Vaibhav Suryavanshi New Zealand: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी-20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी के मैदान पर उतरने का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हुआ। वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछली सीरीज में उन्हें बेंच पर बैठना पड़ा था और एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था। इस मैच में मध्यक्रम के बल्लेबाज ईशान किशन के चोटिल होने के बाद वैभव को प्लेइंग इलेवन में जगह दी गई। हालांकि, कीवी गेंदबाजों के सामने यह युवा बल्लेबाज टिक नहीं सका और महज चार रन बनाकर पवेलियन लौट गया। उनके इस प्रदर्शन के बाद भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का बड़ा बयान सामने आया है।
8 गेंदों में सिर्फ 4 रन, संघर्ष करते दिखे वैभव| Vaibhav Suryavanshi New Zealand
मैच में वैभव अपने स्वाभाविक आक्रामक अंदाज में नजर नहीं आए। क्रीज पर बिताए समय के दौरान वह कीवी गेंदबाजों के खिलाफ लगातार जूझते दिखे। उन्होंने 8 गेंदों का सामना किया और केवल 4 रन ही बना सके। पूरे समय वह गेंद को बाउंड्री के पार भेजने की हड़बड़ाहट में लगे रहे और इसी जल्दबाजी में अपना विकेट गंवा बैठे।
‘हिट एंड मिस’ शो में अश्विन ने बताया ‘मिस’
कमेंट्री पैनल का हिस्सा रहे रविचंद्रन अश्विन ने ब्रॉडकास्टर चैनल के शो ‘हिट एंड मिस’ में अपनी बेबाक राय रखी। अश्विन ने वैभव को इस मैच के लिए ‘मिस’ करार देते हुए कहा, “मेरे लिए यह मिस है। किसी इतने युवा क्रिकेटर के लिए इतनी जल्दी मिस कहना सही नहीं लगता, लेकिन मेरे पास दो ही विकल्प थे। मुझे लगता है कि वैभव आज उस माइंडसेट या सहज स्थिति में नहीं थे जिसमें वह आमतौर पर खेलते हैं। वह क्रीज पर आते ही लगातार बल्ला चलाने और हर गेंद को मारने की कोशिश कर रहे थे। आठ गेंदों तक उन्होंने बस यही किया।”
सीनियर खिलाड़ियों को बात करने और शांत कराने की जरूरत
अश्विन ने आगे जोर देकर कहा कि वैभव अभी काफी युवा हैं और उनके पास विदेशी पिचों पर खेलने का जरूरी अनुभव नहीं है। ऐसे में टीम के किसी सीनियर खिलाड़ी को उनसे बात करनी चाहिए थी और उन्हें समझाकर शांत करना चाहिए था। अश्विन के मुताबिक, “वैभव को किसी को जाकर यह समझाना चाहिए था कि क्रीज पर कुछ समय बिताओ, नजरें जमाओ और गेंद को शरीर के करीब आने के बाद ही अपने शॉट्स खेलो।”
छठे ओवर में बल्लेबाजी उनके बस की बात नहीं
अश्विन ने बैटिंग ऑर्डर में वैभव की पोजिशन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि टीम में ओपनिंग का जिम्मा अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन संभाल रहे थे। ऐसे में छठे ओवर में आकर इस तरह के हालात में बल्लेबाजी संभालना वैभव के लिए बिल्कुल मुफीद नहीं था। वह अपने तय स्थान पर नहीं खेल रहे थे, जिसका असर सीधे उनके प्रदर्शन पर दिखा।














































