Samay Raina controversy: अपने डार्क ह्यूमर और बेबाक अंदाज के लिए मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना एक बार फिर भारी विवादों में घिर गए हैं। उनके चर्चित यूट्यूब शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ (India’s Got Latent) के ताजा एपिसोड में कश्मीरी पंडितों और बिहारियों को लेकर की गई टिप्पणियों पर सियासी और सामाजिक स्तर पर तीखा आक्रोश देखा जा रहा है। मामले ने तूल पकड़ा तो भारतीय जनता पार्टी के विधायक राम कदम और बिहार सरकार के मंत्री मिथिलेश तिवारी समेत कश्मीरी पंडित समुदाय के प्रतिनिधियों ने इसे सोची-समझी साजिश और सस्ता पब्लिसिटी स्टंट करार दिया है।
शो में क्या हुआ? कैसे शुरू हुआ विवाद?| Samay Raina controversy
विवाद की शुरुआत ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के नए एपिसोड से हुई, जिसमें कॉमेडियन शेरोन वर्मा बतौर गेस्ट नजर आईं। शो के दौरान शेरोन और समय रैना के बीच एक-दूसरे की पहचान और क्षेत्रीय पृष्ठभूमि पर रोस्टिंग शुरू हुई। जहां शेरोन ने समय की कश्मीरी पंडित पहचान पर व्यंग्य कसा, वहीं समय ने भी शेरोन के बिहार बैकग्राउंड को लेकर चुटकी ली। शो का यह हिस्सा ऑन-एयर होते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कई यूजर्स ने इसे संवेदनशील पहचान और ऐतिहासिक पीड़ा का असंवेदनशील मजाक बताते हुए आलोचना शुरू कर दी।
‘कलाकार की भी सीमाएं होती हैं’: राम कदम का फूटा गुस्सा
बीजेपी नेता और विधायक राम कदम ने समय रैना पर कड़ा हमला बोलते हुए कहा कि किसी भी कलाकार की एक सीमा होती है और आस्था या संवेदनशील भावनाओं को ठेस पहुंचाना कला नहीं हो सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब पब्लिसिटी हासिल करने के लिए जानबूझकर रचा गया षड्यंत्र है।
राम कदम ने कहा, “ये लोग पहले मजाक उड़ाते हैं, विवाद खड़ा करके पब्लिसिटी बटोरते हैं और फिर एक माफी मांगकर कहानी खत्म कर देते हैं। तब तक उनकी दुकानदारी चल पड़ती है।” उन्होंने सरकार से मांग की कि ऐसी घिनौनी मानसिकता को रोकने के लिए कड़ा कानून बनाकर इन्हें जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाए। साथ ही उन्होंने जनता से भी अपील की कि सनातन धर्म, हिंदू आस्था या किसी भी समुदाय का अपमान करने वालों का सोशल मीडिया पर पूरी तरह बहिष्कार किया जाए।
बिहार के मंत्री और कश्मीरी कार्यकर्ताओं ने जताई सख्त आपत्ति
बिहार के मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भी इन टिप्पणियों को अस्वीकार्य और अपमानजनक बताया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि देश के किसी भी नागरिक या क्षेत्र के खिलाफ इस तरह की घटिया बयानबाजी बर्दाश्त नहीं की जा सकती। वहीं, कश्मीरी पंडित एक्टिविस्ट अमित रैना और अश्वनी भट्ट ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कश्मीरी पंडित समुदाय के विस्थापन, संघर्ष और गहरे दर्द को कॉमेडी का विषय बनाना बेहद निंदनीय और गैर-जिम्मेदाराना है।
पुराने विवादों से भी रहा है नाता
यह पहला मौका नहीं है जब समय रैना का शो विवादों के घेरे में आया है:
- 2024 का विवाद: शो के एक एपिसोड में रणवीर इलाहाबादिया की आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद भारी विवाद हुआ था, जिसमें समय रैना समेत कई लोगों के खिलाफ पुलिस केस दर्ज हुए थे और सुप्रीम कोर्ट ने भी तल्ख टिप्पणी की थी। हालांकि बाद में अदालत ने राहत देते हुए मामले रद्द कर दिए थे।
- साइबर पुलिस पर तंज: हाल ही में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी वाले एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भी समय ने महाराष्ट्र साइबर पुलिस को लेकर मजाक किया था, जिसकी काफी चर्चा हुई थी।












































