Top 5 Ghaziabad News: गाजियाबाद की पांच बड़ी और बेहद महत्वपूर्ण खबरों में स्वास्थ्य से लेकर प्रशासन की बड़ी लापरवाही, साइबर क्राइम का नया जाल, वाहन स्वामियों के लिए बड़ी राहत और रक्षाबंधन पर बहनों के लिए सरकार के बड़े तोहफे की खबर शामिल है। पहली बड़ी खबर गाजियाबाद में पैर पसार रहे स्वाइन फ्लू को लेकर है, जिसने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है।
वहीं दूसरी खबर में देखेंगे कैसे तहसील प्रशासन की एक बड़ी लापरवाही के चलते 86 साल की एक जिंदा बुजुर्ग महिला को कागजों पर मृत घोषित कर दिया गया। तीसरी खबर आपको सतर्क करने वाली है, जहाँ गूगल से नंबर निकालना एक शख्स को भारी पड़ गया और ठगों ने 7.51 लाख रुपये साफ कर दिए। चौथी खबर में बात करेंगे परिवहन विभाग की उस योजना की, जिसके तहत पुराने वाहन कबाड़ में देने पर नई गाड़ियों पर बंपर छूट मिल रही है
और आखिरी में बात करेंगे रक्षाबंधन पर बहनों को मिलने वाले मुफ्त सफर और सड़कों पर उतरने वाली अतिरिक्त बसों की। तो चलिए इस लेख के जरिए इन सभी खबरों को विस्तार से जानते हैं।
और पढ़ें: प्रॉपर्टी टैक्स में मिली 20% छूट, लेकिन सस्ते फ्लैट के चक्कर में फंस सकती है जान
गाजियाबाद में स्वाइन फ्लू का बढ़ता खतरा
गाजियाबाद की पहली खबर स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को लेकर, जहां गाजियाबाद और दिल्ली-एनसीआर में स्वाइन फ्लू (H1N1 Influenza) का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। इस बदलते मौसम और मानसून में फ्लू के मामले पिछले साल के मुकाबले कई गुना बढ़ गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इसे लेकर हेल्थ एडवाइजरी (Health Advisory) जारी की है, क्योंकि यह वायरस बेहद संक्रामक है और एक मरीज से पूरे परिवार में बहुत तेजी से फैलता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, छोटे बच्चों जैसे 6 वर्ष से कम और बुजुर्गों (65 वर्ष से अधिक) की इम्यूनिटी (रोग प्रतिरोधक क्षमता) कमजोर होती है, इसलिए उन्हें इस बीमारी से सबसे ज्यादा खतरा है और विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। यदि बच्चों या बुजुर्गों में ये लक्षण दिखें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। अचानक तेज बुखार आना या ठंड लगना, सूखी खांसी और गले में खराश होना, नाक बहना या बंद होना, सिरदर्द, मांसपेशियों और जोड़ों में तेज दर्द, अत्यधिक थकान और कमजोरी महसूस होना, बच्चों में उल्टी होना या दस्त (डायरिया) की समस्या।
इन गंभीर लक्षणों को न करें नजरअंदाज
स्थिति बिगड़ने पर ये लक्षण दिख सकते हैं, जिन्हें इमरजेंसी माना जाना चाहिए। सांस लेने में तकलीफ होना या छाती में तेज दर्द/दबाव होना। होंठ, त्वचा या नाखूनों का रंग हल्का नीला या ग्रे पड़ना। बहुत ज्यादा सुस्ती आना, बेहोशी या मरीज का सही से प्रतिक्रिया न देना। लगातार तेज बुखार रहना और अचानक तबीयत का बहुत ज्यादा खराब होना। बच्चों द्वारा दूध या भोजन पूरी तरह छोड़ देना।
बचाव के लिए क्या करें?
भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क जरूर पहनें।
हाथों को बार-बार साबुन-पानी या सैनिटाइज़र से साफ करें।
खांसते या छींकते समय मुंह पर रूमाल या टिश्यू रखें।
बिना डॉक्टर की सलाह के कोई भी दवा (एंटीबायोटिक) खुद से न लें।
जिंदा बुजुर्ग महिला को कागजों में किया मृत घोषित (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबा की दूसरी खबर प्रशासन की बड़ी लापरवाही को लेकर, जहां गाजियाबाद तहसील प्रशासन की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां 86 वर्षीय बुजुर्ग महिला अतरकली को सरकारी कागजों में मृत घोषित कर दिया गया। इस प्रशासनिक चूक के कारण जीवित होते हुए भी महिला को मिलने वाली सभी सरकारी सुविधाएं बंद हो गई हैं।
मीडिया द्वारा मिली जानकारी के अनुसार कागजों में मृत दर्ज होने की वजह से बुजुर्ग महिला को मिलने वाले सरकारी लाभ तुरंत रोक दिए गए, जिसके तहत उनकी विधवा पेंशन और पीएम किसान सम्मान निधि (PM Kisan Samman Nidhi) की किस्तें भी रुक गईं। यह चौंकाने वाला मामला तब उजागर हुआ जब पीड़ित महिला तहसील प्रशासन के सामने संपूर्ण समाधान दिवस में खुद के जिंदा होने का सबूत लेकर पहुंची। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि विभाग की एक गलती ने उन्हें सरकारी रिकॉर्ड में मार दिया है, जिससे उनका गुजारा मुश्किल हो गया है।
गूगल सर्च से नंबर निकालकर 7.51 लाख की ठगी (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की तीसरी खबर साइबर ठगी को लेकर, जहां साइबर अपराधियों ने अब लोगों को ठगने का एक नया और खतरनाक तरीका ढूंढ निकाला है। गाजियाबाद में एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां गूगल (Google) से एक डायग्नोस्टिक सेंटर का नंबर निकालना एक व्यक्ति को बेहद भारी पड़ गया। जालसाजों ने पीड़ित के मोबाइल पर एक APK (एंड्रॉइड एप्लिकेशन पैकेज) फाइल भेजी और उसके जरिए उनके बैंक खाते से 7.51 लाख रुपये साफ कर दिए।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पीड़ित ने किसी जांच या रिपोर्ट के सिलसिले में गूगल पर गाजियाबाद के एक नामी डायग्नोस्टिक सेंटर का नंबर सर्च किया था। सर्च रिजल्ट में साइबर ठगों द्वारा बदला गया एक फर्जी नंबर पीड़ित के हाथ लगा, जिस पर उन्होंने कॉल की। ठगों ने खुद को सेंटर का कर्मचारी बताया और बातचीत के दौरान पीड़ित को झांसे में ले लिया। जालसाजों ने पीड़ित को बुकिंग या किसी अन्य प्रक्रिया के नाम पर व्हाट्सएप (WhatsApp) पर एक APK फाइल भेजी और उसे इंस्टॉल करने को कहा।
जैसे ही पीड़ित ने उस फाइल को अपने फोन में डाउनलोड और इंस्टॉल किया, ठगों को उनके फोन का पूरा एक्सेस (Control) मिल गया। इसके बाद ठगों ने पीड़ित के नेट बैंकिंग और बैंक डिटेल्स चुराकर उनके खाते से कुल 7.51 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और लोगों से अनजान लिंक या APK फाइल डाउनलोड न करने की अपील की है।
नए BS-6 और इलेक्ट्रिक वाहनों पर बंपर छूट (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की चौथी खबर परिवहन विभाग के बड़े फैसले को लेकर, जहां दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने और पुराने वाहनों को सड़क से हटाने के लिए परिवहन विभाग ने एक बड़ा कदम उठाया है। गाजियाबाद में अब पुराने और मियाद पूरी कर चुके वाहनों को स्क्रैप (कबाड़) कराने पर वाहन स्वामियों को नए BS-6 (भारत स्टेज-6) और इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की खरीद पर बंपर छूट दी जा रही है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण को बचाना और लोगों को नए, कम प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की ओर प्रोत्साहित करना है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यदि आप अपने पुराने वाहन को सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त स्क्रैपिंग सेंटर पर स्क्रैप कराते हैं, तो आपको एक ‘प्रमाण पत्र’ (Certificate of Deposit) मिलेगा। इस प्रमाण पत्र को दिखाने पर नई गाड़ी खरीदते समय रोड टैक्स (Road Tax) में 10% से लेकर 25% तक की बड़ी छूट मिलेगी।
यदि कोई व्यक्ति नया इलेक्ट्रिक वाहन खरीदता है, तो उसे स्क्रैपेज नीति के लाभ के साथ-साथ राज्य सरकार की इलेक्ट्रिक वाहन नीति (EV Policy) के तहत मिलने वाली सब्सिडी का भी अतिरिक्त फायदा मिलेगा। वाहन स्वामियों को केवल टैक्स में छूट ही नहीं मिलेगी, बल्कि पुराने वाहन के लोहे और कबाड़ के वजन के हिसाब से स्क्रैप वैल्यू (उचित दाम) भी सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी।
रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए खुशखबरी (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की पांचवी खबर रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं के लिए खुशखबरी। मीडिया द्वारा मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि रक्षाबंधन के मौके पर भाइयों की कलाई पर राखी बांधने जाने वाली बहनों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार और परिवहन विभाग ने बड़ी राहत दी है। गाजियाबाद और दिल्ली-एनसीआर से मेरठ, बुलंदशहर, अलीगढ़, हापुड़ और आसपास के शहरों के लिए सफर करने वाली महिलाओं को इस बार परिवहन निगम की तरफ से विशेष सौगात मिली है। 27 अगस्त सुबह से लेकर 29 अगस्त की रात तक महिलाएं बसों में बिल्कुल मुफ्त सफर कर सकेंगी।
भीड़ को नियंत्रित करने और बहनों को बस अड्डों पर इंतजार से बचाने के लिए गाजियाबाद क्षेत्र के प्रमुख डिपो जैसे साहिबाबाद, कौशांबी, लोनी और हापुड़ से करीब 250 अतिरिक्त बसों के बराबर फेरे बढ़ाने और विशेष बसें संचालित करने की योजना बनाई गई है। सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अगले 6 दिनों तक रोडवेज के सभी चालकों और परिचालकों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं, जिससे शत-प्रतिशत बसें सड़कों पर दौड़ती नजर आएंगी।
महिला यात्रियों की सुगमता के लिए विभिन्न डिपो से कुल मिलाकर सैकड़ों अतिरिक्त बसें और फेरे बढ़ाए गए हैं। साहिबाबाद डिपो से 45 बसें आरक्षित, कौशांबी डिपो से 45 बसें आरक्षित, लोनी डिपो से 35 बसें आरक्षित, खुर्जा डिपो से 30 बसें आरक्षित, बुलंदशहर डिपो से 30 बसें आरक्षित, सिकंदराबाद डिपो से 30 बसें आरक्षित, हापुड़ डिपो से 30 बसें आरक्षित की जाएंगी।










































