Jagannath Temple Treasure Counting: ओडिशा के पुरी में स्थित 12वीं सदी का विश्वप्रसिद्ध श्री जगन्नाथ मंदिर सिर्फ करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र नहीं है, बल्कि यह अपने भीतर इतिहास के कई अनमोल रहस्य भी समेटे हुए है। इन्हीं में से एक है मंदिर का ‘रत्न भंडार’, जहां भगवान के सोने-चांदी के आभूषणों के साथ हीरे, नीलम, मोती और माणिक जैसे बेशकीमती रत्न रखे हैं। करीब 48 साल के लंबे इंतजार के बाद इस खजाने की गिनती और जांच (इन्वेंट्री) का काम जारी है। 27 नवंबर को मंदिर प्रशासन ने जानकारी दी कि इस महा-अभियान ने 100 घंटे का आंकड़ा पार कर लिया है और अब तक 19 दिनों में कुल 103 घंटे 50 मिनट तक काम हो चुका है।
एक गहने की जांच में क्यों लग रहा है पूरा एक घंटा? Jagannath Temple Treasure Counting
आमतौर पर किसी खजाने की गिनती में कुछ दिन लगते हैं, लेकिन जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार में एक-एक आभूषण की परख करने में कम से कम एक घंटा लग रहा है। श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (SJTA) के मुख्य प्रशासक अरबिंद पाढ़ी के मुताबिक, यह काम कोई साधारण गिनती नहीं है।
- गहनों में जड़े हीरे, नीलम, मोती और माणिक जैसे पत्थरों की असली पहचान के लिए अनुभवी जेमोलॉजिस्ट (रत्न विशेषज्ञ) तैनात किए गए हैं।
- हर वस्तु की बारीकी से जांच के बाद उसकी डिजिटल फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और 3D मैपिंग के जरिए आधुनिक रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है।
- करीब पांच दशक बाद हो रही इस प्रक्रिया में प्रशासन कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहता, ताकि रिकॉर्ड में एक भी चूक न हो। इससे पहले आखिरी बार साल 1978 में रत्न भंडार की गिनती हुई थी, जिसके बाद अब मार्च 2026 में इसे दोबारा शुरू किया गया है।
15×10 का छोटा कमरा, इसलिए अभी नहीं खुले तीन बड़े संदूक
रत्न भंडार के भीतर लकड़ी के तीन बेहद बड़े संदूक रखे हैं, जिनमें भारी मात्रा में बेशकीमती सामान होने की बात कही जा रही है, लेकिन इन्हें अभी तक खोला नहीं गया है। इसकी वजह यह है कि रत्न भंडार का अंदरूनी कक्ष सिर्फ 15 फीट लंबा और 10 फीट चौड़ा है। इतनी कम जगह में इन बड़े संदूकों को खोलकर सामान की व्यवस्थित जांच करना संभव नहीं हो पा रहा है। कानूनी नियमों के तहत रत्न भंडार के भीतरी कक्ष से कोई भी सामान बाहर नहीं ले जाया जा सकता। हालांकि, विशेष परिस्थितियों को देखते हुए राज्य सरकार और मंदिर प्रबंधन समिति ने SJTA को अनुमति दी है कि वह इन संदूकों के सामान को रत्न भंडार क्षेत्र के भीतर ही स्थित दूसरे कमरे में ले जाकर उनकी इन्वेंट्री कर सकता है।
दो हिस्सों का काम पूरा, 1978 के रिकॉर्ड से मिले रत्न
रत्न भंडार को तीन हिस्सों में बांटा गया है चलंती भंडार (जिसमें रोजाना इस्तेमाल होने वाले गहने रहते हैं), बाहर भंडार (बाहरी कक्ष) और भीतर भंडार (सबसे अंदरूनी कक्ष)। प्रशासन के अनुसार, चलंती और बाहर भंडार की गिनती पूरी हो चुकी है और अब रिटायर्ड जस्टिस बिस्वनाथ रथ की अध्यक्षता वाली समिति की निगरानी में ‘भीतर भंडार’ की जांच जारी है। राहत की बात यह है कि अब तक जांचे गए हीरे, मोती, नीलम और माणिक 1978 के पुराने रिकॉर्ड से पूरी तरह मेल खाते पाए गए हैं।
श्रद्धालुओं के दर्शन पर नहीं पड़ा असर, जानें आगे का शेड्यूल
खजाने की इस गोपनीय और बड़ी प्रक्रिया के बीच भक्तों के दर्शन पर कोई रोक नहीं लगाई गई है। श्रद्धालु बाहरी लकड़ी के घेरे यानी ‘बहारा काठा’ के पास से भगवान के दर्शन कर सकते हैं। काम कब तक पूरा होगा, इस पर अरबिंद पाढ़ी का कहना है कि सटीक समय बताना मुश्किल है, जबकि ओडिशा के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने उम्मीद जताई है कि एक महीने के भीतर यह काम पूरा हो जाएगा। कार्तिक महीने के कारण रुका हुआ यह काम गुरुवार और शुक्रवार को फिर से शुरू हुआ है और अब अगली इन्वेंट्री 10 दिसंबर के बाद किसी भी दिन की जाएगी।













































