Top 5 Ghaziabad News: गाजियाबाद से पाँच ऐसी बड़ी खबरें सामने आ रही हैं, जिन्होंने प्रशासन से लेकर आम जनता तक को हिलाकर रख दिया है। एक तरफ जहाँ अपनी जमीन के हक और मुआवजे के लिए किसानों का गुस्सा सातवें आसमान पर है और उन्होंने GDA को खुली चेतावनी दे दी है, वहीं दूसरी तरफ पुलिस के ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के खौफ से कांपते अपराधियों ने सरेआम जुर्म से तौबा कर ली है।
इसी बीच गोविंदपुरम के बाबा मार्केट में देर रात लगी भीषण आग ने व्यापारियों का लाखों का नुकसान कर दिया, तो दूसरी ओर मौसम के अचानक बदले यू-टर्न ने चिलचिलाती धूप से परेशान लोगों को बड़ी राहत दी है। लेकिन इन सब के बीच, खोड़ा इलाके से आए एक घिनौने खुलासे ने हर किसी के होश उड़ा दिए हैं, जहाँ भैंसों के तबेले में गोबर के बीच आपकी सेहत से खिलवाड़ कर ‘धीमा जहर’ तैयार किया जा रहा था। तो चलिए इस लेख के जरिए इन सभी को खबरों को विस्तार से जानते है।
और पढ़ें: आखिरी रील के बाद खामोश हुई जिंदगी, एक्ट्रेस Sanchita Ugale के इस कदम से हर कोई हैरान
किसानों की प्रशासन को खुली चेतावनी
गाजियाबाद से पहली खबर किसान यूनियन के मोर्चे को लेकर है, जहां भूमि अधिग्रहण के मुआवजे को लेकर किसानों का आक्रोश एक बार फिर फूट पड़ा है। 15 दिन में मुआवजा नहीं, तो GDA दफ्तर का घेराव! भारतीय किसान यूनियन ने गाजियाबाद प्रशासन को खुली चेतावनी दी है। भोवापुर में सड़क निर्माण के बदले जमीन न मिलने और मसूरी में भू-माफियाओं के अवैध कब्जों से नाराज किसान अब आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। किसानों ने साफ कह दिया है कि अगर दो हफ्ते में फाइलें आगे नहीं बढ़ीं, तो GDA कार्यालय पर बड़ा आंदोलन शुरू होगा।
मीडिया द्वारा मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि GDA ने गाजियाबाद के भोवापूर निवासी एक किसान ब्रजवीर सिंह की लगभग 2800 वर्गमीटर जमीन पर सड़क और नाले का निर्माण करा दिया था। अधिकारियों ने इसके बदले में किसान को दूसरी वैकल्पिक जमीन देने का वादा किया था, जो लंबे समय बाद भी पूरा नहीं हुआ। किसान अब या तो अपनी जमीन वापस मांग रहे हैं या फिर दूसरी जमीन की रजिस्ट्री की मांग कर रहे हैं।
किसान यूनियन का आरोप है कि विभिन्न सरकारी परियोजनाओं और निजी बिल्डरों (जैसे वेव सिटी, आवास विकास) के लिए किसानों की जमीनें तो ले ली जाती हैं, लेकिन उन्हें उचित सर्किल रेट और बढ़ा हुआ मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। मुआवजा विवाद के साथ-साथ यूनियन का यह भी आरोप है कि मसूरी क्षेत्र के मुबारिकपुर गांव में सरकारी और किसानों की जमीनों पर भू-माफियाओं ने अवैध कब्जा कर रखा है, जिसे प्रशासन कई शिकायतों के बाद भी नहीं हटा रहा है। किसान यूनियन ने अल्टीमेटम दिया है कि यदि अगले 15 दिनों में इन जमीनों का निपटारा या उचित मुआवजा तय नहीं हुआ, तो वे GDA कार्यालय पर तालाबंदी कर बड़ा आंदोलन करेंगे।
कार्रवाई के बाद अपराधियों के सरेंडर करने का वीडियो वायरल (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की अगली खबर पुलिस के ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप को लेकर, जहां शहर के 150 से ज्यादा पुराने बदमाशों और हिस्ट्रीशीटरों ने पुलिस परेड के दौरान हाथ उठाकर कसम खाई कि वे अब कभी अपराध की दुनिया में कदम नहीं रखेंगे। अपराधियों के हाथों में पोस्टर थे, जिन पर लिखा था- “योगी जी हमसे गलती हो गई, हमें माफ कर दो।” पुलिस के इस सख्त वेरिफिकेशन ड्राइव के बाद अपराधियों के सरेंडर करने का वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
मीडिया द्वारा मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि गाजियाबाद पुलिस ने ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत हिस्ट्रीशीटरों और गंभीर अपराधियों के घर-घर जाकर सत्यापन किया, जिसमें डीसीपी सिटी धवल जायसवाल के नेतृत्व में 1,000 से अधिक संदिग्धों की गतिविधियों की समीक्षा की गई। कैला भट्ठा और टीला मोड़ सहित विभिन्न क्षेत्रों में चलाए गए इस अभियान में अपराधियों को भविष्य में अपराध से दूर रहने की चेतावनी दी गई, जो शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जारी रहेगा।
दरअसल, गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश पर डीसीपी सिटी धवल जायसवाल के नेतृत्व में कैला भट्टा, लोनी और नगर कोतवाली क्षेत्रों में एक बड़ा वेरिफिकेशन मार्च और अभियान चलाया गया था। इस दौरान पुलिस ने सभी चिन्हित अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों को एक जगह इकट्ठा किया। पुलिस के इसी सख्त रुख और एनकाउंटर के डर से घबराए बदमाशों ने सार्वजनिक रूप से हाथ उठाकर और कुछ जगहों पर धर्मग्रंथों की कसम खाकर अपराध छोड़ने का एलान किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जो अपराधी सुधरना चाहते हैं उन्हें मौका दिया जाएगा, लेकिन दोबारा अपराध करने वालों पर रासुका (NSA) और गैंगस्टर एक्ट जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गोविंदपुरम में लगी भीषण आग
कवि नगर थाना क्षेत्र के गोविंदपुरम स्थित बाबा मार्केट में सोमवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में मिठाई, डेयरी और मोबाइल समेत पांच दुकानें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) के नेतृत्व में दमकल की 8 गाड़ियों ने करीब 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत यह रही कि दुकानें बंद होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई।
मीडिया द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक बताया जा रहा है कि गाजियाबाद के कवि नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोविंदपुरम स्थित बाबा मार्केट में रात करीब 12 बजे अचानक भीषण आग लग गई, जिससे मिठाई, डेयरी और मोबाइल समेत पांच दुकानें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। दमकल विभाग की 8 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर करीब 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। गनीमत यह रही कि दुकानें बंद होने के कारण इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया है।
प्राथमिक जांच के अनुसार, आग की शुरुआत एक मिष्ठान भंडार से हुई, जिसके पीछे शॉर्ट सर्किट को मुख्य कारण माना जा रहा है। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पास की दुकानों को चपेट में ले लिया। इनमें अग्रवाल स्वीट्स, सिंघल स्वीट्स, महागणेश ट्रेडर्स, एक डेयरी और खिलौने व मोबाइल की दुकान शामिल हैं।
सूचना मिलते ही घंटाघर, वैशाली और साहिबाबाद से दमकल की गाड़ियां और भारी क्षमता वाले वाटर टैंकर्स मौके पर पहुंचे। दुकानों के मजबूत शटर बंद होने के कारण दमकलकर्मियों को कटर से शटर और दीवारें तोड़कर अंदर घुसना पड़ा। चीफ फायर ऑफिसर (CFO) राहुल पाल के मुताबिक, घटना के समय सभी दुकानें बंद थीं, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि, रेस्क्यू के दौरान एक दमकल कर्मी मामूली रूप से फिसलकर घायल हुआ, जिसे अस्पताल भेजा गया।
घने काले बादलों ने डाला डेरा, बारिश का अलर्ट जारी
गाजियाबाद में मौसम का यू-टर्न! पिछले कई दिनों से भीषण उमस और चिलचिलाती धूप झेल रहे गाजियाबाद के लोगों को आज बड़ी राहत मिली है। आसमान में अचानक घने काले बादलों ने डेरा डाल दिया है और धूल भरी ठंडी हवाएं चलने लगी हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए गाजियाबाद, इंदिरापुरम और लोनी समेत पूरे जिले में आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया है। गर्मी पर लगे इस ब्रेक से मौसम बेहद खुशनुमा हो गया है।
गाजियाबाद और उसके आस-पास के इलाकों में सुबह से ही आसमान में घने बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है। मौसम विभाग (IMD) द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक, गाजियाबाद, इंदिरापुरम, साहिबाबाद और लोनी समेत पूरे जिले के लिए आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि दोपहर और शाम के वक्त 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूल भरी हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जाएगी। पिछले कई दिनों से भीषण उमस और चिलचिलाती धूप झेल रहे गाजियाबाद के लोगों को इस मौसमी बदलाव से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, प्रशासन ने तेज हवाओं और आंधी के मद्देनजर लोगों को सतर्क रहने और पेड़ों या कमजोर होर्डिंग्स के नीचे खड़े न होने की हिदायत दी है।
तबेले में गोबर के बीच बन रहा था अचार!
जिस अचार को आप बड़े चाव से खा रहे हैं, वह कहीं आपकी सेहत के लिए धीमा जहर तो नहीं? गाजियाबाद के खोड़ा इलाके से एक ऐसा घिनौना खुलासा हुआ है, जो आपके होश उड़ा देगा। गाजियाबाद फूड सेफ्टी विभाग ने खोड़ा में चल रहे बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। जो आपके होश उड़ा देगा। यहाँ भैंसों के तबेले में, गोबर और भयंकर गंदगी के बीच अवैध रूप से हजारों किलो अचार तैयार किया जा रहा था। प्रशासन ने छापेमारी कर 34 क्विंटल सड़ा हुआ अचार नष्ट कराया है, जिसे दिल्ली-एनसीआर के बाजारों में सप्लाई किया जाना था।
मीडिया द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक बताया जा रहा है कि जिला अधिकारी (DM) के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने खोड़ा थाना क्षेत्र के आदर्श नगर, शनि बाजार और मास्टर पार्क इलाके में अचानक छापेमारी की। जांच के दौरान अधिकारी तब दंग रह गए जब उन्होंने देखा कि बिना किसी लाइसेंस के, तबेले के भीतर पशुओं के बीच सड़े-गले आम और नींबू से अचार तैयार किया जा रहा था।
इस कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से 3,400 किलोग्राम यानी 34 क्विंटल सड़ा-गला और बदबूदार अचार गड्ढा खुदवाकर नष्ट करवा दिया। इसके साथ ही फैक्ट्रियों से करीब 8,800 किलो कच्चे माल और नमक को भी जब्त किया गया है। अधिकारियों ने अचार के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं और बिना लाइसेंस लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले फैक्ट्री संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।





























