Italy School Burqa Ban: इटली की संसद ने देश की शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए स्कूलों के भीतर बुर्का और नकाब पहनने पर पूरी तरह पाबंदी लगाने वाले कानून पर मुहर लगा दी है। प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की सरकार के शिक्षा सुधार एजेंडे के तहत लाए गए इस कानून में न केवल चेहरा ढकने वाले परिधानों पर रोक लगाई गई है, बल्कि स्कूलों की पहली कक्षा में विदेशी मूल के बच्चों के दाखिले की सीमा भी कुल छात्रों के 30 फीसदी तक तय कर दी गई है। अगर कोई छात्रा स्कूल में इस नए नियम का उल्लंघन करती है, तो उस पर 1,000 यूरो (भारतीय मुद्रा में लगभग 1.1 लाख रुपये) तक का भारी जुर्माना लगाया जा सकता है।
संसद के निचले सदन में 26 नवंबर को इस विधेयक पर वोटिंग हुई, जिसमें इसके समर्थन में 142 वोट पड़े, जबकि 112 सांसदों ने इसका विरोध किया। वहीं, चार सांसद मतदान से दूर रहे। इससे पहले 20 नवंबर को संसद के ऊपरी सदन से भी इस बिल को मंजूरी मिल चुकी थी।
स्कूलों में चेहरा ढकने पर सख्त रोक, अभिभावकों को भरना होगा जुर्माना| Italy School Burqa Ban
नए कानून के प्रावधानों के अनुसार, छात्र स्कूल में पढ़ाई या किसी भी अन्य गतिविधि के दौरान ऐसा कोई कपड़ा नहीं पहन सकेंगे, जिससे उनका चेहरा छिपता हो। इस पाबंदी के दायरे में मुख्य रूप से बुर्का और नकाब शामिल हैं।
- बुर्के में महिला का पूरा शरीर और चेहरा ढका रहता है और आंखों के सामने जाली लगी होती है, जबकि नकाब में पूरा चेहरा ढका होता है और सिर्फ आंखें नजर आती हैं।
- इस फैसले का सीधा असर खासतौर पर मुस्लिम छात्राओं पर पड़ेगा।
- नियम तोड़ने पर 1,000 यूरो तक का जुर्माना भरना होगा। यदि नियम का उल्लंघन करने वाली छात्रा नाबालिग है, तो यह जुर्माना उसके माता-पिता या कानूनी अभिभावक से वसूला जाएगा।
पहली कक्षा में विदेशी छात्रों के लिए 30% की सीमा तय
इस कानून का दूसरा बड़ा हिस्सा स्कूलों में विदेशी मूल के बच्चों की संख्या से जुड़ा है। नए नियमों के मुताबिक, अब किसी भी स्कूल की पहली कक्षा में विदेशी मूल के विद्यार्थियों की संख्या कुल छात्रों के 30 प्रतिशत से अधिक नहीं हो पाएगी। हालांकि, सरकार ने इसमें एक बड़ी राहत भी दी है जिन विदेशी बच्चों को इतालवी भाषा (इटालियन) अच्छी तरह बोलनी और समझनी आती है, उन्हें 30 फीसदी की इस सीमा से छूट मिलेगी।
इसके अलावा, मेलोनी सरकार ने विदेशी मूल के माता-पिता के लिए इतालवी भाषा सिखाने वाली विशेष कक्षाएं शुरू करने की भी योजना बनाई है। सरकार का मानना है कि भाषा सीखने से विदेशी बच्चों और उनके परिवारों को स्कूल के माहौल और स्थानीय समाज में आसानी से घुलने-मिलने में मदद मिलेगी।
विपक्ष ने लगाया भेदभाव का आरोप, सरकार ने गिनाए सुधार के फायदे
संसद में विपक्षी सांसदों ने इस कानून का कड़ा विरोध किया। उन्होंने सदन के अंदर पोस्टर दिखाकर नाराजगी जताई और कहा कि ‘स्कूलों में कोई विदेशी नहीं होता’। विपक्ष का आरोप है कि सरकार के ये फैसले विदेशी परिवारों और मुस्लिम छात्रों के साथ भेदभाव को बढ़ावा दे सकते हैं, जिससे बच्चों के बीच दूरियां बढ़ेंगी।
दूसरी ओर, सरकार ने अपने इस कदम का बचाव करते हुए कहा कि यह किसी के खिलाफ नहीं, बल्कि 2026-27 के शैक्षणिक सत्र को बेहतर बनाने और राष्ट्रीय सुधार एवं विकास योजना (PNRR) के तहत शिक्षा प्रणाली में सुधार करने के उद्देश्य से लाया गया है।











































