Atif Aslam: क्या आतिफ असलम भारत को मिस करते हैं? भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के कारण सालों से पाकिस्तानी कलाकारों पर बैन लगा हुआ है। करीब 10 साल के इस गैप के बाद आतिफ असलम ने आखिरकार इस पर अपनी बात रखी है और भारतीय फैंस के लिए एक इमोशनल मैसेज दिया है। जो इस वक्त सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
दरअसल, उरी और पुलवामा हमलों के बाद देश में इन बड़े स्टार्स के इंस्टाग्राम प्रोफाइल्स को भी ब्लॉक करवा दिया गया था, जिसमें आतिफ असलम भी शामिल थे। पर भले ही आतिफ अब बॉलीवुड में गाना नहीं गा सकते, लेकिन उनके पुराने गाने आज भी फैंस के दिलों में राज करते हैं। तो चलिए इस लेख के जरिए जानते हैं आतिफ ने इस बैन और अपने फैंस को लेकर क्या-क्या बड़े खुलासे किए
और पढ़ें: मिर्जापुर के बाद अब Haiwaan की बारी, अक्षय-सैफ की साइको-थ्रिलर हैवान पर आया यह बड़ा अपडेट
Atif Aslam ने किया बड़ा खुलासा
एक हालिया इंटरव्यू में आतिफ असलम (Atif Aslam) से जब भारत में लगे इस बैन पर सवाल किया गया, तो उन्होंने बहुत ही बेबाकी और खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने भारत सरकार के फैसले का सम्मान करते हुए कहा कि, ‘भारत में मुझे बैन हुए करीब 10 साल हो चुके हैं। यह भारत सरकार का फैसला था कि पाकिस्तानी कलाकारों को बैन किया जाए। अब पाकिस्तान में भी भारतीय कलाकारों पर बैन है। इसलिए पिछले 10 साल से मैंने वहां कोई गाना नहीं गाया है।
उन्होंने अपने फैंस के लिए एक खास मैसेज देते हुए कहा, ‘इस बात का बुरा न मानें और उदास न हों। मैं हमेशा से आपको बताना चाहता था कि मैं आप लोगों को बहुत मिस करता हूँ। मुझे वहां काम करना याद नहीं आता, लेकिन आप लोग याद आते हैं।’
सिर्फ इतना ही नहीं, आतिफ ने उन लोगों का शुक्रिया भी अदा किया जिन्होंने उन पर बैन लगाया था। उनका मानना है कि अगर यह बैन नहीं लगा होता, तो वह बॉलीवुड के बिजी शेड्यूल से बाहर नहीं निकल पाते। इस ब्रेक की वजह से ही वह खुद को तलाश पाए और अपना खुद का स्वतंत्र संगीत (Independent Music) बना पाए।
2005 में इस गाने से रखा था बॉलीवुड में कदम
इंटरव्यू के दौरान आतिफ (Atif Aslam) ने एक और दिलचस्प खुलासा किया। उन्होंने बताया कि आज भी उनके भारतीय फैंस उनके नए गानों को सुनने के लिए VPN का इस्तेमाल करते हैं या फिर पायरेसी के जरिए सीडी बनाकर दूसरों को बांटते हैं। आतिफ ने हंसते हुए कहा कि हालांकि वह पायरेसी का समर्थन नहीं करते, लेकिन संगीत को जहां पहुंचना होता है, वह अपनी राह खुद ढूंढ लेता है।
यह बात किसी से छुपी नहीं है कि आतिफ असलम की आवाज का भारत में एक अलग ही जादू रहा है। साल 2005 में फिल्म ‘जहर’ के गाने ‘वो लम्हे’ से बॉलीवुड में कदम रखने वाले आतिफ देखते ही देखते हर भारतीय युवा के पसंदीदा सिंगर बन गए थे।
इसके बाद उन्होंने ‘आदतें’, ‘तेरा होने लगा हूँ’, ‘पी लू’, ‘जीने लगा हूँ’ और ‘दिल दियां गल्लां’ जैसे एक से बढ़कर एक ब्लॉकबस्टर गाने दिए। उनकी रोमांटिक और दर्दभरी आवाज सीधे लोगों के दिलों को छूती थी। यही वजह है कि भारत में करीब 10 साल से बैन होने के बावजूद आज भी उनका स्टारडम कम नहीं हुआ है। पुराने गानों के साथ-साथ उनके नए गानों का भी भारतीय फैंस को बेसब्री से इंतजार रहता है।
तो आतिफ असलम (Atif Aslam) के इस बयान से साफ है कि सरहदें भले ही कलाकारों को रोक दें, लेकिन फैंस का सच्चा प्यार और संगीत का जादू सीमाओं को नहीं मानता। 10 साल के इस लंबे बैन के बाद भी आज उनका क्रेज भारत में वैसा ही बना हुआ है।आतिफ असलम का कौन सा गाना आज भी आपका ऑल-टाइम फेवरेट है? और क्या आपको भी लगता है कि कला और संगीत को राजनीति से दूर रखना चाहिए?












































