इटली में मेलोनी सरकार का बड़ा फैसला: स्कूलों में बुर्का और नकाब पहनने पर लगा प्रतिबंध| Italy School Burqa Ban

[nedrick_meta]
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google
[modern_share]

Italy School Burqa Ban: इटली की संसद ने देश की शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए स्कूलों के भीतर बुर्का और नकाब पहनने पर पूरी तरह पाबंदी लगाने वाले कानून पर मुहर लगा दी है। प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की सरकार के शिक्षा सुधार एजेंडे के तहत लाए गए इस कानून में न केवल चेहरा ढकने वाले परिधानों पर रोक लगाई गई है, बल्कि स्कूलों की पहली कक्षा में विदेशी मूल के बच्चों के दाखिले की सीमा भी कुल छात्रों के 30 फीसदी तक तय कर दी गई है। अगर कोई छात्रा स्कूल में इस नए नियम का उल्लंघन करती है, तो उस पर 1,000 यूरो (भारतीय मुद्रा में लगभग 1.1 लाख रुपये) तक का भारी जुर्माना लगाया जा सकता है।

संसद के निचले सदन में 26 नवंबर को इस विधेयक पर वोटिंग हुई, जिसमें इसके समर्थन में 142 वोट पड़े, जबकि 112 सांसदों ने इसका विरोध किया। वहीं, चार सांसद मतदान से दूर रहे। इससे पहले 20 नवंबर को संसद के ऊपरी सदन से भी इस बिल को मंजूरी मिल चुकी थी।

और पढ़ें: कोविड वैक्सीन के साइड इफेक्ट्स की बात दबाने का था प्रेशर…जकरबर्ग के पुराने बयान को मिला एलन मस्क का साथ| Covid Vaccine Side Effects

स्कूलों में चेहरा ढकने पर सख्त रोक, अभिभावकों को भरना होगा जुर्माना| Italy School Burqa Ban

नए कानून के प्रावधानों के अनुसार, छात्र स्कूल में पढ़ाई या किसी भी अन्य गतिविधि के दौरान ऐसा कोई कपड़ा नहीं पहन सकेंगे, जिससे उनका चेहरा छिपता हो। इस पाबंदी के दायरे में मुख्य रूप से बुर्का और नकाब शामिल हैं।

  • बुर्के में महिला का पूरा शरीर और चेहरा ढका रहता है और आंखों के सामने जाली लगी होती है, जबकि नकाब में पूरा चेहरा ढका होता है और सिर्फ आंखें नजर आती हैं।
  • इस फैसले का सीधा असर खासतौर पर मुस्लिम छात्राओं पर पड़ेगा।
  • नियम तोड़ने पर 1,000 यूरो तक का जुर्माना भरना होगा। यदि नियम का उल्लंघन करने वाली छात्रा नाबालिग है, तो यह जुर्माना उसके माता-पिता या कानूनी अभिभावक से वसूला जाएगा।

पहली कक्षा में विदेशी छात्रों के लिए 30% की सीमा तय

इस कानून का दूसरा बड़ा हिस्सा स्कूलों में विदेशी मूल के बच्चों की संख्या से जुड़ा है। नए नियमों के मुताबिक, अब किसी भी स्कूल की पहली कक्षा में विदेशी मूल के विद्यार्थियों की संख्या कुल छात्रों के 30 प्रतिशत से अधिक नहीं हो पाएगी। हालांकि, सरकार ने इसमें एक बड़ी राहत भी दी है जिन विदेशी बच्चों को इतालवी भाषा (इटालियन) अच्छी तरह बोलनी और समझनी आती है, उन्हें 30 फीसदी की इस सीमा से छूट मिलेगी।

इसके अलावा, मेलोनी सरकार ने विदेशी मूल के माता-पिता के लिए इतालवी भाषा सिखाने वाली विशेष कक्षाएं शुरू करने की भी योजना बनाई है। सरकार का मानना है कि भाषा सीखने से विदेशी बच्चों और उनके परिवारों को स्कूल के माहौल और स्थानीय समाज में आसानी से घुलने-मिलने में मदद मिलेगी।

विपक्ष ने लगाया भेदभाव का आरोप, सरकार ने गिनाए सुधार के फायदे

संसद में विपक्षी सांसदों ने इस कानून का कड़ा विरोध किया। उन्होंने सदन के अंदर पोस्टर दिखाकर नाराजगी जताई और कहा कि ‘स्कूलों में कोई विदेशी नहीं होता’। विपक्ष का आरोप है कि सरकार के ये फैसले विदेशी परिवारों और मुस्लिम छात्रों के साथ भेदभाव को बढ़ावा दे सकते हैं, जिससे बच्चों के बीच दूरियां बढ़ेंगी।

दूसरी ओर, सरकार ने अपने इस कदम का बचाव करते हुए कहा कि यह किसी के खिलाफ नहीं, बल्कि 2026-27 के शैक्षणिक सत्र को बेहतर बनाने और राष्ट्रीय सुधार एवं विकास योजना (PNRR) के तहत शिक्षा प्रणाली में सुधार करने के उद्देश्य से लाया गया है।

और पढ़ें: बांग्लादेश की बदहाली ने खोली भारत की किस्मत: जारा और H&M समेत आधा दर्जन विदेशी ब्रांड्स ने तोड़ा नाता| Bangladesh Textile Crisis 2026

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds