Loni News: उत्तर प्रदेश में गुंडागर्दी के हौसले पस्त होने के बजाय सातवें आसमान पर हैं। दिन-दहाड़े कार्यालय में घुसकर हमला करना और कानून को ठेंगा दिखाना अब आम बात होती जा रही है। अपराध पर जीरो टॉलरेंस का दावा करने वाले उत्तर प्रदेश में बेखौफ बदमाशों ने कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दी हैं। क्या यही है ‘बुलडोजर बाबा’ का भयमुक्त शासन? जिसका दम भरा जाता है। क्या वाकई अपराधी बेलगाम हो चुके हैं? तो आम आदमी खुद को सुरक्षित कैसे समझे? गाजियाबाद के लोनी इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और हिंसक मामला सामने आया है। यहां एक यूट्यूबर के ऑफिस में घुसकर दो लोगों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
ऑफिस में घुसकर किया हमला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह जानलेवा हमला यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हुआ है। घटना 27 फरवरी की सुबह, लोनी के अली गार्डन स्थित उनके दफ्तर में अंजाम दी गई। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि सलीम अपने ऑफिस में सोफे पर आराम कर रहे थे। तभी हेलमेट पहने दो नकाबपोश वहां दाखिल हुए। सलीम ने जब उनसे आने का कारण पूछा, तो हमलावरों ने ‘बात करने’ का बहाना बनाया। जैसे ही सलीम ने उन्हें बैठने का इशारा किया, उन दरिंदों ने उन पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया।
अचानक शुरू हुआ हमला
वीडियो में देखा जा सकता है कि बातचीत के बहाने अंदर आए हमलावरों में से एक ने अचानक जेब से धारदार हथियार निकाल लिया। दूसरे हमलावर ने तुरंत सलीम के हाथ पकड़ लिए। इसके बाद हमलावर ने उनके गले पर लगातार वार करना शुरू कर दिया। हमले के दौरान सलीम मदद के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन हमलावर नहीं रुके। कुछ देर बाद एक हमलावर ने उन्हें पकड़े रखा और दूसरा किसी भारी और नुकीली चीज से उनके पेट और पीठ पर वार करता रहा। बताया जा रहा है कि घटना का वीडियो काफी हिंसक है, इसलिए उसे सार्वजनिक रूप से दिखाना संभव नहीं है।
विवादित वीडियो को लेकर भी चर्चा
स्थानीय लोगों के मुताबिक बता दें कि सलीम वास्तिक अपने यूट्यूब चैनल पर एक विशेष धर्म से जुड़े विवादित वीडियो बनाते थे, जिसकी वजह से पहले भी विवाद की स्थिति बन चुकी थी। हालांकि पुलिस अभी इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
दोनों आरोपी मुठभेड़ में ढेर
घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली। दोनों हमलावर सगे भाई निकले। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान जीशान और गुलफाम के रूप में हुई। दोनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। 1 मार्च को पुलिस ने लोनी इलाके में हुई मुठभेड़ में छोटे भाई जीशान को मार गिराया। इसके बाद मुख्य आरोपी गुलफाम की तलाश जारी रही।
इंदिरापुरम में दूसरी मुठभेड़
मंगलवार रात इंदिरापुरम इलाके में पुलिस को सूचना मिली कि गुलफाम वहां मौजूद है। पुलिस ने इलाके में चेकिंग शुरू की। रात करीब 9:15 बजे वसुंधरा के पास पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें गुलफाम घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए।
गांव में पसरा सन्नाटा
गुलफाम और जीशान मूल रूप से अमरोहा जिले के सैदनगली इलाके के रहने वाले थे। दोनों भाइयों की मौत की खबर के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल बताया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी ने भी जताई नाराजगी
घटना के बाद योगी आदित्यनाथ ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना को लेकर इलाके में सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
