5-स्टार होटल में हुई शर्मनाक करतूत से लेकर मिठाई दुकानदार से मारपीट और CM योगी से बच्चों की गुहार तक | Top 5 Ghaziabad News

[nedrick_meta]
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google
[modern_share]

Top 5 Ghaziabad News: गाजियाबाद शहर की उन पांच बड़ी खबरों की, जो सीधे आपसे और सिस्टम की कार्यप्रणाली से जुड़ी हैं। सबसे पहले जानेंगे कि कैसे गोविंदपुरम में एक दबंग ने बाउंसरों के साथ मिलकर बुजुर्ग मिठाई व्यापारी पर कहर बरपाया। इसके बाद कौशांबी के एक 5-स्टार होटल की शर्मनाक करतूत की, जहां अभद्र टिप्पणी से आहत एक रूसी महिला को इंसाफ के लिए अदालत की शरण लेनी पड़ी है।

कैसे हरनंदी नदी में एसटीपी का गंदा पानी छोड़े जाने को लेकर प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं, तो वहीं खोड़ा के मासूम बच्चों ने बदहाल सड़क और जलभराव से परेशान होकर सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भावुक गुहार लगाई है।

और आखिर में बात करेंगे बिजली विभाग की उस लापरवाही की, जिससे दिसंबर में बड़े उपभोक्ताओं की बिलिंग व्यवस्था पर बड़ा संकट मंडराने लगा है। तो चलिए इस लेख के जरिए इन सभी खबरों को विस्तार से जानते हैं ।

और पढ़ें: हाउस टैक्स OTS की बढ़ी तारीख से लेकर 19 को लगेगा परिवहन मेला तक | Top 5 Ghaziabad News

मिठाई दुकानदार से मारपीट

गाजियाबाद की पहली खबर कविनगर थाना क्षेत्र के गोविंदपुरम से है, जहां अग्रवाल स्वीट्स पर एक ग्राहक द्वारा अपने साथ तीन बाउंसरों को ले जाकर बुजुर्ग दुकानदार के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। इस पूरी घटना का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, नीरज चौधरी नाम के एक युवक ने दीपावली के दौरान इस दुकान से मिठाई खरीदी थी और उसे आगे किसी को गिफ्ट में दिया था। दिवाली बीतने के कई दिन बाद युवक दुकान पर पहुंचा और मिठाई खराब निकलने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे समाज में उसकी प्रतिष्ठा खराब हुई है।

आरोपी युवक अपने साथ तीन बाउंसरों और कुछ अन्य युवकों को लेकर दुकान में घुसा था। बुजुर्ग दुकानदार द्वारा अपनी गलती स्वीकार करने और मामला शांत करने की कोशिश करने के बावजूद आरोपी ने जमकर गालियां दीं। उसने दुकानदार का गिरेबान पकड़कर काउंटर से बाहर खींचने की कोशिश की और बाउंसरों ने भी आक्रामक रुख अपनाते हुए व्यापारी का हाथ पकड़कर मारपीट की।

घटना के समय दुकान में एक महिला ग्राहक भी खरीदारी कर रही थी। दबंगों का यह हंगामा और गाली-गलौज देखकर वह घबरा गई और तुरंत दुकान से बाहर निकल गई।

पुलिस की कार्रवाई

पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। एसीपी कविनगर अभय राजेंद्र डागा ने बताया कि पुलिस ने वायरल फुटेज का संज्ञान लिया है और पीड़ित व्यापारी की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

 5-स्टार होटल में रूसी महिला से अभद्रता (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की दूसरी खबर कौशांबी से है, जहां 5-स्टार होटल के कर्मचारियों पर एक रूसी महिला ने अभद्र टिप्पणी करने और चरित्र पर सवाल उठाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस द्वारा एफआईआर (FIR) दर्ज न किए जाने के बाद पीड़िता ने न्याय के लिए गाजियाबाद की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) अदालत का दरवाजा खटखटाया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह रूसी महिला अपने भारतीय मूल के मंगेतर के साथ कौशांबी स्थित एक 5-स्टार होटल में गई थी। महिला का आरोप है कि होटल के एक कर्मचारी ने उनकी राष्ट्रीयता के आधार पर भेदभाव करते हुए सीधे पूछ लिया कि “क्या आप देह व्यापार करती हैं?” इसके अलावा एक अन्य कर्मचारी ने यह भी कहा कि यह होटल परिवार के लोगों के ठहरने के लिए है और उनके जैसी महिला के लिए नहीं है।

इस घटना के बाद 14 नवंबर को होटल प्रबंधन ने महिला से संपर्क किया था। हालांकि, पीड़िता का कहना है कि प्रबंधन ने उनके सवालों और शिकायत पर कोई स्पष्ट लिखित जवाब नहीं दिया।

पुलिस से नहीं मिली मदद

दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, महिला ने मामले की शिकायत कौशांबी थाने और महिला थाने में की थी। इसके बाद 17 नवंबर को उन्होंने गाजियाबाद के पुलिस आयुक्त (Police Commissioner) से भी गुहार लगाई, लेकिन पुलिस ने उनकी एफआईआर दर्ज नहीं की।

पुलिस से कार्रवाई न होने पर महिला ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। महिला को 29 नवंबर को वापस दुबई लौटना है, इसलिए उन्होंने अपनी वापसी से पहले अदालत से मामले में शीघ्र और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

हरनंदी में गंदा पानी (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की तीसरी खबर हरनंदी नदी में बढ़ते प्रदूषण और नियमों की अनदेखी से जुड़ी है, जहां करहेड़ा-मोरटी एसटीपी से बिना शोधित किया हुआ गंदा पानी सीधे नदी में छोड़े जाने का गंभीर आरोप लगा है। इस लापरवाही को लेकर पुरबिया जनकल्याण परिषद ने प्रशासन से शिकायत कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, पुरबिया जनकल्याण परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता जय दीक्षित ने बताया कि छठ पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए हरनंदी नदी में गंगनहर से गंगाजल छोड़ा जा रहा था। इसी दौरान एसटीपी से हर घंटे दूषित पानी नदी में छोड़ा जाने लगा, जिससे श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी है। परिषद के पदाधिकारियों ने मौके से इसका वीडियो बनाकर प्रशासन को सौंपा है।

जल निगम ने आरोपों से किया इनकार

दूसरी तरफ, जल निगम के अधिशासी अभियंता अरुण प्रताप सिंह ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि एसटीपी से किसी भी तरह का अपशिष्ट पानी नदी में नहीं छोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि हरनंदी में नौ नालों का पानी जाता है, जिनमें से दो नालों की टैपिंग का काम विभाग करा रहा है और बाकी के लिए नमामि गंगे के तहत प्रस्ताव भेजा गया है।

खोड़ा के बच्चों की CM योगी से अपील (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की चौथी खबर खोड़ा-मकनपुर से है, जहां आदर्श मॉडर्न पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों का एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में स्कूली बच्चे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से स्कूल के बाहर की बदहाल सड़क और जलभराव की समस्या को दूर करने की गुहार लगाते हुए कह रहे हैं कि “योगी जी, अब सबकुछ आपके ऊपर है”।

जानकारी के अनुसार, खोड़ा नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर-12 में स्थित स्कूल के बाहर की गली में लंबे समय से गंदा पानी भरा हुआ है। आरोप है कि समस्या के समाधान के लिए जमीन के अंदर पाइपलाइन डालने के बजाय सड़क के ऊपर ही खुले पाइप बिछा दिए गए हैं। स्कूल आते-जाते समय छोटे बच्चे आए दिन इन पाइपों में फंसकर गिर जाते हैं और चोटिल हो रहे हैं।

28 नवंबर से पहले समाधान की मांग

बच्चों ने मुख्यमंत्री से 28 नवंबर से पहले इस गली को बनवाने की अपील की है, ताकि स्कूल में होने वाले आगामी कार्यक्रमों और उनकी पढ़ाई में कोई बाधा न आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका में कई बार शिकायत करने के बाद भी सुनवाई न होने पर बच्चों ने यह वीडियो जारी किया है।

बिजली बिल का नया संकट (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की पांचवीं खबर बिजली विभाग से जुड़ी है, जहां बड़े बिजली उपभोक्ताओं की बिलिंग व्यवस्था पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड यानी पीवीवीएनएल (PVVNL) में 50 किलोवाट से अधिक लोड वाले उपभोक्ताओं के यहां लगे एएमआर सिस्टम का टेंडर दिसंबर में समाप्त हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, एएमआर सिस्टम का संचालन करने वाली कंपनी का कार्यकाल दिसंबर में पूरा होने जा रहा है, जबकि दूसरी ओर इन बड़े उपभोक्ताओं के परिसरों में स्मार्ट मीटर लगाने की रफ्तार बेहद धीमी है।

समय पर बिल जारी होने पर संकट

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि टेंडर खत्म होने तक स्मार्ट मीटर लगाने का काम पूरा नहीं हुआ, तो बड़े उपभोक्ताओं की मीटर रीडिंग और समय पर बिल जारी करने की पूरी व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। ऐसे में विभाग के सामने जल्द से जल्द स्मार्ट मीटर लगाने या वैकल्पिक व्यवस्था करने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

Rajni

rajni@nedricknews.com

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds