Abhijeet Dipke detention video: राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके की पुलिस हिरासत को लेकर विवाद अब और गहरा गया है। दिपके की दादी के निधन के बाद उपजे विवाद के बीच दिल्ली पुलिस ने रविवार को एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में महिला पुलिसकर्मी दिपके को उनकी दादी के निधन की जानकारी देते हुए महाराष्ट्र स्थित उनके पैतृक गांव जाने के लिए फ्लाइट, बस और फोन कॉल की मदद की पेशकश करती नजर आ रही हैं। हालांकि, पुलिस के अनुसार दिपके ने यह सहायता लेने से साफ मना कर दिया और बार-बार कहा कि वे यहीं रुकेंगे। वहीं, वीडियो सामने आने के बाद दिपके ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्हें अपने फोन से परिवार या वकील से बात तक करने की इजाजत नहीं दी गई।
वीडियो में क्या है बातचीत? Abhijeet Dipke detention video
दिल्ली पुलिस द्वारा जारी वीडियो में एक पुलिस अधिकारी दिपके से कहती दिखती हैं कि उनकी दादी अब इस दुनिया में नहीं रहीं। संवेदना जताते हुए वे पूछती हैं कि क्या वे अंतिम संस्कार में शामिल होने महाराष्ट्र जाना चाहते हैं और इसके लिए टिकट या ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था में पुलिस मदद कर सकती है।
इस पर दिपके जवाब देते हैं, “I’ll stay (मैं यहीं रुकूंगा)।” पुलिसकर्मी जब दोबारा पुष्टि करती हैं, तो वे फिर यही दोहराते हैं। इसके बाद जब उनसे पिता से बात करने को कहा गया, तो दिपके कहते हैं, “पिता से बात नहीं कर पाऊंगा… मुझसे कोई… नहीं, फ्यूनरल करा दो। आज ही कर दो।” पुलिसकर्मी उन्हें बताती हैं कि अंतिम संस्कार अगले दिन तय है और वे चाहें तो घर जा सकते हैं। दिपके के इनकार करने पर पुलिसकर्मी कहती हैं कि अगर उनका इरादा बदले तो वे बता सकते हैं।
अभिजीत दिपके का पलटवार: ‘वकील और भाई से बात तक नहीं करने दी’
वीडियो सार्वजनिक होने के बाद अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी बात रखते हुए पुलिस के दावों पर सवाल खड़े किए। दिपके ने आरोप लगाया कि उन्हें अपने फोन का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने सिर्फ कुछ मिनटों के लिए अपना फोन मांगा था ताकि दादी के साथ रहने वाले चचेरे भाई का नंबर निकाल सकें।
दिपके ने आगे कहा कि उनका वकील से संपर्क करने का अनुरोध भी ठुकरा दिया गया। उन्होंने रात करीब 3:30 बजे पिता से बात कराने की पेशकश पर भी कड़ा ऐतराज जताया। दिपके का कहना था कि उनके पिता अपनी मां को खोने के गहरे सदमे में थे, ऐसे में आधी रात को उन्हें यह बताने के लिए फोन करने को कहा गया कि बेटे को अगले दिन लंबी जेल हो सकती है। दिपके के मुताबिक, इससे उनके परिवार को और ज्यादा मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी।
परिवार के आरोपों के बाद पुलिस ने सामने रखा वीडियो
अभिजीत दिपके की 85 वर्षीय दादी सावित्रीबाई शंकरराव दिपके का शनिवार को महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के संतुक पिंपरी गांव में उम्र संबंधी बीमारियों के चलते निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार रविवार सुबह 10 बजे होना था। इससे पहले दिपके की मां अनीता दिपके ने आरोप लगाया था कि परिवार को यह भी नहीं पता कि बेटे को मौत की खबर मिली है या नहीं, और बेटे के आने की उम्मीद में अंतिम संस्कार को टाला गया था।
दिल्ली पुलिस की डीसीपी नेहा यादव के अनुसार, सूचना मिलते ही दिपके को तुरंत अवगत कराया गया था और हवाई टिकट सहित तमाम सहायता की पेशकश की गई थी, लेकिन उन्होंने खुद मदद लेने से इनकार किया। फिलहाल, दोनों पक्षों के बयानों के बाद यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है।












































