Top 5 Ghaziabad News: गाजियाबाद में आज अपराध, अदालत, प्रशासन, राजनीति और आम आदमी की जेब से जुड़ी पांच प्रमुख खबरें चर्चा में हैं। एक तरफ इंदिरापुरम के सनसनीखेज धीमा जहर मामले में पुलिस जांच बेटे के फोन की सीडीआर तक जा पहुंची है, तो दूसरी तरफ हाईटेक टाउनशिप भूमि अधिग्रहण पर इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले ने मालिकाना हक की स्थिति स्पष्ट कर दी है।
इसी बीच, पीएम आवास योजना के ड्रॉ में हजारों आवेदकों को बाहर किए जाने से जीडीए दफ्तर से कलेक्ट्रेट तक हंगामा देखने को मिला, जबकि 2027 विधानसभा चुनाव की आहट के साथ जिले की पांचों सीटों पर भाजपा में टिकट की जंग तेज हो गई है।
इन तमाम हलचलों के बीच शहर के 11.87 लाख बिजली उपभोक्ताओं के लिए दिसंबर के बिल में 3.32 प्रतिशत सरचार्ज कटौती की राहत भरी खबर भी आई है। तो चलिए इस लेख के जरिए शहर की ये पांचों बड़ी खबरों को विस्तार से जानते हैं।
और पढ़ें: ग्रेप नियमों की अनदेखी से लेकर ऑनलाइन स्वगणना की अंतिम तिथि तक | Top 5 Ghaziabad News
स्लो पॉइजन मामले में नया खुलासा
गाजियाबाद की पहली खबर इंदिरापुरम से है, जहां पति, बेटे और भांजे को खाने में धीमा जहर (लेड पॉइजन) देने के मामले में पुलिस जांच के दौरान यह नया खुलासा हुआ है कि आरोपी पत्नी सबूत मिटाने के लिए अपने बेटे का मोबाइल फोन इस्तेमाल करती थी और बात करने के बाद कॉल लॉग व चैट डिलीट कर देती थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी महिला के खुद के मोबाइल फोन से पुलिस को अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। पूछताछ के दौरान महिला की बेटी ने बताया कि उसकी मां अक्सर भाई (बेटे) के फोन से बात करती थी और बाद में कॉल व मैसेज की डिटेल डिलीट कर देती थी।
इसी आधार पर अब पुलिस बेटे के फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) निकालकर जांच कर रही है। पुलिस जांच में आरोपी के कथित प्रेमी बबलू की संलिप्तता सामने आई है। पता चला है कि बबलू के महिला के मायके वालों से अच्छे संबंध हैं और वह उनके साथ अक्सर घर आता-जाता था। पुलिस जल्द ही डासना जेल जाकर आरोपी महिला से आगे की पूछताछ करेगी।
क्या है पूरा मामला?
वसुंधरा निवासी ट्रांसपोर्टर सुशील कुमार भटनागर की पत्नी रेनू भटनागर (42) पर आरोप है कि उसने करीब एक साल तक खाने में लेड (सीसा) मिलाकर पति, 16 वर्षीय बेटे वंश और 21 वर्षीय भांजे देव को धीमा जहर दिया। पुलिस के मुताबिक, इस साजिश का मकसद पति की करीब 5-6 करोड़ रुपये के टर्नओवर वाली ट्रैवल एजेंसी और 2 करोड़ रुपये की जीवन बीमा पॉलिसी (जिसमें रेनू नॉमिनी थी) को हड़पना था।
कैसे खुला राज
अगस्त 2025 में सुशील की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ने पर उन्हें आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा था। ब्लड टेस्ट की रिपोर्ट में शरीर में लेड (Lead) की मात्रा खतरनाक स्तर पर पाई गई, जिसके बाद डॉक्टरों ने ‘क्रॉनिक लेड पॉइजनिंग’ की पुष्टि की। सुशील की शिकायत पर इंदिरापुरम थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 123 और 61(2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने 23 नवंबर 2026 को आरोपी रेनू को दिल्ली की झिलमिल कॉलोनी स्थित उसकी बहन के घर से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में महिला की मां, भाई और अन्य रिश्तेदारों को भी नामजद किया गया है, जिनके खिलाफ कार्रवाई जारी है।
मां की जमीन पर बेटे का कोई कानूनी अधिकार नहीं! (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद से जुड़ी अगली खबर इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले को लेकर है। भूमि अधिग्रहण के बाद मां की जमीन पर बेटे का कोई कानूनी अधिकार नहीं रह जाता और अधिग्रहण की प्रक्रिया को केवल वास्तविक भूमिधर (जमीन का असली मालिक) ही चुनौती दे सकता है।
मीडिया द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक,गाजियाबाद में प्रस्तावित हाईटेक टाउनशिप से जुड़े इस मामले में न्यायमूर्ति सिद्धार्थ वर्मा और न्यायमूर्ति कुणाल रवि सिंह की खंडपीठ ने याचिकाकर्ता अजय कुमार शर्मा की याचिका को खारिज कर दिया।
क्या हैं कोर्ट का फैसला
याचिकाकर्ता की मां देवकी की जमीन का हिस्सा साल 2010 में ही हाईटेक टाउनशिप के लिए अधिग्रहीत कर लिया गया था। याचिकाकर्ता ने साल 2018 के एक पारिवारिक समझौते के आधार पर जमीन पर अपना दावा जताया था, जिसे कोर्ट ने खारिज करते हुए कहा कि अधिग्रहण के बाद जमीन पर उसका कोई अधिकार शेष नहीं बचा था। खंडपीठ ने कहा कि केवल पारिवारिक संबंध के आधार पर कोई व्यक्ति भूमि अधिग्रहण की वैधता पर सवाल नहीं उठा सकता।
सुप्रीम कोर्ट के ‘दिल्ली एयरटेक सर्विसेज’ मामले का हवाला देते हुए कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अधिग्रहण की प्रक्रिया को समाप्त या निरस्त कराने का अधिकार केवल प्रभावित वास्तविक भूमि स्वामी को ही है। हाईकोर्ट ने यह भी साफ किया कि बेटे की याचिका खारिज होने का असर जमीन की वास्तविक मालकिन के अधिकारों पर नहीं पड़ेगा और वे कानून के अनुसार अधिग्रहीत हिस्से का मुआवजा पाने की पूरी तरह अधिकारी हैं।
फ्लैटों के लॉटरी ड्रॉ के बाद जोरदार हंगामा (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की तीसरी खबर प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर है, जिसके तहत बनाए गए फ्लैटों के लॉटरी ड्रॉ के दौरान करीब 4,500 आवेदकों को अपात्र घोषित किए जाने के विरोध में नाराज लोगों ने जीडीए (GDA) कार्यालय और कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार हंगामा और प्रदर्शन किया।
हंगामे की वजह
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) की एसजीएस सिटी-2 (SGS City-2) योजना के तहत कुल करीब 6,300 लोगों ने फ्लैट के लिए आवेदन किया था। जांच के बाद अधिकारियों ने केवल 1,800 आवेदकों को ही पात्र माना, जबकि बाकी 4,500 आवेदनों को अपात्र घोषित कर सूची से बाहर कर दिया।
26 नवंबर 2026 को जब जीडीए कार्यालय में लकी ड्रॉ की प्रक्रिया चल रही थी, तब बड़ी संख्या में अपात्र घोषित आवेदक वहां पहुंच गए और नाराजगी जाहिर करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। आवेदकों का आरोप है कि उन्होंने निर्धारित समय के भीतर आपत्तियां दर्ज कराने के साथ-साथ आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और किरायानामा जैसे सभी जरूरी दस्तावेज जमा किए थे, फिर भी उन्हें अपात्र कर दिया गया।
प्रशासनिक कार्रवाई
जीडीए कार्यालय के बाद आवेदक कलेक्ट्रेट पहुंचे और नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। प्रभावित लोगों ने पात्रता तय करने की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए सभी दस्तावेजों और आपत्तियों की निष्पक्ष व दोबारा जांच कराने की मांग की है। ड्रॉ प्रक्रिया के दौरान अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह, ओएसडी कनिका कौशिक, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) और डूडा (DUDA) के अधिकारी मौजूद रहे।
सीटों पर टिकट वितरण की गहमागहमी तेज (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की चौथी खबर 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर है, जिसके तहत जिले की पांचों विधानसभा सीटों (गाजियाबाद सदर, साहिबाबाद, लोनी, मुरादनगर और मोदीनगर) पर टिकट वितरण की गहमागहमी तेज हो गई है, जहां भाजपा में मौजूदा विधायकों के टिकट कटने की संभावना जताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मथुरा में आयोजित भाजपा की योजना बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने स्पष्ट संकेत दिए कि वर्तमान में जिन विधायकों के टिकट काटने की आवश्यकता हो, उससे परहेज न किया जाए। उन्होंने कहा कि जो विधायक जिताऊ नहीं हैं,
उनकी जगह दूसरे चेहरों को मौका दिया जाए और यदि पूर्व सांसद या पिछला लोकसभा चुनाव हारने वाले नेता जीतने की स्थिति में हैं, तो उन्हें भी मैदान में उतारा जा सकता है। वर्तमान में गाजियाबाद जिले की सभी पांच विधानसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा है, लेकिन पार्टी नेतृत्व के इस रुख के बाद मौजूदा विधायकों की धड़कनें बढ़ गई हैं और नए दावेदारों की सक्रियता तेज हो गई है।
प्रमुख सीटों पर टिकट की दावेदारी
साहिबाबाद जिले की सबसे बड़ी विधानसभा सीट है, जहां वर्तमान में कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा भाजपा विधायक हैं। यहां से भाजपा में पूर्व महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा, पप्पू पहलवान, तेजपाल राणा और अंकुर शर्मा भी टिकट की दौड़ में शामिल हैं।
वहीं, समाजवादी पार्टी से पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा और कांग्रेस से शशिभूषण व मांगेराम त्यागी दावेदारी कर रहे हैं। सदर सीट समेत लोनी, मुरादनगर और मोदीनगर विधानसभा क्षेत्रों में भी भाजपा के कई स्थानीय नेता टिकट के लिए दावेदारी पेश कर रहे हैं, जबकि विपक्षी दल भी इन सीटों पर अपनी रणनीति तैयार कर रहे हैं।
बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद से जुड़ी अगली खबर बिजली उपभोक्ताओं के लिए है, उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने दिसंबर 2026 के बिजली बिलों के लिए फ्यूल एंड पावर परचेज एडजस्टमेंट सरचार्ज (FPPAS) की दर -3.32% निर्धारित की है, जिससे गाजियाबाद के करीब 11.87 लाख बिजली उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
मीडिया द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, एफपीपीएएस दर में 3.32 प्रतिशत की कटौती का फायदा घरेलू, वाणिज्यिक और औद्योगिक समेत सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं को मिलेगा। गाजियाबाद में विद्युत निगम के तीनों जोन में हर महीने करीब 600 करोड़ रुपये से अधिक का करंट असेसमेंट तैयार होता है—जोन-एक में लगभग 150 करोड़, जोन-दो में 150 करोड़ और जोन-तीन में करीब 300 करोड़ रुपये। इस आधार पर 3.32 प्रतिशत कटौती से जिले में करीब 20.38 करोड़ रुपये की राहत मिलने का अनुमान है।
बिल कम होने की वजह
अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार सिंह के अनुसार, एफपीपीएएस स्थायी शुल्क नहीं है और हर महीने बदलता रहता है। नियामक व्यवस्था के तहत किसी माह का एफपीपीएएस लगभग तीन माह पहले की बिजली खरीद लागत के आधार पर तय होता है। सितंबर में बिजली खरीद की लागत अनुमान से कम रहने के कारण दिसंबर के बिलों के लिए दर माइनस में तय की गई है, जिससे उपभोक्ताओं के ऊर्जा प्रभार (एनर्जी चार्ज) में समायोजन होगा और बिल पर अतिरिक्त बोझ के बजाय राहत मिलेगी।













































