MOTN survey Lok Sabha: अगर देश में आज ही लोकसभा चुनाव हो जाएं, तो जनता किसे प्रधानमंत्री की कुर्सी पर देखना चाहेगी? इस सवाल को लेकर देश का मिजाज क्या है, इसका अनुमान इंडिया टुडे और सी-वोटर के ताजा ‘मूड ऑफ द नेशन’ (MOTN) सर्वे में सामने आया है। सर्वे के नतीजे बताते हैं कि प्रधानमंत्री पद की रेस में नरेंद्र मोदी आज भी देश की पहली पसंद बने हुए हैं, जबकि विपक्ष की ओर से राहुल गांधी दूसरे नंबर पर मजबूती से टिके हैं। हालांकि, तीसरे नंबर पर जिस नेता का नाम सामने आया है, उसने हर किसी को हैरान कर दिया है।
पीएम पद की पसंद: मोदी का दबदबा बरकरार, विजय की सरप्राइज एंट्री| MOTN survey Lok Sabha
सर्वे के आंकड़ों के मुताबिक, 48.7 फीसदी लोगों की पहली पसंद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। वहीं, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी 27.1 फीसदी लोगों के समर्थन के साथ दूसरे स्थान पर हैं। सबको चौंकाने वाला नाम तीसरे नंबर पर आया है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता से राजनेता बने सी. जोसेफ विजय (थलपति विजय) को 9.2 फीसदी लोगों ने पीएम पद के लिए अपनी पसंद बताया है। फिल्मी पर्दे से सियासत में उतरे विजय की लोकप्रियता तेजी से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही है।
इसके अलावा अन्य नेताओं की बात करें तो:
- ममता बनर्जी: 2%
- अखिलेश यादव: 7%
- अभिजीत दिपके (संयोजक, कॉकरोच जनता पार्टी – CJP): 1.3%
- अरविंद केजरीवाल: 2%
अगर आज चुनाव हों, तो किसे कितनी सीटें?
सर्वे में सीटों के अनुमान पर नजर डालें तो बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए (NDA) को आज चुनाव होने पर 326 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। हालांकि, जनवरी के पिछले सर्वे (352 सीटें) के मुकाबले एनडीए को 26 सीटों का नुकसान होता दिख रहा है। अकेले बीजेपी की बात करें तो पार्टी 261 सीटों पर सिमट सकती है, जो छह महीने पहले के 287 सीटों के अनुमान से कम है। दूसरी तरफ, विपक्षी ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन को 185 सीटें मिलने का अनुमान है, जो जनवरी के 182 सीटों के आंकड़े से थोड़ा बेहतर है। इसमें सबसे बड़ा फायदा कांग्रेस को होता दिख रहा है। कांग्रेस पार्टी के खाते में 106 सीटें जाने का अनुमान है, जो पिछले सर्वे के 80 सीटों के मुकाबले एक बड़ी छलांग है। वहीं, अन्य और क्षेत्रीय दलों को करीब 32 सीटें मिल सकती हैं।
राज्यों का मिजाज: यूपी-महाराष्ट्र में कड़ी टक्कर, पंजाब में एनडीए पिछड़ा
वोट शेयर के मामले में बड़े राज्यों की तस्वीर भी काफी दिलचस्प है:
- उत्तर प्रदेश: एनडीए को 42 फीसदी और इंडिया गठबंधन को 40 फीसदी वोट शेयर मिलने का अनुमान है, यानी यहां सीधा और कड़ा मुकाबला है।
- महाराष्ट्र: एनडीए 49 फीसदी वोट शेयर के साथ आगे है, जबकि इंडिया ब्लॉक को 43 फीसदी वोट मिल सकते हैं।
- पश्चिम बंगाल: एनडीए 46 फीसदी वोट शेयर के साथ मजबूत स्थिति में दिख रहा है, जबकि इंडिया ब्लॉक के खाते में 11 फीसदी वोट का अनुमान है।
- पंजाब: यहां एनडीए का प्रदर्शन कमजोर बना हुआ है। पंजाब में इंडिया ब्लॉक को 25 फीसदी और एनडीए को केवल 16 फीसदी वोट शेयर मिलने का अनुमान है।
आपको बता दें कि ‘मूड ऑफ द नेशन’ सर्वे साल में दो बार कराया जाता है और इंडिया टुडे ग्रुप पिछले करीब दो दशकों से देश की सियासी नब्ज टटोलने के लिए यह सर्वे करता आ रहा है।













































