बत्ती गुल, पानी ठप! 72 घंटे की हड़ताल से हिला हरियाणा; रेवाड़ी-सोनीपत में बवाल| Haryana electricity employees strike

Nandani | Nedrick News Haryana Published: 23 अक्टूबर 2026, 11:16 PM Updated: 23 अक्टूबर 2026, 11:22 PM
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google

Haryana electricity employees strike: हरियाणा में पावर सेक्टर के कथित निजीकरण के विरोध में बिजली विभाग के लगभग 40 हजार कर्मचारियों और इंजीनियरों के हड़ताल पर चले जाने से पूरे राज्य में बड़ा संकट खड़ा हो गया है। तीन दिवसीय इस हड़ताल की वजह से गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, सोनीपत और रेवाड़ी समेत कई जिलों में बिजली और पानी की सप्लाई पूरी तरह चरमरा गई है। घरों में अंधेरा छाने के साथ-साथ उद्योगों पर भी इसका सीधा असर देखने को मिल रहा है। कर्मचारियों के 72 घंटे के इस कार्य बहिष्कार से आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।

साइबर सिटी में हाहाकार, पानी की किल्लत से बढ़े संकट| Haryana electricity employees strike

हड़ताल का सबसे तगड़ा असर साइबर सिटी गुरुग्राम में देखने को मिला है। यहां बुधवार देर रात से ही बड़े पैमाने पर पावर कट शुरू हो गया। गुरुवार रात 10 से 12 बजे के बीच महज दो घंटे के लिए बिजली आई, लेकिन इसके तुरंत बाद फिर गुल हो गई और पूरा शहर अंधेरे में डूब गया। सब-डिवीजन सेक्टर-2 ब्लॉक-बी, अशोक विहार फेज-2 व 3, सेक्टर-5, दयानंद कॉलोनी, सेक्टर-4, भीमगढ़ खेड़ी, पालम विहार सब-डिवीजन, सेक्टर-23, राजेंद्र पार्क, रतन विहार, विष्णु गार्डन और सेक्टर-105 जैसे घनी आबादी वाले इलाकों से सबसे ज्यादा शिकायतें आ रही हैं। बिजली न होने से मोटरें बंद पड़ी हैं, जिससे पीने के पानी के लिए भी हाहाकार मच गया है।

हालात को देखते हुए गुरुग्राम के डिप्टी कमिश्नर (डीसी) ने नागरिकों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। प्रशासन ने अपील की है कि किसी भी तरह की तकनीकी खराबी या पावर कट की सूचना इलेक्ट्रिसिटी हेल्पलाइन 1912 / 1800-180-4334 या WhatsApp नंबर 8813999708 और 9540954768 पर दें।

नूंह में 24 घंटे से बिजली गायब, रेवाड़ी और सोनीपत में हाईवे जाम

नूंह जिले में तो हालात और भी बदतर हैं, जहां पिछले करीब 24 घंटे से लगातार बिजली गायब है। आम जनता के साथ-साथ मवेशियों के पीने के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। बिजली उपकरण केवल शोपीस बनकर रह गए हैं और किसी भी हंगामे की आशंका को देखते हुए पुलिस बिजली दफ्तरों की सुरक्षा में तैनात है। उधर, रेवाड़ी में आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। पलहावास और आसपास के गांवों के लोगों ने सड़कों पर उतरकर नेशनल हाईवे 352 पर चक्का जाम कर दिया। इसी तरह सोनीपत में भी बिजली-पानी के संकट से परेशान लोगों ने दिल्ली रोड पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही सेक्टर-27 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शाम 4 बजे तक समाधान का भरोसा देकर बमुश्किल जाम खुलवाया।

अनिल विज बोले— ‘समाधान करीब’, दीपेंद्र हुड्डा ने कसा तंज

बढ़ते बवाल के बीच पंचकूला में बिजली मंत्री अनिल विज ने कर्मचारियों से हड़ताल खत्म करने की अपील की है। विज ने कहा कि इस विवाद का हल लगभग निकल चुका है और इस मसले पर मुख्यमंत्री से भी चर्चा हो चुकी है। उन्होंने बताया कि दोपहर 3 बजे कर्मचारी नेताओं के साथ बैठक बुलाई गई है, जिसमें बातचीत के जरिए रास्ता निकाला जाएगा।

वहीं, इस मुद्दे पर सियासत भी गरमा गई है। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सरकार को घेरते हुए तंज कसा और लिखा, “हरियाणा के सीएम हैं नायब, प्रदेश में बिजली है गायब.” फिलहाल सबकी नजरें सरकार और कर्मचारी यूनियनों के बीच होने वाली बैठक पर टिकी हैं।

 

 

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds