आजमगढ़ में महामृत्युंजय जाप के दौरान खूनी तांडव: पत्नी, दो पुरोहितों और मासूम बेटे समेत 5 की मौत| Azamgarh firing crime news

Nandani | Nedrick News Azamgarh Published: 24 सितम्बर 2026, 08:37 PM Updated: 24 सितम्बर 2026, 08:37 PM
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google

Azamgarh firing crime news: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में घर के भीतर चल रही पूजा के दौरान अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी। यहां अरविंद सिंह नाम के शख्स ने मामूली विवाद में अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर निकालकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस सनसनीखेज हमले में आरोपी की पत्नी और पूजा करा रहे दो पुरोहितों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने अपने ही तीन मासूम बच्चों को कमरे में बंधक बना लिया। देर रात चले खौफनाक रेस्क्यू ऑपरेशन में पुलिस की जवाबी गोलीबारी में आरोपी अरविंद मारा गया, जबकि बाद में अस्पताल में उसके 8 साल के घायल बेटे ने भी दम तोड़ दिया। इस दिल दहला देने वाले खूनी खेल में अब तक कुल पांच लोगों की जान जा चुकी है।

और पढ़ें: जमुई में छात्रा को गोद में उठाकर झाड़ियों की ओर भागे दरिंदे! 10वीं के छात्र की बहादुरी और राहगीरों की ललकार से बची आबरू| Jamui minor girl molestation

महामृत्युंजय जाप और पहचान पत्र पर भड़का विवाद| Azamgarh firing crime news

इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना के पीछे की कहानी आरोपी अरविंद की मां श्यामबला देवी के बयान से सामने आई है। उन्होंने बताया कि अरविंद की मानसिक और शारीरिक सलामती के लिए ही उसकी पत्नी बबीता सिंह पिछले तीन दिनों से तीन पुरोहितों को बुलाकर घर में महामृत्युंजय का अनुष्ठान करवा रही थी। कल शाम करीब 5:30 बजे अरविंद जैसे ही घर पहुंचा, उसने पूजा करा रहे पुरोहितों से सवाल-जवाब शुरू कर दिया और उनका पहचान पत्र मांगने लगा। जब पत्नी बबीता ने घर आए पुरोहितों के इस तरह अपमान किए जाने का कड़ा विरोध किया, तो अरविंद आपा खो बैठा। गुस्से में आकर उसने सबसे पहले अपनी पत्नी पर गोली चला दी, जिससे उसकी जान चली गई।

दो पुरोहितों की हत्या, एक ने भागकर बचाई जान

पत्नी को लहूलुहान देख पूजा करा रहे पुरोहित जान बचाकर बाहर की तरफ भागे। लेकिन सिर पर खून सवार अरविंद ने उनका पीछा किया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोली लगने से पंडित महेंद्र पाठक समेत दो पुरोहितों की वहीं मौत हो गई, जबकि तीसरा पुरोहित किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहा।

वारदात को अंजाम देने के बाद अरविंद अपने 8 साल के बेटे शौर्य, 5 साल की बेटी परी और महज 6 महीने की दूधमुंही बच्ची को लेकर एक कमरे में बंद हो गया। उसके पास तीन लाइसेंसी हथियार और दर्जनों जिंदा कारतूस मौजूद थे, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई।

भाई की हत्या का दर्द और पुरानी रंजिश का साया

मां श्यामबला देवी के मुताबिक, अरविंद के इस हिंसक रूप के पीछे परिवार का एक पुराना और खौफनाक अतीत भी जुड़ा हुआ था। उन्होंने बताया कि साल 2015 में बबीता ने पड़ोस के दो लोगों के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था, जिसमें अदालत ने दोनों को 20-20 साल की सजा सुनाई थी। उस मुकदमे की अहम सुनवाई से ठीक पहले 12 अक्टूबर 2018 को अरविंद के बड़े भाई सुनील सिंह की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी, जिसका मामला अभी भी अदालत में चल रहा है।

बड़े भाई की मौत के बाद से ही अरविंद गहरे मानसिक तनाव और डर के साए में जी रहा था। जिस रिवाल्वर से उसने इस पूरी वारदात को अंजाम दिया, वह भी उसके दिवंगत भाई सुनील सिंह के नाम पर ही थी, जो बाद में अरविंद के नाम ट्रांसफर हुई थी।

आधी रात का रेस्क्यू ऑपरेशन और एनकाउंटर

कमरे में मासूम बच्चों को बंधक बनाए जाने की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। जब पुलिस टीम ने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए कमरे का दरवाजा तोड़ा, तो अरविंद ने पुलिस पर भी गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। हालांकि, कमरे के भीतर घायल मिले उसके 8 साल के बेटे शौर्य ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बाकी दोनों बच्चियों को बचा लिया गया है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है, वहीं एहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल तैनात है।

और पढ़ें: पाकिस्तान से आई सुपारी, साबित करनी थी वफादारी! जानिए अमृतसर में ASI को मारने वाले शूटर के एनकाउंटर का सच| Amritsar ASI murder encounter

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds