Mayawati Slams SP Manifesto: उत्तर प्रदेश की सियासत में समाजवादी पार्टी (सपा) के चुनावी घोषणापत्र ‘जन-मन का मैनिफेस्टो 2027’ को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा गुरुवार को जारी किए गए इस घोषणापत्र पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सुप्रीमो मायावती ने तीखा पलटवार किया है। मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सपा के वादों को पूरी तरह कोरा हवाहवाई बताया और कहा कि यह घोषणापत्र ‘थोथा चना बाजे घना’ की कहावत को ही सच साबित करता है।
बसपा प्रमुख ने सपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इस पार्टी का स्वभाव, चरित्र और चेहरा हमेशा से गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिम समाज के हितों के खिलाफ रहा है। मायावती ने तंज कसते हुए कहा कि सपा का यह दस्तावेज ‘जन-मन’ नहीं, बल्कि असल में ‘धन-मन वादी’ घोषणापत्र है, जिससे जनता को पूरी तरह सावधान रहने की जरूरत है।
राज्यसभा चुनाव का जिक्र कर पीडीए के दावे पर उठाए सवाल| Mayawati Slams SP Manifesto
मायावती ने पांच अलग-अलग बिंदुओं के जरिए सपा की नीतियों और नीयत पर गंभीर सवाल खड़े किए:
- धन्नासेठों को प्राथमिकता: मायावती ने कहा कि सपा का रवैया जगजाहिर तौर पर जातिवादी और बड़े पूंजीपतियों (धन्नासेठों) का समर्थक रहा है। इसका ताजा उदाहरण हाल ही में यूपी से राज्यसभा के लिए हुए द्विवार्षिक चुनावों में देखने को मिला, जहां सपा ने कथित पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग को आगे बढ़ाने के बजाय बड़े धन्नासेठ को प्राथमिकता दी। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी नीतियों से क्या कभी प्रदेश की गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन और पलायन जैसी गंभीर समस्याएं दूर हो पाएंगी?
- धनबल और बाहुबलियों को टिकट देने का आरोप: बसपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि सपा चुनाव मैदान में समाज के अच्छे और ईमानदार लोगों के बजाय धनवानों और बाहुबलियों को ही टिकट देगी, जिन्हें देश या जनहित की चिंता कम और अपने निजी स्वार्थ की फिक्र ज्यादा रहती है।
हर हाथ को काम और कानून का राज सिर्फ बसपा की पहचान
अपनी पार्टी के शासनकाल की उपलब्धियों को याद दिलाते हुए मायावती ने कहा कि ‘हर हाथ को काम’ और ‘कानून द्वारा कानून का राज’ असल में पूरी तरह बसपा के सिद्धांत और नीतियां हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में अब तक रही बसपा की चारों सरकारों ने सर्वसमाज और सर्वजन-हितैषी एजेंडे को पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ जमीन पर उतार कर दिखाया है। मायावती के मुताबिक, ऐसा शासन देना विरोधी दलों खासकर सपा, कांग्रेस और भाजपा के बस की बात नहीं है और यह बात प्रदेश की जनता भी अच्छी तरह जानती है।
आरक्षण विरोधी रवैये और दंगों के पुराने दाग याद दिलाए
अपने बयान के अंत में मायावती ने सपा के पुराने कार्यकाल की याद दिलाते हुए कहा कि अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और पिछड़ा वर्ग (OBC) के आरक्षण के प्रति सपा का रवैया हमेशा विरोधी रहा है। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश को जातिवादी नफरत और दंगों की आग में झोंकने तथा जनकल्याण के अहम मुद्दों पर जो धब्बे सपा के दामन पर लगे हैं, उन्हें जनता भला कैसे भुला पाएगी? मायावती ने दो टूक कहा कि सपा के सारे वादे, दावे और घोषणाएं महज एक चुनावी छल और छलावा हैं, इसलिए प्रदेश के लोगों को इनके झांसे में आने से बचना चाहिए।














































