Maharashtra iPhone Case: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित खावड्या पहाड़ी पर एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत के मामले में हर दिन नए और चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। 18 वर्षीय कुणाल चंदगुड़े, उसके पिता मुरलीधर और मां संगीता की 400-500 फीट गहरी खाई में गिरने से हुई मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस जांच में अब यह नया मोड़ सामने आया है कि कुणाल ने साल 2025 में भी कथित तौर पर इसी पहाड़ी से कूदकर जान देने की कोशिश की थी। इस खुलासे के बाद पुलिस अब इस बात की तहकीकात कर रही है कि क्या यह भयानक कदम सिर्फ पिता के साथ iPhone की EMI को लेकर हुए झगड़े का नतीजा था या इसके पीछे कोई गहरा मानसिक तनाव या पारिवारिक वजह छिपी थी।
शुक्रवार सुबह पहाड़ी पर 3 घंटे तक चला हाई-वोल्टेज ड्रामा| Maharashtra iPhone Case
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह कुणाल का अपने पिता मुरलीधर के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह गुस्से में घर से निकलकर करीब 10 बजे खावड्या पहाड़ी पर पहुंच गया और सीधे 400 से 500 फीट गहरी खाई के मुहाने पर जाकर खड़ा हो गया। कुणाल करीब तीन घंटे तक खाई के खतरनाक किनारे पर ही डटा रहा। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिसकर्मी और फायर ब्रिगेड की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। सभी ने मिलकर कुणाल को समझाने और सुरक्षित पीछे खींचने की हर मुमकिन कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था।
मां करती रही मिन्नतें, बचाव दल की कोशिशें भी रहीं नाकाम
घटना का सबसे दर्दनाक और भावुक पहलू यह रहा कि कुणाल की मां संगीता पहाड़ी पर खड़े होकर लगातार अपने बेटे के सामने हाथ जोड़ती रहीं और पीछे हटने की गुहार लगाती रहीं। दूसरी तरफ रेस्क्यू टीम ने खाई के नीचे सुरक्षा जाल बिछाने की तैयारी शुरू की, लेकिन कुणाल लगातार अपनी जगह बदल रहा था। इससे बचाव दल के लिए ऑपरेशन चलाना और भी जटिल हो गया।
बेटे को बचाने की जंग में कुछ ही पलों में उजड़ गया पूरा परिवार
जब तमाम कोशिशों के बाद भी कुणाल पीछे नहीं हटा, तो उसके माता-पिता उसे पकड़कर सुरक्षित खींचने के लिए खुद आगे बढ़े। इसी दौरान अचानक पिता मुरलीधर का पैर फिसला और उनका संतुलन बिगड़ने से वे सीधे गहरी खाई में जा गिरे। पति और बेटे को बचाने की बदहवास कोशिश में मां संगीता का भी पैर फिसल गया और वे भी खाई में समा गईं। कुछ ही पलों में पूरा चंदगुड़े परिवार खत्म हो गया।
2025 के प्रयास की भी जांच, क्या सिर्फ iPhone EMI थी वजह?
जांच के दौरान जब पुलिस को पता चला कि कुणाल ने 2025 में भी इसी जगह से छलांग लगाने की कोशिश की थी, तो मामले की दिशा बदल गई। अब जांच अधिकारी यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या 18 साल का कुणाल लंबे समय से किसी गंभीर मानसिक दबाव या डिप्रेशन से जूझ रहा था। पुलिस पुराने घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ रही है ताकि यह साफ हो सके कि मोबाइल की किस्त का विवाद सिर्फ तात्कालिक कारण था या बात कुछ और थी।














































