फोन और सिम साथ लेकर हाजिर हों… PM मोदी की मां के AI वीडियो पर फंसी कांग्रेस, दिल्ली से पटना तक खलबली| Delhi Police Bihar Congress

[nedrick_meta]
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google
[modern_share]

Delhi Police Bihar Congress: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां से जुड़े आपत्तिजनक एआई-जनरेटेड (डीपफेक) वीडियो को लेकर दिल्ली पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। रविवार को दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल की एक टीम अचानक पटना स्थित बिहार कांग्रेस मुख्यालय (सदाकत आश्रम) पहुंची। टीम ने वहां करीब एक घंटे तक जांच-पड़ताल की और दफ्तर के बाहर आधिकारिक नोटिस चस्पा कर दिया। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की तरफ से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली की तैयारी चल रही है।

और पढ़ें: यूपी में सरकारी नौकरी के नियमों में बड़ा बदलाव: हिंसक प्रदर्शन और गंभीर अपराधों में नाम आया तो नहीं मिलेगी नौकर | UP Government job verification

क्या है पूरा मामला? Delhi Police Bihar Congress

यह विवाद पिछले साल बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान का है। 10 सितंबर 2025 को शाम 6:12 बजे बिहार कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल (@INCBihar) से ‘एक्स’ (ट्विटर) पर एक एआई-जनरेटेड फर्जी वीडियो पोस्ट किया गया था। इस क्लिप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां को बातचीत करते हुए और मां द्वारा पीएम को काम करने की सलाह देते हुए दिखाया गया था।

वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तीखा विरोध शुरू हो गया। भाजपा ने इसे न केवल देश के प्रधानमंत्री की छवि बिगाड़ने की साजिश करार दिया, बल्कि मातृत्व और महिला सम्मान का घोर अपमान भी बताया। भाजपा नेताओं ने सीधे राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि यह सब उनके इशारे पर कराया गया है। भाजपा नेता संकेत गुप्ता की लिखित शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने बीएनएस (BNS) की धाराओं 318(2), 336(3)(4), 340(2), 352, 356(2), 61(2) के साथ-साथ आईटी एक्ट और डिजिटल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की थी।

सदाकत आश्रम पर नोटिस चस्पा, अमित मंडल को समन

दिल्ली पुलिस की जांच टीम उस वक्त के बिहार कांग्रेस आईटी सेल से जुड़े अमित कुमार मंडल की तलाश में सदाकत आश्रम पहुंची थी। हालांकि, अमित मंडल विपक्ष की महारैली के सिलसिले में दिल्ली में मौजूद थे और कार्यालय में नहीं मिले। जब दफ्तर में मौजूद अन्य लोगों ने नोटिस लेने से इनकार कर दिया, तो पुलिस ने नियमानुसार नोटिस को मुख्य दरवाजे पर चिपका दिया और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराकर वापस लौट गई।

नोटिस के जरिए अमित कुमार मंडल को 5 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे दिल्ली में एसीपी ऑफिस/काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल के समक्ष व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया गया है।

सिम कार्ड और मोबाइल फोन लाने का आदेश

जांच एजेंसी इस मामले में डिजिटल सबूत जुटाने के लिए पूरी गहराई से पड़ताल कर रही है। समन में अमित मंडल को वह मोबाइल फोन और संबंधित सिम कार्ड भी साथ लाने को कहा गया है, जिसका इस्तेमाल 1 जुलाई 2025 से अब तक बिहार कांग्रेस के आधिकारिक हैंडल (@INCBihar) को चलाने और उस वीडियो को पोस्ट करने के लिए किया गया था। पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी डेटा की फॉरेंसिक जांच के जरिए यह साफ किया जाएगा कि इस आपत्तिजनक वीडियो को किसने तैयार किया और इसे अपलोड करने के पीछे कौन-कौन से लोग शामिल थे।

और पढ़ें: सेना बंद करे सारे जहां से अच्छा बजाना: DU के कुलपति योगेश सिंह के बयान पर मचा बवाल| DU VC Yogesh Singh

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Recent News

Editor's Picks

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds