कहीं सड़क पर दौड़ाकर पीटा तो कहीं लिफ्ट में गंदी हरकत! | Top 5 Ghaziabad News

Rajni | Nedrick News Ghaziabad Published: 25 सितम्बर 2026, 07:51 PM Updated: 25 सितम्बर 2026, 07:52 PM
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google

Top 5 Ghaziabad News: गाजियाबाद में आज कानून-व्यवस्था, धोखाधड़ी और सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर प्रशासन का बड़ा चाबुक चला है। दिल्ली से सटे इस हाईटेक शहर में जहां एक तरफ बेखौफ ऑडी सवारों की गुंडागर्दी और लिफ्ट में गंदगी फैलाने वाली शर्मनाक हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है,वहीं दूसरी तरफ बैंकिंग सेक्टर में करोड़ों के गोल्ड लोन फर्जीवाड़े और डेटिंग ऐप के जरिए युवाओं को हनीट्रैप में फंसाकर लूटने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।

इसके साथ ही, युवाओं की सेहत से खिलवाड़ करने वाले नकली हेल्थ सप्लीमेंट माफियाओं के खिलाफ भी खाद्य विभाग (FSDA) ने अब तक की सबसे बड़ी महा-कार्रवाई को अंजाम दिया है। तो चलिए इस लेख के जरिए इन सभी खबरों को विस्तार से जानते है।

और पढ़ें: GDA की एयरोसिटी योजना का धमाका और प्लॉट हड़पने वाले जालसाज का पर्दाफाश! | Top 5 Ghaziabad News

हर्षा सिटी के सामने करोबारी के साथ मारपीट का वीडियो वायरल

गाजियाबाद की पहली खबर इंदिरापुरम से है। जहां सड़क पर खड़ी ऑडी कार को हटाने को लेकर हुए विवाद में एक बेकरी कारोबारी कार्तिक खरबंदा के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बताया जा रहा है कि यह मामला इंदिरापुरम थानाक्षेत्र में हर्षा सिटी मॉल के बाहर 23 सितंबर की देर रात का है। पीड़ित कार्तिक खरबंदा ने मॉल के बाहर सड़क पर बीच में खड़ी एक सफेद ऑडी कार को हटाने के लिए कहा, जिससे रास्ता रुका हुआ था। कार में कुछ युवक सवार थे। जब कार्तिक ने गाड़ी आगे बढ़ाने को कहा, तो आरोपी भड़क गए।

विवाद बढ़ने पर ऑडी सवार युवकों ने कार्तिक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और उन्हें सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीटा। आरोपियों ने कार्तिक को उठाकर सड़क पर भी पटका और पास में पड़े पत्थर से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गए।

मौके पर मौजूद पीड़ित के दोस्त और कुछ राहगीरों ने इस पूरी वारदात का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक पीड़ित को लात-घूंसों से मार रहे हैं।

कार्तिक की शिकायत (तहरीर) पर इंदिरापुरम पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य नामजद आरोपी राहुल मोहन को गिरफ्तार कर लिया है, जो एक जिम चलाता है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई ऑडी कार को भी सीज कर दिया गया है। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों (जैसे माधव) की तलाश और जांच कर रही है।


लिफ्ट की ये शर्मसार घटना CCTV में कैद (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद इंदिरापुरम की एक हाईराइज सोसायटी में की दूसरा बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है, जहाँ एक शख्स ने लिफ्ट के अंदर पेशाब कर दिया। इस घिनौनी हरकत का CCTV फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे सोसायटी के निवासियों में भारी आक्रोश है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बताया जा रहा है कि यह घटना इंदिरापुरम के अहिंसा खंड-1 स्थित शिप्रा कृष्णा विस्टा सोसायटी के एफ-2 (F-2) टावर की है।

पिछले कुछ दिनों से टावर की लिफ्ट से लगातार असहनीय बदबू आ रही थी। परेशान होकर निवासियों ने इसकी शिकायत रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) और मेंटेनेंस विभाग से की। जब मेंटेनेंस टीम ने लिफ्ट के अंदर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, तो सच देखकर सब दंग रह गए।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक लिफ्ट में चढ़ता है और सीधे कंट्रोल पैनल (बटन बोर्ड) की तरफ मुंह करके पेशाब करने लगता है। इस दौरान लिफ्ट कई मंजिलों पर रुकती है और उसके दरवाजे भी खुलते हैं, लेकिन वह अपनी हरकत बंद नहीं करता। हद तो तब हो गई जब एक अन्य व्यक्ति लिफ्ट में चढ़ने आता है, लेकिन अंदर का नजारा देख वह पीछे हट जाता है। इसके बाद युवक अपनी मंजिल पर उतरकर आराम से चला जाता है। इस हरकत की वजह से सोसायटी के लोगों में गहरी नाराजगी है।

लोगों का कहना है कि वे लाखों-करोड़ों रुपए खर्च करके हाईराइज सोसायटियों में रहते हैं, और अगर कॉमन स्पेस (साझा जगहों) का ऐसा दुरुपयोग होगा तो बुजुर्गों और बच्चों की सेहत और सुरक्षा का क्या होगा? अपडेट के मुताबिक, आरोपी की पहचान इसी सोसायटी के एक निवासी के रूप में हुई है, जो घटना के वक्त कथित तौर पर नशे में था। Shipra Krishna Vista Society की आरडब्ल्यूए (RWA) ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पर भारी जुर्माना लगाया है और उसे दोबारा ऐसी हरकत न करने की कड़ी चेतावनी जारी की है।

हनीट्रैप में फंसाकर वसूली मोटी रकम (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की तीसरी खबर राजनगर से जहां डिस्ट्रिक्ट सेंटर (RDC) में डेटिंग ऐप के जरिए युवाओं को हनीट्रैप में फंसाकर मोटी रकम वसूलने का एक और बड़ा मामला सामने आया है। एक साधारण मुलाकात के दौरान पीड़ित युवक को डरा-धमका कर 36,000 रुपये का भारी-भरकम बिल जबरन वसूल लिया गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मेरठ के रहने वाले एक युवक की Tinder (डेटिंग ऐप) पर एक युवती से बातचीत शुरू हुई। दोनों ने आपस में बातचीत के बाद मिलने का फैसला किया और युवती ने युवक को गाजियाबाद के RDC स्थित एक कैफे में बुलाया। कैफे में बैठने के बाद युवती ने युवक की सहमति के बिना ही एक के बाद एक कई महंगे फूड आइटम्स और ड्रिंक्स ऑर्डर कर दिए। जब पीड़ित ने इतने मामूली खाने के इतने भारी बिल का विरोध किया, तो कैफे में मौजूद आरोपियों ने उसे डराया-धमकाया और बंधक जैसी स्थिति बना दी।

बदनामी और मारपीट के डर से पीड़ित को जबरन पूरे 36 हजार रुपये का भुगतान करना पड़ा। धोखाधड़ी का अहसास होने के बाद पीड़ित ने गाजियाबाद के कविनगर थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने युवती और कैफे प्रबंधन से जुड़े आरोपियों के खिलाफ BNS की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस कैफे के सीसीटीवी फुटेज और युवती के प्रोफाइल नंबर के जरिए गिरोह के सदस्यों की तलाश कर रही है।

गोल्ड लोन फर्जीवाड़े का खुलासा (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की चौथी खबर बैंक फर्जीवाड़े को लेकर है। जहां आरडीसी (RDC) स्थित फेडरल बैंक की शाखा में 1.46 करोड़ रुपये के गोल्ड लोन फर्जीवाड़े का खुलासा होने के तुरंत बाद, अब बैंक की वैशाली शाखा में भी ऐसा ही एक बड़ा मामला सामने आया है। यहाँ भी शातिरों ने 10 लोन खातों में नकली सोने के आभूषण गिरवी रखकर बैंक से करीब 45 लाख रुपये का चूना लगा दिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह ताजा मामला फेडरल बैंक की वैशाली शाखा का है। आरडीसी (राजनगर) शाखा में घोटाला सामने आने के बाद बैंक प्रशासन सतर्क हो गया था। जब जांच में पता चला कि आरडीसी शाखा के आरोपी गोल्ड वैल्यूअर (सोना जांचने वाले) और लोन लाने वाली फिनटेक कंपनी के पूर्व अधिकारियों ने वैशाली शाखा में भी कुछ लोन प्रोसेस कराए हैं, तो बैंक ने वहाँ भी अंदरूनी जांच (Internal Audit) बिठाई।

आंतरिक जांच के दौरान वैशाली शाखा के 10 गोल्ड लोन खातों से जुड़े जेवरातों की दोबारा जांच कराई गई, जिसमें पाया गया कि गिरवी रखा गया सोना पूरी तरह नकली था। चौंकाने वाली बात यह है कि वैशाली शाखा के इस 45 लाख के फर्जीवाड़े में शामिल 3 खाताधारक वही हैं, जो आरडीसी शाखा वाले 1.46 करोड़ के घोटाले में भी नामजद आरोपी हैं।

फेडरल बैंक की वैशाली शाखा के प्रबंधक गगन शर्मा की ओर से इस मामले में कौशांबी थाने में लिखित शिकायत दी गई है। पुलिस अब बैंक द्वारा सौंपे गए दस्तावेजों, वैल्यूअर और फिनटेक कंपनी के पूर्व अधिकारियों की भूमिका की गहनता से कड़ियां खंगाल रही है।

 FSDA की छापेमारी (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की पांचवी खबर FSDA की छापेमारी को लेकर है। उत्तर प्रदेश में हेल्थ सप्लीमेंट और न्यूट्रास्यूटिकल्स के नाम पर उपभोक्ताओं को भ्रामक स्वास्थ्य दावों के जरिए गुमराह करने वाली इकाइयों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने अब तक की सबसे बड़ी प्रदेशव्यापी कार्रवाई की है। विभाग की संयुक्त टीमों ने आगरा समेत यूपी के 13 जिलों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर करीब 1 करोड़ रुपये का संदिग्ध माल सीज कर दिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार FSDA के खाद्य सचल दलों और औषधि निरीक्षकों की संयुक्त टीमों ने आगरा, लखनऊ, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर (नोएडा), वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, मुरादाबाद, बरेली, झांसी, मथुरा, हाथरस और बाराबंकी में एक साथ अभियान चलाया। टीमों ने कुल 63 विनिर्माण और थोक विक्रेता इकाइयों का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान नियमों के विपरीत पाए गए, एक्सपायरी डेट के और झूठे दावों वाले 1 करोड़ रुपये मूल्य के हेल्थ सप्लीमेंट्स व न्यूट्रास्यूटिकल्स जब्त किए गए। जांच के लिए 43 संदिग्ध नमूने (सैंपल्स) भी लैब भेजे गए हैं। जांच के दौरान फैक्ट्रियों में भयंकर गंदगी (सैनिटरी कमियां), मिसब्रांडिंग, भ्रामक व औषधीय दावे, गलत लेबलिंग, एक्सपायर्ड रॉ मैटेरियल का इस्तेमाल और लाइसेंस से जुड़ी भारी अनियमितताएं देखने को मिलीं।

Rajni

rajni@nedricknews.com

Recent News

Editor's Picks

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds