OP Rajbhar Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही बैठकों के दौर के बीच सपा द्वारा अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने से सूबे का सियासी पारा चढ़ गया है। सपा ने अपनी पहली लिस्ट में कुल 5 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है, जिनमें से 4 टिकट मुस्लिम उम्मीदवारों को दिए गए हैं। पार्टी के इस फैसले पर उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने तंज कसते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर सीधा निशाना साधा है।
और पढ़ें: अब बदल जाएगा पश्चिम बंगाल का नाम! सीएम शुभेंदु अधिकारी की कैबिनेट ने दी मंजूरी| West Bengal new name
ओपी राजभर का कटाक्ष: ‘इतनी बेचैनी क्यों है मित्र?’ OP Rajbhar Akhilesh Yadav
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने अखिलेश यादव की रणनीति पर सवाल उठाए। राजभर के अनुसार, एक तरफ समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत अभी चल ही रही है और अंतिम फैसला भी नहीं हुआ है, वहीं दूसरी तरफ सपा ने इतनी जल्दबाजी दिखाते हुए उम्मीदवारों के नाम भी घोषित कर दिए।
अखिलेश जी!
अपने “बड़े भाई” से ग़ज़ब गठबंधन बनाये हैं मित्र। बात चल रही है और बिना कुछ तय हुए प्रत्याशी भी घोषित कर दिए।
कांग्रेस से गठबंधन फाइनल नहीं हुआ, सीटों का बंटवारा नहीं हुआ, लेकिन टिकट बांटने की ऐसी हड़बड़ी कि “स्पेशल 26” की सूची पकड़ा दी। साथ ही सहारनपुर में भी दो सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए, जहां कांग्रेस के इमरान मसूद अपनी दावेदारी ठोक रहे हैं। ये बड़के भैया को जवाब है या आपके “एम” वाले इमरान भाई को?
उधर कांग्रेस को 26 सीटों का संदेश भेज रहे हैं, इधर उसकी पसंद वाली सीटों पर अपने उम्मीदवार बैठा रहे हैं। वाह अखिलेश जी, वाह।
एक तरफ गठबंधन बचाने की चिंता और दूसरी तरफ अपना राजनीतिक समीकरण बचाने की बेचैनी।
एक और बात! ओवैसी और चंद्रशेखर की जोड़ी देखकर इतनी घबराहट हो गई कि पहली ही सूची में पांच में चार मुस्लिम उम्मीदवार उतार दिए?
लगता है मुस्लिम वोटों में बंटवारे का भय अभी से सताने लगा है!
ओवैसी-चंद्रशेखर की रैली से पहले पांच में चार मुस्लिम उम्मीदवारों की घोषणा संयोग है या मुस्लिम वोटों में सेंध लगने का डर?इतनी बेचैनी क्यों है मित्र?
अभी तो ओवैसी और चंद्रशेखर ने मैदान में उतरने की घोषणा भर की है। पहली सूची में ही आपका राजनीतिक गणित सबके सामने आ गया।
कांग्रेस वाले भी ध्यान से देख लें। कहीं ऐसा न हो कि 26 सीटों पर बातचीत करते-करते अखिलेश जी एक-एक करके आपकी पसंद की सीटों पर भी अपना उम्मीदवार घोषित करते जाएं।
अखिलेश जी, टिकट तो पांच ही घोषित किए हैं, लेकिन अपनी घबराहट पूरी 403 सीटों वाली दिखा दी!
जय भारत, जय श्रीराम, जय श्रीकृष्ण, जय महाराजा सुहेलदेव!
@yadavakhilesh
— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) November 25, 2026
राजभर ने तंज कसते हुए लिखा, “इतनी बेचैनी क्यों है मित्र?” उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी को अपने पारंपरिक मुस्लिम वोट बैंक में सेंध लगने और बंटवारे का डर सता रहा है। सपा प्रमुख पर चुटकी लेते हुए राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव ने अभी सिर्फ पांच सीटों पर ही टिकट घोषित किए हैं, लेकिन उनके इस कदम से पूरी 403 विधानसभा सीटों वाली घबराहट साफ झलक रही है।
सपा की पहली लिस्ट में किसे कहां से मिला टिकट?
समाजवादी पार्टी द्वारा जारी की गई पहली सूची में पश्चिमी यूपी की सीटों पर खास फोकस दिखा है, जहां पांच में से चार सीटों पर मुस्लिम चेहरों पर दांव लगाया गया है:
- बेहट (सहारनपुर): उमर अली खान
- सहारनपुर: आशु मलिक
- कैराना: नाहिद हसन
- अमरोहा: महबूब अली
- ललितपुर: ज्योति लोधी
अखिलेश यादव का पक्ष: 26 सीटों पर चर्चा पूरी, ‘पीडीए प्रत्याशी’ का दिया फॉर्मूला
दूसरी तरफ, गठबंधन और सीटों के तालमेल को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपना पक्ष साफ किया है। अखिलेश यादव के मुताबिक, कांग्रेस की टीम की तरफ से प्राथमिकता के आधार पर जो सूची भेजी गई थी, उनमें से 26 सीटों पर दोनों दलों के बीच बातचीत पूरी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि सपा ने कांग्रेस से अन्य संभावित सीटों की सूची भी मांगी है, ताकि दोनों दल आपस में बैठकर यह आकलन कर सकें कि किस सीट पर किस पार्टी का उम्मीदवार जीत हासिल करने की सबसे मजबूत स्थिति में है।
सपा प्रमुख का यह भी कहना है कि उनकी कोशिश है कि शीर्ष नेताओं की बैठक के दौरान सभी सीटों पर उम्मीदवारों को अलग-अलग दलों (कांग्रेस या सपा) के बजाय ‘इंडिया गठबंधन’ के साझा उम्मीदवार के रूप में देखा जाए। इसके साथ ही समाजवादी पार्टी की ओर से यह सुझाव भी दिया गया है कि चुनावी मैदान में उम्मीदवारों को ‘पीडीए प्रत्याशी’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के तौर पर पेश करना गठबंधन के लिए सबसे सकारात्मक कदम साबित हो सकता है।













































