Spain train collision crash: स्पेन में दो हाई-स्पीड ट्रेनों की आमने-सामने हुई दर्दनाक टक्कर के बाद पूरे देश में मातम और भारी आक्रोश का माहौल है। बुधवार को हुए इस भीषण रेल हादसे में 68 लोगों की जान चली गई, जिसके बाद गुरुवार को राजधानी मैड्रिड की सड़कों पर सैकड़ों लोग उतर आए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दुखद हादसे ने स्पेन के रेल सुरक्षा तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
परिवहन मंत्री के इस्तीफे की मांग, पुलिस से हिंसक झड़प| Spain train collision crash
राजधानी में जुटे प्रदर्शनकारियों का गुस्सा इतना ज्यादा था कि उन्होंने परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते के तत्काल इस्तीफे की मांग की। भीड़ में शामिल कुछ नाराज लोगों ने तो उन्हें ‘मौत का मंत्री’ तक करार दे दिया। विरोध प्रदर्शन के दौरान हालात उस वक्त बिगड़ गए जब प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच सीधी झड़प हो गई। भीड़ की तरफ से पुलिस पर बोतलें और पटाखे फेंके गए, जिसके जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज और बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा।
सिग्नल सिस्टम में खराबी की आशंका, जांच जारी
शुरुआती जांच रिपोर्टों के मुताबिक, रेलवे के ऑटोमैटिक सेफ्टी सिस्टम में तकनीकी खराबी आ गई थी। इसके बाद कंट्रोल सेंटर से पीछे वाली ट्रेन को आगे बढ़ने का सिग्नल दे दिया गया, जिसके चलते वह पटरी पर पहले से खड़ी दूसरी ट्रेन से जा टकराई। हालांकि, परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने कहा है कि हादसे के असली कारणों की पुष्टि पूरी जांच के बाद ही होगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसकी जवाबदेही तय की जाएगी।
बता दें कि इसी साल स्पेन में यह दूसरा बड़ा ट्रेन हादसा है। इससे पहले जनवरी में पटरी के जोड़ (ट्रैक जॉइंट) में खराबी की वजह से एक ट्रेन पटरी से उतर गई थी, जिसमें 46 यात्रियों की मौत हुई थी।
मलबे में रातभर चला बचाव कार्य, पीएम सांचेज का कड़ा संदेश
हादसे के बाद राहत और बचाव दलों ने रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। बुरी तरह क्षतिग्रस्त बोगियों के मलबे से शवों और घायलों को निकालने के लिए भारी क्रेन मंगाई गईं। घटनास्थल के पास से देश को संबोधित करते हुए स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज ने गहरा दुख जताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। पीएम सांचेज ने जनता को भरोसा दिलाया कि जांच में अगर किसी की लापरवाही या तकनीकी खामी सामने आती है, तो सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि दोनों हादसों के कारण भले अलग हों, लेकिन सुरक्षा नियमों की समीक्षा कर इन्हें और कड़ा किया जाएगा।












































