास का सबसे तेज तिहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
- 150+ स्कोर का दबदबा: टेस्ट में 14 बार 150 से ज्यादा रन की पारियां खेलने का अनोखा रिकॉर्ड भी सहवाग के खाते में है।
- पावरप्ले के बॉस: वनडे पावरप्ले के अंदर सबसे ज्यादा 7 अर्धशतक जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज सहवाग ही हैं।
- एक साल में 302 चौके: साल 2008 में उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ते हुए एक कैलेंडर ईयर में सर्वाधिक 302 चौके लगाए थे। साथ ही, एक ही साल में 13 बार पचास से अधिक का स्कोर खड़ा करने का कमाल भी उन्होंने किया।
- आईपीएल में दबदबा: आईपीएल के मिडिल ओवर्स में कम से कम 1000 रन बनाने वालों में सहवाग का स्ट्राइक रेट सबसे तगड़ा (172.68) रहा है। इसके अलावा दिल्ली फ्रेंचाइजी के लिए सबसे ज्यादा 10 ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड भी सहवाग ने ही जीते हैं।














































