Toxic Movie Trailer: कन्नड़ सुपरस्टार यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन अप्स’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई है। ट्रेलर में यश का जबरदस्त एक्शन अवतार देखने को मिल रहा है। फिल्म में उनका डबल रोल भी कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ा रहा है। वहीं कियारा आडवाणी भी अपने किरदार और यश के साथ स्क्रीन केमिस्ट्री को लेकर सुर्खियों में हैं। इसी बीच कियारा को लेकर उनके पति और अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा का रिएक्शन भी चर्चा में आ गया है। सिद्धार्थ ने ट्रेलर शेयर करते हुए कियारा की परफॉर्मेंस की जमकर तारीफ की और उन्हें अपना पूरा सपोर्ट दिया।
सिद्धार्थ ने बताया कियारा की ‘बेहतरीन परफॉर्मेंस’| Toxic Movie Trailer
सिद्धार्थ मल्होत्रा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर ‘टॉक्सिक’ का ट्रेलर शेयर किया। उन्होंने कियारा के काम की तारीफ करते हुए लिखा कि उनकी मेहनत, लगन और जुनून फिल्म में बड़े पर्दे पर नजर आएगा। सिद्धार्थ ने कियारा और पूरी फिल्म की टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह कियारा की बेहतरीन फिल्मों में से एक होगी। उन्होंने लिखा, “मेहनत, लगन और जुनून… ये सब बड़े पर्दे पर दिखेगा। यह तुम्हारी बेहतरीन फिल्मों में से एक होगी, Ki!!” इसके साथ ही उन्होंने डायरेक्टर गीतू मोहनदास, यश और पूरी टीम की भी तारीफ की और फिल्म देखने के लिए अपनी एक्साइटमेंट जाहिर की। सिद्धार्थ ने आखिर में फिल्म की रिलीज डेट का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें 26 अगस्त का बेसब्री से इंतजार है।

कियारा-यश की केमिस्ट्री पहले से चर्चा में
दरअसल, ‘टॉक्सिक’ में यश और कियारा की जोड़ी पहली बार साथ नजर आ रही है। फिल्म का पहला गाना ‘तबाही’ रिलीज होने के बाद से ही दोनों की केमिस्ट्री को लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हुई थी। गाने में दोनों के बीच बोल्ड और ग्लैमरस सीन्स भी देखने को मिले थे, जिसके बाद कियारा को सोशल मीडिया पर कुछ लोगों की ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। अब ट्रेलर में भी यश और कियारा की शानदार बॉन्डिंग दिखाई दे रही है। यही वजह है कि सिद्धार्थ का कियारा के सपोर्ट में सामने आना भी फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
यश ने भी ट्रोलिंग को लेकर कियारा का बढ़ाया हौसला
सिद्धार्थ से पहले फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में यश भी कियारा की तारीफ कर चुके हैं। बेंगलुरु में हुए लॉन्च इवेंट के दौरान यश ने कहा कि ट्रेलर में दर्शकों ने कियारा की परफॉर्मेंस की सिर्फ एक झलक देखी है। यश ने कियारा को मेहनती बताते हुए उन्हें ट्रोलिंग पर ध्यान नहीं देने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि एक कलाकार को जिस चीज पर भरोसा है, उसे उसी के मुताबिक काम करना चाहिए। यश के मुताबिक, हो सकता है कि फिल्म की टीम कुछ चीजें समय से थोड़ा आगे कर रही हो, लेकिन दर्शक आगे चलकर उसे जरूर समझेंगे और सराहेंगे।
26 अगस्त को रिलीज होगी ‘टॉक्सिक’
‘टॉक्सिक’ एक क्राइम-थ्रिलर फिल्म है, जिसमें यश मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। फिल्म में कियारा आडवाणी के अलावा नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत भी अहम भूमिकाओं में हैं। ट्रेलर ने एक्शन, ड्रामा और यश के अलग अंदाज को लेकर पहले ही माहौल बना दिया है।














































