Shashibala Pundir threat letter: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले की देवबंद विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी की पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर को जान से मारने और घर को बम से उड़ाने की सनसनीखेज धमकी मिली है। यह धमकी भरा खत उनके सहारनपुर स्थित आवास पर स्पीड पोस्ट के जरिए भेजा गया है। पत्र में साफ चेतावनी दी गई है कि अगर उन्होंने 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में बीजेपी से टिकट की दावेदारी की या जनता की समस्याएं सुनना बंद नहीं किया, तो उनके पूरे परिवार को तबाह कर दिया जाएगा। इसके अलावा, पत्र में 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगते हुए तुरंत 1 लाख रुपये गूगल पे करने का अल्टीमेटम दिया गया है।
‘मैं गैंगस्टर हूं… घर पर बम गिरा दूंगा’: खत में लिखी खौफनाक बातें| Shashibala Pundir threat letter
स्पीड पोस्ट से पहुंचे इस पत्र की भाषा बेहद आक्रामक और खौफ पैदा करने वाली है। खुद को गैंगस्टर बताते हुए पत्र भेजने वाले ने लिखा, “शशिबाला पुंडीर जी, आप 10 लाख रुपये दो नहीं तो मैं आपको गोली मार दूंगा। दूसरी बात, आप लोगों की जनसुनवाई करना बंद करो वरना हम आपके घर में बम गिरा देंगे। 2027 में चुनाव नहीं लड़ेंगी, देवबंद से बीजेपी की टिकट की मांग नहीं करोगी। 1991 से 1996 तक विधायक रहना बहुत है।”
धमकी यहीं खत्म नहीं हुई। पत्र में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का एक बैंक खाता संख्या (33058552870) दर्ज कर उसमें 10 लाख रुपये जमा कराने को कहा गया है। साथ ही मोबाइल नंबर 7073909006 पर तत्काल 1 लाख रुपये गूगल पे करने का दबाव बनाया गया। ऐसा न करने पर एक कथित वीडियो वायरल करने, दिवंगत दत्तक पुत्र को बदनाम करने और उनके बेटों को झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी दी गई है।
‘राजपूत समाज की बेटी हूं, धमकियों से नहीं डरती’: पूर्व विधायक का पलटवार
इतनी गंभीर धमकी मिलने के बाद भी पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर के तेवर तल्ख हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर बेबाक जवाब देते हुए कहा कि वह इन खोखली धमकियों से बिल्कुल डरने वाली नहीं हैं। उन्होंने लिखा, “मैं राजपूत समाज की बेटी हूं, न हथियार लेकर चलती हूं और न किसी से डरती हूं। दिन हो या रात, हमेशा जनता के बीच अकेले निकलती हूं। इस तरह की गीदड़ भभकियां मेरे हौसले, हिम्मत और निष्पक्षता को कभी डिगा नहीं सकतीं।” उन्होंने साफ किया कि उनका रोजमर्रा का जनसंपर्क और जनता की समस्याओं को सुनने का काम पहले की तरह जारी रहेगा।
श्रीगंगानगर का पता, पुलिस शिकायत का इंतजार
पत्र भेजने वाले ने अपना नाम ‘मंगल’ लिखा है और खुद को राजपूत बताते हुए राजस्थान के श्रीगंगानगर का पता दर्ज किया है। फिलहाल मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक की तरफ से इस गंभीर मामले की कोई औपचारिक शिकायत पुलिस में दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, स्पीड पोस्ट से आई इस खुली धमकी ने इलाके के सियासी गलियारों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हलचल जरूर तेज कर दी है।














































