Raushan Anand Brother Death: पटना के चर्चित ज्ञान बिंदु कोचिंग और खान सर विवाद से जुड़े एक अहम नाम प्रिंस यादव की नेपाल में मौत हो गई है। प्रिंस यादव, ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद के भाई थे। उनकी मौत की खबर सामने आने के बाद बिहार से लेकर नेपाल तक हलचल मच गई है। फिलहाल मौत के सही कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है और नेपाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार प्रिंस यादव नेपाल के विराटनगर शहर में अपने कुछ दोस्तों के साथ ठहरे हुए थे। वह वार्ड नंबर-9 स्थित एक होटल में रह रहे थे। शुरुआती जानकारी में बताया जा रहा है कि शनिवार रात उन्होंने अपने साथियों के साथ शराब पी थी। इसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हालांकि, यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है कि उनकी मौत किस वजह से हुई। अत्यधिक शराब सेवन की बात सामने आ रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस और मेडिकल जांच के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
और पढ़ें: राजघराने में रिश्तों का महाभारत! विवाद इतना बढ़ा कि निकल आई बंदूक| Madhya Pradesh crime news
दोस्तों से पूछताछ, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस| Raushan Anand Brother Death
घटना की जानकारी मिलते ही नेपाल पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस होटल में मौजूद प्रिंस यादव के दोस्तों से पूछताछ कर रही है। साथ ही होटल के रजिस्टर, एंट्री रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि घटना से जुड़े हर पहलू को समझा जा सके। नेपाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा। पुलिस यह भी देख रही है कि घटना के समय होटल में क्या परिस्थितियां थीं और प्रिंस यादव के साथ मौजूद लोगों की भूमिका क्या रही।

FIR के बाद नेपाल में रह रहे थे प्रिंस
प्रिंस यादव का नाम हाल ही में खान सर और ज्ञान बिंदु कोचिंग विवाद से जुड़े एक मामले में भी सामने आया था। खान ग्लोबल स्टडीज की ओर से दर्ज कराई गई FIR में प्रिंस यादव को भी आरोपी बनाया गया था। आरोप था कि 2 जून की रात ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद के कहने पर प्रिंस यादव समेत कई लोग खान सर की कोचिंग पहुंचे थे।
शिकायत के अनुसार वहां सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की गई थी और कोचिंग परिसर में तोड़फोड़ भी हुई थी। FIR में यह भी आरोप लगाया गया था कि कोचिंग के बोर्ड, बैरिकेडिंग और खान सर की तस्वीर को नुकसान पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि FIR दर्ज होने के बाद प्रिंस यादव अपने कुछ साथियों के साथ नेपाल चले गए थे और वहीं रह रहे थे। इतना ही नहीं, वर्ष 2021 में खान सर की कोचिंग पर हुए हमले के मामले में भी उनका नाम चर्चा में आया था।
रौशन आनंद जेल में, जमानत पर सुनवाई आज
ज्ञान बिंदु कोचिंग और खान सर विवाद मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद फिलहाल जेल में हैं। उनकी जमानत याचिका पर सोमवार को सुनवाई होनी है। दूसरी ओर खान सर के दो गार्ड भी न्यायिक हिरासत में हैं। उनकी जमानत याचिका पहले ही खारिज की जा चुकी है। वहीं पटना सिविल कोर्ट ने फिलहाल खान सर की गिरफ्तारी पर रोक लगा रखी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
फिलहाल नेपाल पुलिस प्रिंस यादव के परिजनों के पहुंचने का इंतजार कर रही है। परिजनों की लिखित सहमति मिलने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जांच एजेंसियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि प्रिंस यादव की मौत सामान्य परिस्थितियों में हुई या इसके पीछे कोई और वजह है।
और पढ़ें: लव मैरिज का खूनी अंजाम! परीक्षा से लौटते वक्त पत्नी के सामने भाई ने पति को मारी गोली| UP Crime News





























