Daler Mehndi Subodh Uniyal: उत्तराखंड के टिहरी में आयोजित सांस्कृतिक मेले के दौरान मशहूर पॉप सिंगर दलेर मेहंदी के साथ हुए दुर्व्यवहार के मामले में आखिरकार कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने माफी मांग ली है। मंत्री ने खुद दलेर मेहंदी को फोन कर पूरे घटनाक्रम पर गहरा अफसोस जताया। मंत्री की इस पहल का दलेर मेहंदी के छोटे भाई और जाने-माने सिंगर मीका सिंह की टीम ने खुले दिल से स्वागत किया है। टीम की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि किसी भी कलाकार की गरिमा और मान-सम्मान की हिफाजत सबसे पहले होनी चाहिए।
फोन कर जताया खेद, मीका की टीम बोली— ‘आगे बढ़ने का वक्त’| Daler Mehndi Subodh Uniyal
मीका सिंह की टीम ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए साफ किया कि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने सीधे ‘दलेर पाजी’ से बात की और उस दिन मंच पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के लिए खेद प्रकट किया। बयान में कहा गया कि दलेर मेहंदी भारतीय संगीत जगत के बेहद सीनियर और सम्मानित कलाकार हैं, जिनका इंडस्ट्री में अतुलनीय योगदान रहा है। ऐसे में हर मंच पर कलाकारों के साथ आदरपूर्वक व्यवहार होना जरूरी है। टीम ने कहा कि मंत्री द्वारा भूल सुधारने के बाद अब इस कड़वाहट को भुलाकर आपसी समझ और सम्मान के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
18 अक्टूबर को मंच पर क्या हुआ था?
यह पूरा विवाद 18 अक्टूबर को टिहरी जिले के प्रसिद्ध ‘सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले’ में शुरू हुआ था। कार्यक्रम के दौरान दलेर मेहंदी जब रुक-रुक कर प्रस्तुति दे रहे थे, तभी प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल अचानक स्टेज पर चढ़ गए। उन्होंने सबके सामने माइक पर दलेर मेहंदी को फटकार लगाते हुए कहा था कि आप शराब पीकर जनता को बेवकूफ बना रहे हैं और ठीक से गाना भी नहीं गा रहे। मंत्री ने यह तक कह दिया था कि पहले भी यहां एक गायक बुरी तरह पिट कर गया था और इतना पिटा था कि अब उसका बाप भी यहां नहीं आ सकता।
सीएम धामी ने दिखाई दरियादिली, फोन कर दिया न्योता
मामला जब तूल पकड़ने लगा तो उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुद कमान संभाली। मीका सिंह ने बताया कि सीएम धामी बेहद संवेदनशील और सुलझे हुए इंसान हैं। उन्होंने खुद दोनों भाइयों को फोन कर बेहद विनम्रता से बात की। मीका के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने अपने कैबिनेट सहयोगी के रवैये पर खेद भी जताया, हालांकि मीका का मानना था कि गलती मंत्री की थी इसलिए सीएम को माफी मांगने की जरूरत नहीं थी। सीएम धामी ने दोनों भाइयों को ससम्मान उत्तराखंड आने का न्योता भी दिया।
बॉलीवुड एक सुर में उतरा समर्थन में, बैकफुट पर आई सरकार
मंच पर बदसलूकी का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पूरा बॉलीवुड दलेर मेहंदी के समर्थन में उतर आया। अनुपम खेर, शिल्पा शेट्टी, राजपाल यादव, कपिल शर्मा, शान और बादशाह जैसी दिग्गज हस्तियों ने मंत्री के व्यवहार की तीखी आलोचना की। मीका सिंह ने मोर्चा संभालते हुए साफ किया था कि दलेर पाजी की तबीयत खराब होने के बावजूद उन्होंने पेशेवर रुख दिखाते हुए डेढ़ घंटे से ज्यादा समय तक समां बांधा। मीका ने यह भी साफ किया कि उनके भाई ने जिंदगी में कभी शराब को हाथ तक नहीं लगाया। बढ़ते दबाव और बॉलीवुड के आक्रोश के बाद मंत्री ने पहले सफाई दी कि उन्हें बीमारी की जानकारी नहीं थी और अब अंततः सीधे फोन कर माफी मांगकर विवाद को शांत किया।














































