ट्रंप की सुरक्षा के लिए तैनात मिसाइल सिस्टम के पास कैसे गिरा प्राइवेट जेट? Florida हादसे ने खड़े किए सवाल| Florida plane crash Learjet

[nedrick_meta]
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google
[modern_share]

Florida plane crash Learjet: अमेरिका के फ्लोरिडा से एक दिल दहला देने वाला विमान हादसा सामने आया है। 1 नवंबर 2026 को पाम बीच काउंटी के क्रेस्टहेवन इलाके में एक प्राइवेट बिजनेस जेट (Learjet 60) सीधे जमीन पर आ गिरा। विमान की रफ्तार और गिरने का अंदाज इतना भयानक था कि वह किसी मिसाइल की तरह जमीन में धंस गया और तुरंत आग का बड़ा गोला उठ खड़ा हुआ। इस दर्दनाक हादसे में विमान में मौजूद सभी 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटनास्थल रिहायशी इलाके के बेहद करीब था, जहां विमान घरों से टकराने से बाल-बाल बचा, लेकिन व्यस्त सड़क (मिलिट्री ट्रेल) पर एक गहरा गड्ढा बन गया। एहतियात के तौर पर आसपास के करीब 600 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

और पढ़ें: एक ही साल में दूसरा बड़ा ट्रेन हादसा: स्पेन में 68 मौतों के बाद सड़कों पर संग्राम, पीएम सांचेज ने दिए जांच के आदेश| Spain train collision crash  

ऑस्टिन से बहामास जा रहा था जेट, दोपहर में हुआ क्रैश| Florida plane crash Learjet

प्राइवेट तौर पर संचालित इस विमान (टेल नंबर N722BD) ने टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी और इसे बहामास के नॉर्थ एल्यूथेरा एयरपोर्ट जाना था। अमेरिकी परिवहन मंत्री शॉन डफी ने दोपहर करीब 12:50 बजे हुए इस हादसे की पुष्टि करते हुए इसे एक भीषण त्रासदी बताया। उन्होंने कहा कि फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) की टीमें मिलकर दुर्घटना की तहकीकात कर रही हैं। फिलहाल मारे गए यात्रियों की औपचारिक पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

पायलट के आखिरी शब्द: ‘हमारे पास बिल्कुल वक्त नहीं बचा!’

सामने आई रिपोर्टों के मुताबिक, विमान की कमान एक महिला पायलट के हाथ में थी। क्रैश से कुछ ही पल पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से उनका संपर्क हुआ था। पायलट ने बेहद घबराहट में कहा था, “हम क्रैश होने वाले हैं!… हमारे पास बिल्कुल समय नहीं बचा है!” शुरुआती बातचीत में पायलट ने गंभीर टर्बुलेंस, खराब मौसम और विमान पर बर्फ जमने (Icing) की शिकायत की थी। फ्लाइट डेटा के अनुसार, 35,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा जेट पहले 10,000 फीट प्रति मिनट और फिर 20,000 फीट प्रति मिनट की असामान्य गति से नीचे गिरने लगा। पायलट ने विमान के ओवरस्पीड होने की बात भी कही थी। कुछ डेटा यह भी संकेत देते हैं कि अंतिम पलों में विमान लगभग 360 मील प्रति घंटे की रफ्तार से सीधे जमीन की तरफ आया।

क्या हुआ था? अटकलों और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

यह हादसा पूर्व राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के मशहूर रिजॉर्ट ‘मार-ए-लागो’ से महज 14 किलोमीटर की दूरी पर हुआ। फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डिसेंटिस ने घटनास्थल का ब्योरा देते हुए कहा कि विमान का गिरना ऐसा लग रहा था मानो कोई मिसाइल गिरी हो। उनके इस बयान और जमीन पर बने गहरे गड्ढे को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अटकलें शुरू हो गईं।

दरअसल, मार-ए-लागो और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा कारणों से ‘एवेंजर’ एयर डिफेंस सिस्टम तैनात किए गए थे। कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि क्या विमान गलती से डिफेंस सिस्टम की जद में आ गया? हालांकि, अमेरिकी जांच एजेंसियों या सेना ने मिसाइल हमले या ऐसी किसी भी सैन्य कार्रवाई की बात को सिरे से खारिज किया है और इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के कुछ समय पहले ही ट्रंप एयर फोर्स वन से फ्लोरिडा से रवाना हो चुके थे। रडार ट्रैकिंग के बंद होने को भी तकनीकी पहलू से जोड़कर देखा जा रहा है। NTSB की टीम विमान के हवा में बिखरने की आशंका, मौसम और तकनीकी खराबी के सभी बिंदुओं की गहराई से जांच कर रही है।

और पढ़ें: ग्लोबल हंगर इंडेक्स 2026: भुखमरी के दलदल में धंसा पाकिस्तान, नेपाल-श्रीलंका से भी बदतर हालत| Global Hunger Index Pakistan

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds