मुंढे के डर से घर में बनाने लगी पनीर: IAS तुकाराम मुंढे की छापेमारी पर ट्विंकल खन्ना का मजेदार तंज| Twinkle Khanna News

Nandani | Nedrick News Mumbai Published: 01 सितम्बर 2026, 04:15 AM Updated: 01 सितम्बर 2026, 04:15 AM
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google

Twinkle Khanna News: महाराष्ट्र के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) कमिश्नर और चर्चित आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे इन दिनों मिलावटखोरों के खिलाफ ताबड़तोड़ एक्शन को लेकर सुर्खियों में हैं। मई 2026 में पद संभालने के बाद से उनकी सख्त छापेमारी, खासकर नकली पनीर और हानिकारक फूड कलर्स के खिलाफ चलाए गए अभियान की हर तरफ चर्चा है। अब इस मुद्दे पर बॉलीवुड की पूर्व एक्ट्रेस और मशहूर स्तंभकार ट्विंकल खन्ना ने अपने खास ‘मिसेज फनीबोन्स’ अंदाज में चुटकी ली है।

और पढ़ें: समय रैना के शो पर फिर बवाल: कश्मीरी पंडितों और बिहारियों पर मजाक करना पड़ा भारी, BJP नेता बोले- भेजो जेल | Samay Raina controversy

‘द नेम्स तुकाराम, विद अ लाइसेंस टू सील’| Twinkle Khanna News

 ट्विंकल खन्ना ने अपने ताजा कॉलम की शुरुआत बेहद दिलचस्प पंचलाइन “The Name’s Tukaram, With a License to Seal” (नाम है तुकाराम, सील करने का लाइसेंस साथ रखते हैं) से की। उन्होंने जेम्स बॉन्ड के स्टाइल में मुंढे के सख्त मिजाज को बयां करते हुए लिखा कि कमिश्नर मुंढे की इस मुहिम के आगे बड़े-बड़े रेस्टोरेंट्स ताश के पत्तों की तरह ढह रहे हैं और डोमिनोज जैसे बड़े ब्रांड्स तक पर गाज गिरी है। जहां-जहां मुंढे कदम रखते हैं, मिलावट करने वालों के पसीने छूट जाते हैं।

बचपन के दिनों को याद करते हुए ट्विंकल ने लिखा कि पुराने दिनों में जब वे मेलों में जाती थीं (फिल्म ‘मेला’ में काम करने की बात नहीं कर रही हैं), तब कॉटन कैंडी चटख गुलाबी रंग की मिलती थी। लेकिन कमिश्नर मुंढे की सख्ती के बाद हानिकारक रंगों पर रोक लगी और अब वही कैंडी बालों की जड़ों जैसी सफेद हो गई है।

नकली पनीर के डर से घर में ही शुरू हुआ प्रोडक्शन

ट्विंकल ने बताया कि जब से नकली पनीर घोटाले का भंडाफोड़ हुआ है, उन्होंने और उनकी मां (डिंपल कपाड़िया) ने बाजार का पनीर छोड़कर घर पर ही पनीर बनाना शुरू कर दिया है। अब घर में इस बात पर नोकझोंक होती है कि मां 1 लीटर दूध से 250 ग्राम पनीर बना लेती हैं, जबकि वे खुद सिर्फ 180 ग्राम ही निकाल पाती हैं और किसका पनीर ज्यादा सफेद व स्वादिष्ट है!

खुद के किचन पर ‘मुंढे इंस्पायर्ड रेड’ और मुगलों पर तंज

मजाकिया लहजे में ट्विंकल ने लिखा कि जब उन्होंने अपने ही किचन में ‘मुंढे स्टाइल रेड’ डाली, तो उन्हें ‘शाही मसाले’ का एक ऐसा पैकेट मिला जो शायद मुगल काल के समय ही एक्सपायर हो चुका था।

इसी बहाने उन्होंने इतिहास से मुगलों के नाम हटाने की बहस पर भी तंज कसा। ट्विंकल ने लिखा, “जो लोग इतिहास की किताबों से मुगलों का नाम मिटाना चाहते हैं, उन्हें पहले अपनी थाली से शुरुआत करनी चाहिए। कोफ्ता, कोरमा और कबाब छोड़ना इतना आसान नहीं है। आप एक तरफ मुगलई पनीर का स्वाद भी लेना चाहते हैं और दूसरी तरफ इतिहास भुलाना चाहते हैं, ये दोनों चीजें एक साथ नहीं चल सकतीं।” साथ ही उन्होंने बिहार के नालंदा की उस घटना का भी जिक्र किया जहां नमक की जगह डिटर्जेंट के इस्तेमाल से छात्र बीमार पड़ गए थे।

रेस्टोरेंट में वेटर से सवाल और बनी ‘मुंढेज़ मार्टिनी’

ट्विंकल ने हाल ही में एक रेस्टोरेंट का मजेदार किस्सा साझा किया। वहां तंदूरी ब्रोकली, चिकन टिक्का और पनीर टिक्का ऑर्डर करने से पहले उन्होंने सीधे वेटर से पूछा, “क्या यहां तुकाराम मुंढे की चेकिंग हो चुकी है?” वेटर ने मुस्कुराते हुए कहा कि पिछले हफ्ते ही चेकिंग हुई और रेस्टोरेंट पास हो गया। इसके बाद जब उन्होंने बेफिक्र होकर पनीर टिक्का उठाया, तो वह फिसलकर सीधे उनकी मार्टिनी ग्लास में जा गिरा। ट्विंकल ने ड्रिंक बदलने के बजाय उसका नाम ‘मुंढेज़ मार्टिनी’ रख दिया जिसमें जिन, वर्मथ, ऑलिव और तैरता हुआ पनीर टिक्का शामिल था।

और पढ़ें: NEET आंदोलन में क्यों पहुंची थीं शबाना आजमी? एक्ट्रेस ने किया खुलासा—’जावेद साहब के कहने पर लिया था फैसला| Shabana Azmi News

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds