Bhojpuri Bawal Show: बॉलीवुड और हिंदी टीवी इंडस्ट्री से जुड़े कई रियलिटी शोज के बाद अब भोजपुरी सिनेमा के सितारों की निजी और प्रोफेशनल जिंदगी की झलक भी दर्शकों को देखने को मिलेगी। जियो हॉटस्टार जल्द ही नया रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ लेकर आ रहा है, जिसमें भोजपुरी इंडस्ट्री के कई बड़े कलाकार एक साथ नजर आएंगे। शो का नया प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा हो रही है। खास बात यह है कि प्रोमो में भोजपुरी अभिनेत्रियों ने बोटॉक्स और ब्यूटी ट्रीटमेंट को लेकर खुलकर बातचीत की और इसी बहाने बॉलीवुड पर भी मजेदार तंज कसा।
बोटॉक्स के सवाल पर रानी चटर्जी का मजेदार जवाब| Bhojpuri Bawal Show
प्रोमो में रानी चटर्जी, नीलम गिरी और आम्रपाली दुबे आपस में बातचीत करती नजर आती हैं। इसी दौरान नीलम गिरी, रानी चटर्जी से पूछती हैं कि उन्होंने आखिर कौन-सा बोटॉक्स कराया है। सवाल सुनकर रानी पहले हैरान हो जाती हैं और फिर हंसते हुए जवाब देती हैं कि भोजपुरी इंडस्ट्री में ऐसा कुछ नहीं होता, यहां सब कुछ नैचुरल है।
https://www.instagram.com/reel/DbVpq43RBTg/?utm_source=ig_web_button_share_sheet
इसके बाद आम्रपाली दुबे भी मजाकिया अंदाज में पूछती हैं कि क्या वाकई सब कुछ असली है। इस पर रानी चटर्जी मुस्कुराते हुए हामी भरती हैं और कहती हैं कि अगर वह बॉलीवुड में होतीं तो शायद उन्हें भी बोटॉक्स करवाना पड़ता। उनकी यह बात सुनकर वहां मौजूद सभी कलाकार हंस पड़ते हैं।
लिप फिलर्स पर भी हुई मजेदार बातचीत
प्रोमो में आम्रपाली दुबे बोटॉक्स के बाद चेहरे पर आने वाले बदलाव की नकल करती दिखाई देती हैं, जबकि रानी चटर्जी लिप फिलर्स कराने की एक्टिंग करती हैं। इस दौरान नीलम गिरी मजाक में कहती हैं कि ऐसा करने के बाद तो बतख जैसी लग रही हो। इस पर रानी चटर्जी पवन सिंह का जिक्र करते हुए कहती हैं कि अगर वह उन्हें लिप फिलर्स के साथ देखेंगे तो बिना कुछ बोले फोन ही काट देंगे। कलाकारों की यह हल्की-फुल्की नोकझोंक दर्शकों को काफी पसंद आ रही है।
2 अगस्त से होगी स्ट्रीमिंग, कई बड़े सितारे आएंगे नजर
‘भोजपुरी बवाल’ की घोषणा के बाद से ही फैंस के बीच इसे लेकर अच्छा-खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। यह शो 2 अगस्त से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा। शो में आम्रपाली दुबे, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, पवन सिंह और काजल राघवानी जैसे भोजपुरी इंडस्ट्री के बड़े सितारे नजर आएंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेज प्रताप यादव भी इस शो का हिस्सा होंगे, जिनका मस्तमौला अंदाज दर्शकों को देखने को मिलेगा।
निर्माताओं के मुताबिक, शो में पवन सिंह और निरहुआ की मजेदार नोकझोंक के साथ-साथ भोजपुरी अभिनेत्रियों के बीच पर्दे के पीछे होने वाली तकरार और कई अनसुने किस्सों से भी पर्दा उठेगा। इसे भोजपुरी इंडस्ट्री का अब तक का सबसे बड़े स्तर पर बनाया गया रियलिटी शो माना जा रहा है। वहीं, हिंदी भाषी दर्शकों के बीच भोजपुरी कलाकारों की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए इस शो से भी काफी उम्मीदें की जा रही हैं।































