Bronson Reed Passes Away: प्रोफेशनल रेसलिंग की दुनिया से एक बेहद दुखद और स्तब्ध कर देने वाली खबर सामने आई है। WWE के मशहूर और ताकतवर रेसलर ब्रॉनसन रीड का महज 38 साल की उम्र में निधन हो गया है। ब्रॉनसन रीड का असली नाम जर्मेन हेली था। साल 2019 में WWE में कदम रखने वाले रीड अपनी दमदार कद-काठी और आक्रामक अंदाज के लिए जाने जाते थे। हाल के दिनों में वह ब्रॉन ब्रेकर, लोगन पॉल, ऑस्टिन थ्योरी और मैक्सिन डुप्री के साथ चर्चित ग्रुप ‘द विजन’ का हिस्सा थे।
WWE ने आधिकारिक बयान जारी कर उनके निधन की पुष्टि की है। कंपनी ने गहरा दुख जताते हुए कहा कि जर्मेन हेली (ब्रॉनसन रीड) का 38 वर्ष की आयु में मेडिकल कॉम्प्लिकेशंस (चिकित्सीय जटिलताओं) के कारण निधन हो गया है।
क्राउन ज्वेल में लगी चोट पड़ी भारी, पत्नी हैं गर्भवती| Bronson Reed Passes Away
ब्रॉनसन रीड इसी महीने सऊदी अरब में आयोजित हुए बड़े इवेंट ‘क्राउन ज्वेल’ के दौरान एक मुकाबले में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। ओबा फेमी के खिलाफ लड़े गए इस मैच में उन्हें जोर से एक टेबल पर पटक दिया गया था। इस खतरनाक मूव के कारण रीड की पसलियां टूट गई थीं और उनकी किडनी में भी गंभीर चोट आई थी, जिसके बाद से उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी।
WWE remembers the legacy of Jermaine Haley, also known as Bronson Reed. Our thoughts and deepest condolences are with Jermaine’s entire family, including his pregnant wife, Paige, their daughter, as well as his friends, co-workers and fans. https://t.co/SZNt4GEVLE
— WWE (@WWE) November 28, 2026
रीड के जाने से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी पैज और एक बेटी को छोड़ गए हैं। पैज और रीड की दोस्ती स्कूल के दिनों से ही थी। सबसे भावुक कर देने वाली बात यह है कि उनकी पत्नी इस वक्त गर्भवती हैं और परिवार में एक नए मेहमान के आने की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन उससे पहले ही रीड ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया।
ऑस्ट्रेलिया से शुरू हुआ था सफर, जीते थे कई बड़े खिताब
ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड में जन्मे जर्मेन हेली को बचपन से ही खेलों का जुनून था। उन्होंने अपने शुरुआती दिनों में ऑस्ट्रेलियन रूल्स फुटबॉल, सॉकर, रग्बी और बास्केटबॉल जैसे कई खेल खेले। इसके बाद साल 2007 में उन्होंने प्रोफेशनल रेसलिंग की दुनिया में डेब्यू किया। WWE में आने के बाद उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई। वह एक बार ‘NXT नॉर्थ अमेरिकन चैंपियन’ भी रहे और साल 2024 में प्रतिष्ठित ‘आंद्रे द जायंट मेमोरियल बैटल रॉयल’ का खिताब भी अपने नाम किया था।
फरवरी में लगी चोट से उबरकर की थी शानदार वापसी
यह साल रीड के लिए शारीरिक तौर पर काफी चुनौतीपूर्ण रहा। इस साल फरवरी में बाइसेप्स (Biceps) में चोट लगने के कारण वह लंबे समय तक रिंग से दूर रहे थे। हालांकि, इस ब्रेक के दौरान उन्होंने अपनी फिटनेस पर कड़ी मेहनत की और सितंबर में जब रिंग में वापसी की, तो वह अपने करियर की सबसे बेहतरीन शेप में नजर आए थे। वापसी के बाद वह WWE की मुख्य स्टोरीलाइन का अहम हिस्सा बन गए थे, लेकिन क्राउन ज्वेल की चोट ने इस शानदार सफर पर हमेशा के लिए विराम लगा दिया।













































